हमारी गाड़ी पटरी से उतर गई. रोहित शर्मा. मुंबई इंडियंस के कप्तान. चेन्नई सुपर किंग्स से हारने के बाद रोहित ने तमाम सारी बातें कीं. वानखेडे में हुए इस मैच में रोहित की टीम सात विकेट से हारी. और हारने के बाद रोहित ने कहा,
धोनी से हार, रोहित ने खुद समेत सीनियर्स को भेजा कड़ा संदेश
खुद की सुनेंगे हिटमैन?


‘हमारी गाड़ी पटरी से उतर गई. हम शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए. यह अच्छी पिच थी. हम 30-40 रन पीछे रह गए. क्रेडिट उनके स्पिनर्स को जाता है, उन्होंने बढ़िया बोलिंग की. हमें प्रेशर में रखा और हम उनका जवाब नहीं दे पाए. हमें अलग चीजें ट्राई करनी होंगी, अटैक करना होगा, थोड़ा बहादुर बनना होगा. हमारे पास कुछ युवा हैं. उन्हें वक्त देना होगा. इसमें वक्त लगेगा, लेकिन हमें उन्हें सपोर्ट करना होगा और उनकी क्षमता पर यक़ीन दिखाना होगा.’
रोहित ने टीम के सीनियर्स से एक अपील भी की. उन्होंने कहा,
‘सीनियर्स को आगे आना होगा, और इसकी शुरुआत मुझसे होनी चाहिए. हमें IPL की प्रकृति पता है. हमें मोमेंटम लेना होगा, अगर आप ऐसा नहीं कर पाते, तो मुश्किल होगी. सिर्फ दो गेम्स हुए हैं, अभी सब खत्म नहीं हुआ. लेकिन सीनियर्स को बल्ले से परफॉर्म करना होगा. यही इस टूर्नामेंट की प्रकृति है. अगर आप जीतते हैं, तो आप लगातार जीत सकते हैं. अगर आप हारते हैं, तो यह मोमेंटम पर असर डालता है.’
रोहित ने आगे बताया कि उनकी टीम अपने प्लांस पर खरी नहीं उतर पा रही. रोहित बोले,
‘हम काफी चीजें सही करना चाहते थे. हम चेंजिंग रूम की बातों को अमल में नहीं ला पा रहे. हमें वो चीजें सही करनी होंगी. हमें पता है कि हमारा बीता सीजन बहुत निराशाजनक था. आप हमेशा नई शुरुआत करते हैं. जब हमने पांच ट्रॉफ़ीज़ जीती थीं, हमने इसके बारे में नहीं सोचा. हर विपक्षी के पास क्वॉलिटी है और उन्हें हराने के लिए आपको बेस्ट होना होता है. यह दो गेम हो चुके हैं. आप इन्हें नहीं बदल सकते. हमें सीखना होगा और मैदान पर और बहादुरी दिखानी होगी.’
रोहित की तमाम बातों के बाद मैच पर लौटें, तो CSK ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया. पावरप्ले में अच्छी शुरुआत के बाद मुंबई की टीम CSK के स्पिनर्स के आग फैल गई. टीम ने किसी तरह अपने 20 ओवर्स में आठ विकेट खोकर 157 रन बनाए. मुंबई के लिए ईशान किशन ने सबसे ज्यादा, 32 रन बनाए. CSK के लिए रविंद्र जडेजा ने तीन, जबकि तुषार देशपांडे और मिचल सैंटनर ने दो-दो विकेट लिए.
जवाब में CSK ने अजिंक्य रहाणे की ताबड़तोड़ हाफ सेंचुरी, और रुतुराज गायकवाड़ के 40 रन की मदद से सिर्फ तीन विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए.
वीडियो: MS धोनी के बारे में ये आंकड़ा फ़ैन्स को पसंद नहीं आएगा






















