कौन हैं आर साईं किशोर और शाहरुख, जिन्हें वेस्टइंडीज़ सीरीज़ में एंट्री मिली!
शाहरुख को तो पहचानते हैं लेकिन साईं किशोर का पता है.
Advertisement

तमिल नाडु के खिलाड़ी साईं किशोर (बाएं) और शाहरुख खान (पीटीआई)
शाहरुख खान और आर साईं किशोर. दो ऐसे नाम जिन्होंने वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ T20 सीरीज़ के लिए भारतीय टीम के स्टैंड-बाई में जगह बना ली है. यानि दोनों खिलाड़ी रोहित और विराट के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करेंगे. तमिलनाडु के इन दो खिलाड़ियों के लिए ये एक सपने जैसा पल है. शाहरुख खान ने सिर्फ एक सीजन में ऐसा खेल दिखाया कि उन्हें टीम इंडिया से बुलावा आ गया. वहीं साईं किशोर को तो IPL टिकट से पहले ही टीम इंडिया से बुलाया आ गया. आइये जानते हैं कौन हैं ये दोनों खिलाड़ी जिन्हें वेस्टइंडीज़ के खिलाफ़ टीम में चुना गया है. इस स्टोरी में हम आपको बताएंगे कि कहां से इन दोनों खिलाड़ियों को असली पहचान मिलनी शुरू हुई.
#TNPL से बनाया नाम
टीम इंडिया में पहुंचे इन दोनों ही खिलाड़ियों को पहली बड़ी पहचान तमिल नाडु प्रीमियर लीग से मिली. 2016 में शाहरुख अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए थे. लेकिन उसी साल उन्हें तमिलनाडु की विजय हज़ारे टीम में चुन लिया गया. जिसके कुछ समय बाद ही उन्होंने तमिलनाडु T20 टीम में भी जगह बना ली. लेकिन उनका पहला सीज़न भूलने लायक रहा. साल 2018 के सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शाहरुख़ ने नौ मैच में 325 रन बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया. वहीं बात साईं किशोर की करें तो उन्होंने TNPL के पहले सीजन में ही ऐसा बेमिसाल प्रदर्शन किया कि सभी की निगाहें उन पर आ टिकीं. वे इस सीज़न में 14 विकेट के साथ चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे. अगले सीज़न में फिर साईं ने बेमिसाल प्रदर्शन किया. उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 17 विकेट निकाले. इन्हीं बेहतरीन प्रदर्शन के चलते किशोर ने तमिल नाडु की विजय हज़ारे टीम में अपनी जगह बनाई और तब से वो लगातार डॉमेस्टिक क्रिकेट में टीम के अहम गेंदबाज़ रहे हैं.
# तमिलनाडु को बनाया T20 चैंपियन
बीते साल 2021 नवंबर में तमिल नाडु की टीम ने एक बेहद रोमांचक फाइनल में कर्नाटक को चार विकेट से हराकर अपना सैय्यद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी का खिताब जीता था. ये तमिलनाडु का तीसरा टाइटल था. शाहरुख़ और किशोर ने इस टूर्नामेंट को जीतने में अहम भूमिका निभाई. फाइनल मैच में जीत की नींव रखने वाले खिलाड़ी साईं ही थे. साईं ने इस मैच में चार ओवर में महज़ 12 रन देकर तीन बहुमूल्य विकेट भी चटकाए थे. फाइनल में टीम को चैम्पियन बनाने की शुरुआत किशोर ने की तो अंत शाहरुख़ ने. शाहरुख़ ने इस मैच में अंत में आकर 15 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली. जिसमें उन्होंने एक चौका और तीन बड़े छक्के लगाए. इनमें से एक छक्का मैच की आखिरी गेंद पर आया वो भी उस समय जब तमिल नाडु को जीतने के लिए आखिरी गेंद पर पांच रन चाहिए थे. शाहरुख़ के इस परफॉरमेंस के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया. दोनों ही खिलाड़ियों को अब अपनी मेहनत का फल मिलता दिखाई दे रहा है. शाहरुख़ अपनी सिक्स हीटिंग एबिलिटी के चलते IPL तक का सफर तय कर चुके हैं. अब वो जल्द ही टीम इंडिया के लिए भी खेलते दिख सकते हैं. शाहरुख़ पिछले सीजन पंजाब किंग्स की टीम के लिए 11 मैच खेल चुके हैं जिसमें उनके नाम 153 रन हैं. लेकिन रन से ज़्यादा उन्होंने जिन मुश्किल हालात में IPL में बैटिंग की. उनकी हर तरफ तारीफ हुई. वहीं साईं किशोर अभी भी अपने पहले IPL मैच के इंतज़ार में हैं.
Advertisement










