सफेद जर्सी, लाल गेंद और रिंकू सिंह. क्या जल्द ही ये कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा? रेड बॉल क्रिकेट में रिंकू का बल्ला चीख-चीख कर बातें कर रहा है. उन्होंने एक बार फिर धांसू शतक ठोक दिया है. इस सीजन में ये उनका दूसरा शतक है. पिछले सीजन में भी उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जमकर बवाल काटा था. खासकर रणजी ट्रॉफी में उनके बल्ले से खूब रन निकले थे. अब लगातार रन बनाकर रिंकू ने सिलेक्टर्स और हेड कोच गौतम गंभीर के सामने फिर से मजबूत दावा ठोक दिया है.
T20I से बाहर चल रहे रिंकू को क्या टेस्ट क्रिकेट में लाएंगे गंभीर?
Ranji Trophy 2026-27 : T20I क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ चुके यूपी के बैटर Rinku Singh रेड बॉल क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने गोवा के खिलाफ मुश्किल बैटिंग कंडिशंस में अकेले नाबाद सेंचुरी लगाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया.

दरअसल, यूपी और गोवा के बीच रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए का मुकाबला चल रहा है. यूपी ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी. लेकिन, टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया. सिर्फ 33 रन पर तीन विकेट गिर गए. अभिषेक गोस्वामी 5 रन पर आउट. आर्यन जुयाल ने 14 रन बनाए. कप्तान करण शर्मा तो खाता भी नहीं खोल पाए.
रिंकू सिंह जब क्रीज पर आए, टीम भंवर में फंसी थी. लेकिन, रिंकू इससे विचलित नहीं हुए. उन्होंने खूंटा गाड़ दिया. शुरुआत में माधव कौशिक ने कुछ देर उनका साथ निभाया. लेकिन, माधव भी 45 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद, एक छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. लेकिन दूसरे छोर पर रिंकू चट्टान की तरह डटे रहे. पुछल्ले बल्लेबाजों से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला.
ये भी पढ़ें : WI सीरीज ने खोली टीम इंडिया की पोल! यही हाल रहा तो न्यूजीलैंड में तय है क्लीन स्वीप
रिंकू अकेले डटे रहेफिर भी अकेले दम पर रिंकू ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया. रिंकू 118 रन बनाकर नाबाद लौटे. अपनी इस कमाल की पारी में उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए. हालांकि, इसके बावजूद यूपी की टीम 71 ओवर में 202 रन पर सिमट गई. इस दौरान, गोवा के लिए लेग स्पिनर यश कसवणकर ने शानदार बॉलिंग की. उन्होंने 5 विकेट चटकाए. वहीं, रुत्विक नाइक को भी 2 विकेट मिले.
पहले दिन का खेल खत्म होने तक गोवा ने बैटिंग शुरू कर दी थी. 12 ओवर के खेल में गोवा ने बिना विकेट गंवाए 43 रन बना लिए थे. इस दौरान शिवेंद्र भुजबल 31 और सुयश प्रभुदेसाई 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. हालांकि, गोवा अभी यूपी से 159 रन पीछे है. लेकिन, उनकी शुरुआत अच्छी रही है.
ग्रुप के बाकी मैचों की बात करें तो, बिहार की टीम 166 रन पर सिमट गई. जवाब में बड़ौदा ने 3 विकेट पर 77 रन बना लिए हैं. इधर, पुडुचेरी 177 रन पर ऑलआउट हो गई. इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने 2 विकेट खोकर 23 रन बनाए हैं. वहीं, गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने विदर्भ के खिलाफ 260 रन बनाए. दूसरे दिन विदर्भ अपनी पहली पारी की शुरुआत करेगी.
वीडियो: रिंकू सिंह ने टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान टीम का साथ क्यों छोड़ा?









