क्या मॉडर्न क्रिकेट केवल बल्लेबाजों का खेल बनकर रह गया है? क्या इस खेल में गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं बचा है? जिस तरह वनडे में 350 रन बनाना और उन्हें चेज करना आसान हो गया है और टी20 में 250 का स्कोर आम बात बनता जा रहा है, उसके बाद से ये सवाल फिर जोर पकड़ने लगा है. महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी मानते हैं कि जिस तरह क्रिकेट बदल रहा है, उसका असर गेंदबाजों पर पड़ा है. सचिन नहीं चाहते कि गेंदबाजों और उनकी प्रतिभा का महत्व खत्म हो जाए. इसके लिए उन्होंने ICC को एक सुझाव भी दिया है.
'कुछ करना होगा वर्ना बॉलर्स खत्म हो जाएंगे', सचिन ने वनडे में सुधार के लिए फॉर्मूला दिया
सचिन तेंदुलकर के मुताबिक, वनडे क्रिकेट को बचाने की जरूरत है. इसके लिए उन्होंने जो सुझाव दिया है, उससे गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है.

सचिन तेंदुलकर के मुताबिक, वनडे क्रिकेट को बचाने की जरूरत है. इसके लिए उन्होंने जो सुझाव दिया है, उससे गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है. सचिन ने AMA सेशन (Ask Me Anything) में कहा,
मेरे हिसाब से 50 ओवर के मैच को 25-25 ओवर की दो पारियों में बांट देना चाहिए. हालांकि, पूरे मैच में 10 विकेट ही होने चाहिए. साथ ही सभी 50 ओवर में एक ही गेंद का इस्तेमाल होना चाहिए. इससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिलेगा. दोनों टीमों को ओस में खेलने का मौका मिलेगा. हमें गेंदबाजों के लिए कुछ करना होगा, इससे पहले कि क्रिकेट में वे विलुप्त हो जाएं (यानी उनका महत्व ही खत्म हो जाए).
सेशन में सचिन से जो रूट को लेकर भी सवाल किया गया. जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सचिन के रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं. रूट ने 169 टेस्ट मैचों में 14,278 रन बनाए हैं. वह सचिन के सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के रिकॉर्ड (15,921 रन) से 1,643 रन पीछे हैं. टेस्ट क्रिकेट में शतकों के मामले में भी वह दूसरे स्थान पर हैं. सचिन ने रूट की तारीफ करते हुए कहा,
मैंने हमेशा उन्हें बहुत ऊंचे स्तर का बल्लेबाज माना है. मुझे उनके पहले टेस्ट मैच में ही यह साफ दिखाई दे गया था कि वह बहुत बड़ा नाम बनने वाले हैं.
यह भी पढ़ें- क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लिया
जो रूट ने साल 2012 में भारत के खिलाफ ही टेस्ट डेब्यू किया था. नागपुर में खेले गए इस टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने 73 रन बनाए थे. वहीं, दूसरी पारी में वह 20 रन बनाकर नाबाद रहे थे. यह मुकाबला ड्रॉ रहा था. बीते कुछ सालों में रूट टेस्ट क्रिकेट के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शामिल हो गए हैं. फैब फोर के वह इकलौते खिलाड़ी हैं, जो फिलहाल टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं. विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं.
सचिन से उनके पसंदीदा गैर-भारतीय बल्लेबाजों के बारे में भी पूछा गया. इस पर उन्होंने इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक के साथ ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ का नाम लिया.
वीडियो: दिवाली से पहले न्यू दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ कम क्यों है?










