क्रिकेट की स्क्रिप्ट भी कभी-कभी क्या गजब लिखी जाती है. आप इसे इत्तेफाक कहिए या फिर ऊपर वाले का लिखा कोई पोएटिक जस्टिस. जिस चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर पसीना बहाकर, IPL खेलते हुए एक दिग्गज ने अपनी खोई हुई लय हासिल की. उसी मैदान पर, उसी होम क्राउड के सामने उसे टीम इंडिया में कमबैक का मौका मिल गया.
1425 दिन बाद टीम इंडिया में लौटे भुवी! कमबैक पर फिर गया पानी
Ind vs WI 5th T20I : बेंगलुरु में खेले जा रहे निर्णायक T20I मैच में Bhuvneshwar Kumar ने 1425 दिनों बाद टीम इंडिया में वापसी की. IPL में RCB के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवी को उसी होम ग्राउंड पर Mayank Yadav की जगह मौका मिला.

जी हां, बात हो रही है स्विंग के सुल्तान भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की. 17 अक्टूबर की शाम बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम का माहौल बिल्कुल अलग था. एक तरफ आसमान से रुक-रुक कर बारिश गिर रही थी, तो दूसरी तरफ फैंस के दिलों में धक-धक हो रही थी. वजह?
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज डिसाइडर T20I मुकाबला और इस अहम मैच में भुवनेश्वर कुमार की वापसी. पूरे 1425 दिनों का लंबा वनवास. 1425 दिन. ये सिर्फ एक नंबर नहीं है, बल्कि एक खिलाड़ी के उस संघर्ष की कहानी है, जिसमें उसने खुद को फिर से साबित किया है.
जब 9-9 ओवर के तय हुए इस मैच में टॉस का वक्त आया, तो कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग XI में बदलाव का जिक्र किया. जैसे ही श्रेयस ने कहा कि भुवनेश्वर कुमार खेल रहे हैं, स्टेडियम में बैठे हजारों RCB फैंस खुशी से झूम उठे. वो अपने लोकल हीरो को नीली जर्सी में देखने के लिए बेताब थे. हर कोई उस पहले ओवर, उस इनस्विंगर और आउटस्विंगर का इंतजार कर रहा था, जिसने दुनिया भर के बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाया है.
IPL ने कराया कमबैकभुवी के इस शानदार कमबैक के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उनका IPL में मचाया गया गदर है. वो भी उसी टीम के लिए जिसका घर चिन्नास्वामी है- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB). पिछले दो सीजन में भुवी ने RCB के लिए जो कमाल की बॉलिंग की है. उसी ने उन्हें दोबारा टीम इंडिया का टिकट दिलाया है. जरा आंकड़ों पर गौर कीजिए. इन दोनों सीजन को मिलाकर भुवनेश्वर कुमार ने कुल 45 विकेट चटकाए. अपनी टीम को लगातार दोनों साल चैंपियन बनाने में उन्होंने सबसे बड़ा रोल निभाया.
खासकर 2026 के सीजन में तो भुवी का एक अलग ही जलवा देखने को मिला. बल्लेबाजों की कब्रगाह माने जाने वाले इस टी20 फॉर्मेट में, जहां हर गेंदबाज रन लुटा रहा था. वहां भुवी ने 7.95 के बेहतरीन इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की. उन्होंने 28 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. ऐसे में, उसी मैदान पर उनकी इंटरनेशनल वापसी उनके और उनके फैंस के लिए किसी शानदार फिल्म की हैप्पी एंडिंग जैसी लग रही थी.
ये भी पढ़ें : बुमराह नहीं, सिराज का खौफ! साउदी का टेस्ट सीरीज को लेकर बड़ा दावा
सीरीज के अंतिम मैच में आए भुवीहालांकि, इस वापसी की कहानी में भी एक गजब का ट्विस्ट है. सीरीज की शुरुआत से भुवी इस टीम का हिस्सा नहीं थे. शुरुआत में भुवनेश्वर को आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए T2OI टीम में चुना गया था. उन्हें आराम से कीवी टीम के खिलाफ वापसी करनी थी. लेकिन चौथे T20I में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के चोटिल हो जाने की खबर आई.
इसके बाद टीम मैनेजमेंट को अचानक अपना फैसला बदलना पड़ा और भुवी को इस निर्णायक मैच के लिए आनन-फानन में बुला लिया गया. दिलचस्प बात ये है कि अर्शदीप की चोट उतनी गंभीर नहीं निकली और वो पूरी तरह फिट हो गए. यही कारण है कि इस अहम मुकाबले में अर्शदीप भी भुवनेश्वर के साथ प्लेइंग XI में शामिल थे.
मैच में क्या हुआ?अब बात करते हैं मैच की. लगभग दो साल बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी हुई थी. सीरीज 2-2 की बराबरी पर थी, यानी जो जीतता, ट्रॉफी उसकी. माहौल पूरा सेट था. लेकिन बारिश ने फैंस का सारा मजा किरकिरा कर दिया. करीब दो घंटे के लंबे इंतजार के बाद जब बारिश रुकी, तो अंपायरों ने मैच को 9-9 ओवर का करने का फैसला किया. वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने आते ही गियर बदल दिया. जितनी देर भी मैच हुआ, चिन्नास्वामी के दर्शकों को फुल पैसा वसूल एंटरटेनमेंट मिला. ईशान किशन ने आते ही ताबड़तोड़ बैटिंग शुरू कर दी. लेकिन असली महफिल लूटी नमन धीर ने. नमन ने वो कर दिखाया, जिसका सपना हर बल्लेबाज देखता है. उन्होंने महज 6 गेंदों का सामना किया और नाबाद 24 रन ठोक डाले. उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 7.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 118 रन बोर्ड पर टांग दिए थे.
स्कोरबोर्ड पर 118 रन लग चुके थे और अभी 8 गेंदे बाकी थीं. लेकिन, तभी आसमान में फिर से काले बादल छा गए और इंद्रदेव बरस पड़े. इसके बाद बारिश रुकी ही नहीं. वेस्टइंडीज को बैटिंग का मौका ही नहीं मिला और अंततः अंपायरों ने मैच को रद्द घोषित कर दिया. इसी के साथ ये बेहद रोमांचक सीरीज भी 2-2 की बराबरी पर बेनतीजा खत्म हुई.
22 से फिर एक्शन में दिखेंगे भुवीइस बारिश ने सिर्फ एक मैच नहीं धोया, बल्कि कई उम्मीदों पर पानी फेर दिया. वेस्टइंडीज का 2002 के बाद भारत में अपनी पहली बाइलेटरल सीरीज जीतने का सपना बारिश में ही धुल गया. वहीं, स्टेडियम में बैठे फैंस इस बात से सबसे ज्यादा मायूस रहे कि उन्हें 1425 दिनों बाद नीली जर्सी में लौटे अपने चहेते पेसर भुवनेश्वर कुमार को बॉलिंग करते हुए देखने का मौका नहीं मिला. हर कोई उस जादुई स्पेल का इंतजार कर रहा था, जो कभी शुरू ही नहीं हो पाया. कुल मिलाकर बारिश ने एक ब्लॉकबस्टर सीरीज के शानदार अंत की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
खैर, जो हुआ सो हुआ. क्रिकेट रुकता नहीं है. अब टीम इंडिया 22 अक्टूबर से फिर एक्शन में नज़र आएगी. भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाना है. फैंस अब यही उम्मीद करेंगे कि जिस स्पेल का इंतजार चिन्नास्वामी में अधूरा रह गया. वो क्राइस्टचर्च की स्विंग होती पिचों पर पूरा हो. भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में टीम इंडिया का पेस अटैक एक बार फिर अपनी पुरानी लय और स्टेबिलिटी हासिल करे.
वीडियो: भुवनेश्वर कुमार ने ठोका सलेक्शन का दावा, क्या टीम इंडिया में अपनी जगह बना पाएंगे?









