The Lallantop

ऋषभ पंत इंडिया A से भी बाहर, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने 6 अक्टूबर को न्यूजीलैंड टूर के लिए इंडिया A टीम की घोषणा की. इस 15 सदस्यीय टीम में ऋषभ पंत भी शामिल थे. लेकिन, पंत के नाम के आगे 'सब्जेक्ट टू फिटनेस' का डिस्क्लेमर लगा था. अब BCCI ने साफ़ बता दिया है कि पंत नहीं खेलेंगे.

Advertisement
post-main-image
ऋषभ पंत जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप मैच में चोटिल हो गए थे. (Courtesy: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ऋषभ पंत की चोट के कारण उन्हें न्यूजीलैंड A के खिलाफ 2 अनऑफिशियल टेस्ट मैचों से बाहर रहना पड़ा और उनकी जगह कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है।
  • पंत को ईरानी कप के दौरान लेफ्ट साइड स्ट्रेन की चोट लगी थी, जिसके चलते उनकी फिटनेस को लेकर BCCI ने उन्हें 'सब्जेक्ट टू फिटनेस' स्टेटस दिया था।
  • कुमार कुशाग्र का चयन पंत की अनुपस्थिति में किया गया है, जबकि पंत की तीसरे मैच और आगामी टेस्ट सीरीज में भागीदारी पर मेडिकल टीम की निगरानी के बाद निर्णय लिया जाएगा।

ऋषभ पंत (Rishabh Pant) इंजरी की वजह से इंडिया A के न्यूजीलैंड टूर से बाहर हो गए हैं. वह न्यूजीलैंड A के खिलाफ 2 अनऑफिशियल टेस्ट नहीं खेल पाएंगे. पंत पिछले महीने ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे. वह ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान थे. जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हुए इस मुकाबले में पंत के लेफ्ट साइड (Left-Side Strain) में खिंचाव आ गया था. 12 अक्टूबर को BCCI ने न्यूजीलैंड A टूर के लिए उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया.

Advertisement
Rishabh Pant की जगह कौन लेगा?

BCCI की मेंस सिलेक्शन कमेटी ने 6 अक्टूबर को न्यूजीलैंड टूर के लिए इंडिया A टीम की घोषणा की थी. इस 15 सदस्यीय टीम में ऋषभ पंत भी शामिल थे. लेकिन, पंत के नाम के आगे 'सब्जेक्ट टू फिटनेस' का डिस्क्लेमर लगा था. माने उन्हें फिट होने के बाद ही न्यूजीलैंड A टूर के लिए BCCI की तरफ से हरी झंडी मिलती. लेकिन, 29 साल के विकेटकीपर बैटर पंत समय पर फिट नहीं हो पाए. इसलिए वह न्यूजीलैंड A के खिलाफ पहले 2 अनऑफिशियल टेस्ट नहीं खेलेंगे.

BCCI ने ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया. बोर्ड ने 12 अक्टूबर को कंफर्म किया कि कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है. 21 वर्षीय विकेटकीपर बैटर कुशाग्र इंडिया A में पंत की जगह लेंगे. फिलहाल, कुमार कुशाग्र को 2 मैचों के लिए टीम में चुना गया है. ऋषभ पंत तीसरे मैच में खेलेंगे या नहीं. इस पर फैसला बाद में होगा. 

Advertisement

पंत अभी BCCI की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं. तीसरे मैच में उनके खेलने पर बाद में डिसीजन लिया जाएगा. पंत की फिटनेस के मामले में BCCI ने अपने स्टेटमेंट में कहा, 

‘ऋषभ पंत अभी भी BCCI की मेडिकल टीम की देखरेख में हैं. वह अच्छी तरह से रिकवर हो रहे हैं. न्यूजीलैंड A के खिलाफ तीसरे मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर बाद में फैसला लिया जाएगा.’

पंत के इंजर्ड होने से उनके न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने पर सवाल उठ रहे हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी. BCCI की मेंस सिलेक्शन कमेटी ने अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा नहीं की है. टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत खेलेंगे या नहीं. अभी यह भी कंफर्म नहीं है.

Advertisement
कुमार कुशाग्र कौन हैं?

21 साल के विकेटकीपर बैटर कुमार कुशाग्र का ताल्लुक झारखंड के बोकारो से है. वह डोमेस्टिक क्रिकेट में झारखंड के लिए खेलते हैं. पिछले कुछ समय से उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. पिछले महीने उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ शतक लगाया था. उनकी इस शतकीय पारी के चलते ईस्ट जोन की टीम खिताब जीतने में सफल रही. 

इसके बाद सितंबर में ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ पुडुचेरी में 4 दिवसीय मैच में सेंचुरी जड़ी थी. इस मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने 113 और दूसरी इनिंग में नॉट ऑउट 46 रन बनाए. अब उन्हें न्यूजीलैंड टूर पर भी अपनी बैटिंग का हुनर दिखाने का मौका मिल सकता है. न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया A की कप्तानी ध्रुव जुरेल करेंगे. कुशाग्र विकेटकीपर के तौर पर उनका बैकअप होंगे.

ये भी पढ़ें: शतक लगाते ही रो दिए अभिषेक पोरेल, रेप केस में बेल मिलने के बाद खेल रहे हैं रणजी

24 अक्टूबर से खेलेगी इंडिया A

इंडिया A और न्यूजीलैंड A के बीच 3 अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी. पहला मैच 24 अक्टूबर से 27 अक्टूबर के बीच लिंकन में खेला जाएगा. दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच क्राइस्टचर्च में होगा. तीसरा और आखिरी मुकाबला 7 से 10 नवंबर के बीच लिंकन में होगा. 

इंडिया A की टीम:-

ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, और कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर).

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement