लखनऊ के बिजनेसमैन शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं. इस बीच सवालों के घेरे में रहीं श्रद्धा दुबे ने पहली बार मीडिया से बात की है. श्रद्धा दुबे ने बताया कि घटना वाले दिन असल में क्या हुआ था. श्रद्धा के मुताबिक, शिवा की मौत चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी. उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और दावा किया कि शिवा शर्मा की मौत हत्या नहीं थी. उन्होंने कहा कि शिवा ने खुद अपनी जान दी थी. बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है.
लखनऊ के शिवा शर्मा की मौत मामले में पहली बार बोलीं श्रद्धा दुबे, सभी आरोप नकारे
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे ने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि शिवा ने खुद चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी. उन्होंने अपनी बिल्डिंग के CCTV फुटेज की जांच कराने की मांग की. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है और जांच जारी है.

श्रद्धा दुबे ने सवाल उठाया कि जब बाकी जगहों के सीसीटीवी फुटेज निकाले जा चुके हैं तो उसकी बिल्डिंग के कैमरों की रिकॉर्डिंग क्यों नहीं सामने लाई गई? उनका दावा है कि फुटेज से उनकी बेगुनाही साबित हो सकती है. हालांकि श्रद्धा के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. श्रद्धा के मुताबिक, वह शिवा शर्मा को करीब चार महीने से जानती थीं और दोनों के बीच लगभग ढाई महीने तक दोस्ती रही. उन्होंने कहा कि शिवा पिछले दो महीनों से उनके घर आने लगे थे. श्रद्धा ने शिवा की मां की ओर से लगाए गए आरोपों को भी गलत बताया.
श्रद्धा ने अपने बयान में दावा किया कि शिवा शर्मा पर करीब 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था. कर्जदारों के फोन आने से वह परेशान रहते थे. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले शिवा उनके घर से पांच से छह लाख रुपये के गहने ले गए थे. श्रद्धा के अनुसार, शिवा ने एक वीडियो में गहने लौटाने की बात भी कही थी लेकिन श्रद्धा के किसी भी दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
श्रद्धा ने बताया कि जब शिवा को अस्पताल ले जाया जा रहा था, उस दौरान उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी. इसलिए निजी कारणों से वो वहां से चली गईं. श्रद्धा का कहना है कि घटना के बाद वह सदमे में थीं.
(यह भी पढ़ें: तन पर केवल अंडरवियर, फ्लैट में दवाएं और टॉयज... शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी और उलझी)
इसके अलावा श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग लोगों के साथ उनकी तस्वीरें वायरल किए जाने पर आपत्ति जताई. उन्होंने कथित डायरी के जरिए मामले का खुलासा होने के दावों को भी नकारा. अपनी बहन का नाम मामले में घसीटे जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी बहन को घटना के बारे में जानकारी ही नहीं है. श्रद्धा दुबे ने पुलिस और न्यायपालिका से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है.
वीडियो: यूपी बुलेटिन: शिवा शर्मा की मौत, आरोपी श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर क्या कहा?









