गौतम गंभीर. इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर. गंभीर आजकल कॉमेंट्री करते हैं. अक्सर अपने कमेंट्स के लिए चर्चा में रहने वाले गंभीर ने अब विराट कोहली और रोहित शर्मा की टेस्ट कैप्टेंसी की तुलना की है. गंभीर की मानें तो रोहित वही स्टाइल आगे बढ़ा रहे हैं, जो विराट कोहली ने शुरू की थी.
कप्तानी में विराट की नकल कर रहे हैं रोहित शर्मा?
गौतम गंभीर ने किया बड़ा दावा.
.webp?width=360)

गंभीर ने दिल्ली टेस्ट में रोहित की कप्तानी की खूब तारीफ़ की. बता दें कि इस टेस्ट की पहली पारी में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से एक रन पीछे रह गई थी. दूसरे दिन स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ एक विकेट खोकर 61 रन बनाए थे. मेकशिफ्ट ओपनर ट्रेविस हेड ने इस दिन ताबड़तोड़ बैटिंग की. लेकिन तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 28 रन जोड़कर आठ विकेट गंवा दिए.
रविंद्र जडेजा ने सात जबकि अश्विन ने तीन विकेट निकाले. अरुण जेटली स्टेडियम में हुए इस मैच के दौरान इंडियन टीम एक बार भी पैनिक नहीं हुई. और फिर रोहित शर्मा ने आखिरी पारी में फ्रंट से लीड किया. 115 रन चेज करने उतरी टीम इंडिया के लिए रोहित ने तेजी से रन जोड़े. उन्होंने 20 गेदों में 31 रन कूट, इंडिया को तेज शुरुआत दिलाई.
मैच में भारत की छह विकेट की जीत के बाद गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा,
'ईमानदारी से कहूं तो मुझे हमेशा से भरोसा था कि रोहित शर्मा एक कमाल के कप्तान हैं. लेकिन विराट और रोहित की कप्तानी में बहुत अंतर नहीं है, खासतौर से इस फॉर्मेट में. विराट ने ये टेम्प्लेट सेट किया था. विराट ने इस टेस्ट टीम की कप्तानी बेहतरीन अंदाज में की थी. और रोहित शायद उसी टेम्प्लेट को फॉलो कर रहे हैं. ईमानदारी से कहूं तो रोहित ने अपना टेम्प्लेट नहीं बनाया है. जिस तरह से विराट कोहली ने अश्विन और जडेजा को मैनेज किया था, यह एकदम हूबहू वैसी ही कप्तानी है.'
रोहित ने भी हाल ही में कहा था कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में विराट द्वारा इंडियन स्पिनर्स और पेसर्स को हैंडल करने के तरीके से काफी कुछ सीखा है. रोहित ने 2022 में टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी. मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले रोहित ने अभी तक चार टेस्ट मैच में टीम इंडिया की कप्तानी की है. और इनमें उनका रिकॉर्ड 100 परसेंट का है.
हालांकि गंभीर का मानना है कि रोहित की असली परीक्षा ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड जैसे देशों में होगी. गंभीर ने कहा,
'रोहित का असली चैलेंज तब होगा जब वह ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड जाएंगे. क्योंकि वे विराट कोहली के लिए बड़े चैलेंज थे. विराट कोहली काफी सफल थे. इसलिए मुझे दोनों में बहुत अंतर नहीं दिखता. और मैं ये भी नहीं कहना चाहता कि इन हालात में कौन बेहतर कप्तान है. क्योंकि अभी रोहित जैसे हैं, विराट भी इतने ही अच्छे कप्तान थे. रोहित का चैलेंज विदेश में होगा.'
भारतीय टीम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के क़रीब है. कोहली की कप्तानी में भारत पहले WTC फाइनल में न्यूज़ीलैंड से हारा था.
वीडियो: IND vs AUS दूसरे टेस्ट मैच में जीत के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने मैच का टर्निंग प्वॉइंट बताया






















