Ranbir Kapoor की Ramayana ने मॉर्निंग शोज़ से कितने पैसे पीट दिए? क्या Jailer 2 ओटीटी पर 30 मिनट लंबे कट के साथ प्रीमियर होगी? Sunny Deol की Suryaa से कैसा कानूनी खतरा टल गया है. सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
'रामायण' ने रिलीज़ होते ही बॉक्स ऑफिस पर तूफान उठा दिया!
'रामायण' ने देशभर में मॉर्निंग शोज़ से 17 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई कर डाली.

# मॉर्निंग शोज़ में 'रामायण' ने कितने पैसे पीट दिए?
पूरे तामझाम के साथ नमित मल्होत्रा की 'रामायण' थिएटर्स में रिलीज़ हो चुकी है. पब्लिक फिल्म को बेहद पसंद कर रही है. इसका अंदाज़ा इस बात से लगाइए कि फिल्म के मॉर्निंग शोज़ में 55 परसेंट ऑक्यूपेंसी देखने को मिली. साथ ही फिल्म ने देशभर में मॉर्निंग शोज़ से 17 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई कर डाली है. इसमें फिल्म के हिंदी वर्जन ने सबसे ज़्यादा 12 करोड़ रुपए कमाए. दोपहर 3 बजे तक 'रामायण' ने देशभर से ग्रॉस 34 करोड़ रुपए और नेट 28.82 करोड़ रुपए कलेक्ट कर लिए हैं. इसमें भी सबसे बड़ा योगदान फिल्म के हिंदी वर्जन का है, जिससे 21 करोड़ रुपए आए हैं. उम्मीद है कि शाम और रात के शोज़ में ये आंकड़ा काफी ऊपर जाएगा. अगर सबकुछ ठीक रहा, तो फिल्म देशभर से 60 से 80 करोड़ रुपए के बीच ओपनिंग ले सकती है.
# 'रामायण' के सामने 'अवतार' और 'ओडिसी' बौनी पड़ गईं!
'रामायण' के रिव्यूज़ सामने आने लगे हैं और इसकी खूब तारीफ भी हो रही है. टायलर डिज्नी नाम के एक फोटोग्राफर और रिव्यूअर ने 'रामायण' को 'द ओडिसी' और 'अवतार' से भी शानदार बताया. उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि नितेश तिवारी ने दोनों ही फिल्मों को आईना दिखा दिया है. वहीं दूसरे यूज़र्स ने भी रामायण देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है. फिल्मी टेलिंग नाम के एक यूज़र ने कहा,
"रामायण एक शानदार फिल्म है. लेकिन इसका सबसे खूबसूरत हिस्सा है जब हनुमान की एंट्री होती है. इसमें दिलजीत की आवाज में हनुमान चालीसा बजता है और आपके रोंगटे खड़े हो जाते हैं."
जसवंत नाम के यूजर ने लिखा,
"ये एक फिल्म का अनुभव नहीं है बल्कि सिनेमा का एक अलग स्तर है."
कोर्टनी हार्वड नाम की एक यूज़र ने लिखा,
"रामायण एक शानदार सिनेमाई अनुभव है. यह एक बहुत बड़ी और बेहतरीन उपलब्धि है. इसमें बेहद आकर्षक और अद्भुत VFX, रोमांचक एक्शन सीक्वेंस और शानदार एक्टिंग है. साथ ही दिल को छू लेने वाले जज्बात के साथ ब्लॉकबस्टर म्यूज़िक भी है. अब जल्दी से पार्ट 2 लेकर आइए."
# 'रामायण' से सनी देओल के हनुमान का लुक लीक हो गया?
'रामायण' का एक पोस्ट-क्रेडिट सीन ऑनलाइन लीक हो गया है. जिसमें सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नज़र आते हैं. हालांकि, मेकर्स ने उनका चेहरा और पूरा लुक अब भी छिपाकर रखा है. सीन में हनुमान की दमदार एंट्री होती है, बैकग्राउंड में प्रभावशाली म्यूज़िक बजता है और आखिर में वो हवा में उड़ते हुए 'जय श्री राम' का उद्घोष करते दिखाई देते हैं.
# सनी देओल की 'सूर्या' से टला कानूनी खतरा
सनी देओल की 'सूर्या' पर मंडरा रहा कानूनी खतरा फिलहाल टल गया है. दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज़ रोकने की मांग वाली दूसरी PIL पर सुनवाई से इनकार कर दिया है. याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि फिल्म में प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टरों को भ्रष्ट दिखाया गया है. इससे मेडिकल पेशेवरों के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा मिलता है. कोर्ट ने कहा कि इसी मुद्दे पर डॉक्टरों की एक याचिका पहले से लंबित है, जिस पर 16 नवंबर को सुनवाई होगी. 'सूर्या' 20 नवंबर को रिलीज़ होगी.
# अमेरिका में 'रामायण' ने 'गॉडज़िला' की बैंड बजा दी!
अमेरिका में 'रामायण' की बॉक्स ऑफिस भिड़ंत 'गॉडज़िला माइनस ज़ीरो' से हो रही है. लेकिन अर्ली ट्रेंड के मुताबिक 'रामायण' रेस में आगे चल रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘गॉडज़िला माइनस ज़ीरो’ की ग्लोबल ओपनिंग करीब 60 मिलियन डॉलर यानी लगभग 570 करोड़ रुपये के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर 'रामायण' की ओपनिंग के अनुमान 30 से 75 मिलियन डॉलर तक लगाए जा रहे हैं. मेकर्स की नजर 65 मिलियन डॉलर यानी 610 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई पर है. यानी भारतीय सिनेमा की ये एपिक फिल्म ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर बड़ा उलटफेर कर सकती है.
# OTT पर 30 मिनट लंबी होगी 'जेलर 2'
रजनीकांत की 'जेलर 2' सिनेमाघरों के बाद 12 नवंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हो रही है. इकॉनमिक टाइम्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का डिजिटल वर्जन थिएट्रिकल कट से करीब 30 मिनट लंबा हो सकता है. इन सीन्स में मोहनलाल, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन के लंबे सीक्वेंस देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, एक्स्ट्रा फुटेज और अनकट वर्जन की बात पर मेकर्स ने ऑफिशियली कुछ नहीं कहा है.
वीडियो: रणबीर कपूर की रामायण देखकर लोगों ने क्या कहा?










