राजस्थान के जयपुर ग्रामीण में खाकी पर गंभीर आरोप लगे हैं. इल्जाम है कि पुलिसवालों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक प्रचारक को थाने ले जाकर कपड़े उतरवाए और जमकर पीटा. FIR के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की, RSS से जुड़े होने पर बदसलूकी की और बेइज्जत किया. मामले के तूल पकड़ते ही थानेदार समेत 6 पुलिसवालों पर गाज गिरी है. सभी को सस्पेंड कर दिया गया है.
'संघ ने देश बर्बाद किया', ये कहते हुए पुलिसवालों ने RSS प्रचारक को थाने में कपड़े उतारकर पीटा
FIR के अनुसार जयपुर ग्रामीण के नरेना थाने में पुलिसवालों ने कथित तौर पर RSS प्रचारक कृष्ण अवतार से कहा, "संघ ने देश को बर्बाद कर दिया है." इसके बाद उन्हें कपड़े उतारकर पीटा भी गया. अब थानेदार सहित छह पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है.

घटना 10 अक्टूबर की रात 10 बजे की है. इंडिया टुडे से जुड़े विशाल शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, RSS प्रचारक कृष्ण अवतार जयपुर ग्रामीण के नरेना थाना क्षेत्र में आए. इसी दौरान पुलिसवाले उन्हें पकड़कर थाने ले गए. उन्होंने थानेदार को अपना परिचय संघ प्रचारक के रूप में दिया.
आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई. कथित तौर पर थाने में कृष्ण अवतार के कपड़े उतरवाए गए और हाथ-पैर पकड़कर मारपीट की गई. पिटाई के दौरान वे बेहोश हो गए. इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल (SMS Hospital) रेफर कर दिया गया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, संघ के नरेना खंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल की तहरीर पर 11 अक्टूबर को पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की. FIR के अनुसार, पुलिसवालों ने कथित तौर पर कृष्ण अवतार से कहा, "संघ ने देश को बर्बाद कर दिया है."
घटना की जानकारी मिलते ही संघ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण थाने पहुंच गए. लोगों ने करीब छह घंटे तक थाने का घेराव कर विरोध जताया. विरोध के चलते बाजार भी बंद रहे. प्रदर्शनकारियों ने मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. थाने में ही नारेबाजी की गई.
SP ने आरोपी पुलिसवालों को सस्पेंड कियामामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रादेशिक मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और भाजपा जयपुर जिला देहात दक्षिण के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर भी धरने पर बैठ गए.

यह भी पढ़ें: दो सरकारी टीचरों ने RSS मार्च में हिस्सा लिया, दोनों सस्पेंड हो गए
मौके पर पहुंचे जयपुर ग्रामीण के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) हनुमान सहाय ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद थानाध्यक्ष उमराव सिंह समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया.
वीडियो: न्यूयॉर्क मेयर ममदानी ने किया मैडिसन स्क्वायर में होने वाले RSS कार्यक्रम का विरोध













