The Lallantop

विराट ने कैसे मॉडर्न डे T20 क्रिकेट के हिसाब से खुद को किया अपडेट?

RCB के ओपनर Virat Kohli ने LSG के ख‍िलाफ 49 रनों की पारी खेली. इसी के साथ वो ऑरेंज कैप की रेस में भी सबसे आगे पहुंच गए हैं.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली ने लखनऊ सुपर जायंट्स के ख‍िलाफ 49 रन बनाए. (फोटो-AFP)

क्रिकेट के मैदान पर जब विराट कोहली (Virat Kohli) उतरते हैं, तो माहौल अपने आप जबरदस्त हो जाता है. IPL 2026 में विराट नए अवतार में नजर आ रहे हैं. कोहली को देख ऐसा लग रहा है कि उन्होंने अपनी बैटिंग का गियर ही बदल लिया है. इसी के साथ उन्होंने सालों से चल रही स्ट्राइक रेट की बहस को भी बाउंड्री के पार पहुंचा दिया है. साथ ही लखनऊ सुपरजायंट्स (Lucknow Super Giants) के ख‍िलाफ 49 रनों की पारी खेलकर कोहली ऑरेंज कैप की रेस में भी सबसे आगे पहुंच गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस सीजन की शुरुआत से ही कोहली का बल्ला आग उगल रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ जहां उन्होंने 180+ के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की, राजस्थान रॉयल्स (RR) के खि‍लाफ उन्होंने 200 की रफ्तार से रन कूट दिए थे. मुंबई वाले मैच में वो थोड़े फंसे जरूर थे, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ एक बार फिर 49 रनों की पारी खेलकर उन्होंने जीत की नींव रख दी थी. चिन्नास्वामी की स्टिकी पिच पर जहां बाकी बैटर्स स्ट्रगल कर रहे थे, वहां कोहली ने शुरुआत से ही बॉलर्स को रिमांड पर लिया.

कोहली ने मैच के बाद क्या बताया?

वहीं, मैच के बाद कोहली ने साफ किया कि सिर्फ अंधाधुंध हिटिंग ही टी20 नहीं है. कोहली बोले,

Advertisement

सब कुछ हालात पर निर्भर करता है. हर मैच 230-240 वाला नहीं होगा. जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, खेल और मुश्किल होता जाएगा. जब दबाव बढ़ेगा, तब आपको स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी. जो टीम हालात के हिसाब से खुद को ढालेगी, वही जीतेगी.

कोहली ने यह भी माना कि वो मॉडर्न टी20 के हिसाब से खुद को अपडेट कर रहे हैं. हालांकि, वो अपनी पिछली दो पारियों से पूरी तरह खुश नहीं थे और खुद के लिए बार और ऊपर सेट करना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें : LSG को बड़ा झटका! हेजलवुड की लगातार दो बॉल ऋषभ पंत की बॉडी पर लगी, फिर ये हुआ!

Advertisement
इम्पैक्ट प्लेयर बनकर क्यों आए?

कोहली LSG के खिलाफ प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं थे. वह इस मुकाबले में  बतौर इंपैक्ट सब्सटिट्यूट खेल रहे थे. इसके पीछे की वजह उनकी फिटनेस थी. MI वाले मैच में कोहली के टखने (Ankle) में चोट लग गई थी. इतना ही नहीं, वो पिछले 4-5 दिनों से बीमार भी चल रहे थे.

कोहली ने खुद कुबूल किया,

मैं अभी 100% फिट नहीं हूं. पिछले मैच में काफी दर्द था और तबीयत भी नासाज थी. आज अपनी इंटेंसिटी से खुश हूं, बस मलाल ये रहा कि मैच खत्म करके नहीं लौट पाया.

RCB फिलहाल पॉइंट्स टेबल के टॉप पर है. साथ ही कोहली का ये अल्ट्रा-एग्रेसिव अंदाज फैंस को खूब भा रहा है. अब सबकी नजरें 18 अप्रैल के मुकाबले पर हैं, जब बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना RCB से होगा. क्या कोहली तब तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे? यह देखने वाली बात होगी.

वीडियो: आईपीएल के पहले ही मैच में रोहित का बल्ला बोला, कोहली भी पीछे नहीं

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement