The Lallantop

रिंकू के कोच मसूद ने क्या याद कर कहा- 'जब सबको लगा हार गए, मुझे पता था... '

कोच मसूद ने सबसे पहले पहचाना था रिंकू का टैलंट

Advertisement
post-main-image
कोच मसूद उज जफर ने कहा कि रिंकू हर परिस्थिति में अच्छे से बैटिंग कर सकता है | फोटो: आजतक

Rinku Singh. बताने की जरूरत नहीं कौन हैं? इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का एक धाकड़ बल्लेबाज. रविवार, 9 अप्रैल को वो कारनामा किया, जो पहले किसी ने नहीं किया था. गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला था, KKR के सामने 204 रनों का टारगेट. सात विकेट गिर चुके थे और आखिरी ओवर में चाहिए थे 29 रन. यश दयाल बॉलिंग कर रहे थे. पहली बॉल पर उमेश यादव ने एक रन लिया, अब स्ट्राइक आई रिंकू के पास. अब 28 रन और पांच बॉल्स. कमेंटेटर बोले- अब KKR का जीतना लगभग नामुमकिन.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

लेकिन अभी रिंकू का जादू शुरू होना बाकी था. जैसे कोई जादूगर छड़ी घुमाता है ना, वैसे बल्ला घूमा, और पूरा सीन ही बदल गया. फिर जो हुआ, बहुतों को उसपर यकीन नहीं हो रहा था. पांच बॉल्स में पांच छक्के, 30 रन ठोक डाले थे रिंकू ने. इतिहास रच दिया था, क्योंकि चेज करते हुए आखिरी ओवर में ऐसा कारनामा पहले किसी ने नहीं किया था.

रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले हैं. उन्हें क्रिकेट की बारीकियां सिखाईं हैं उनके कोच मसूद उज जफर. रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ रिंकू सिंह की शानदार पारी के बाद आजतक ने उनके कोच मसूद उज जफर से बात की.

Advertisement

आजतक से जुड़े मोहम्मद अकरम खान से बातचीत में रिंकू के कोच मसूद उज जफर ने कहा,

'रिंकू के खेलने का जो तरीका है, उससे मुझे ये हमेशा लगता है कि वो हर परिस्थिति में अच्छे से बैटिंग कर सकता है. कल के मैच में भी मुझे उम्मीद थी कि रिंकू अपनी टीम को जीत दिलाएगा. उसके जज्बे और ताकत को मैं जानता हूं.'

‘रिंकू पक्का इंडियन टीम में खेलेगा’

कोच मसूद ने आगे कहा,

Advertisement

'हमें उम्मीद है रिंकू जल्द ही भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलेगा. उसके खेल की बदौलत अलीगढ़ जिले में बच्चों को बहुत हौसला मिल रहा है. रिंकू यूपी टीम के एक मजबूत बल्लेबाज हैं. इंडिया ए भी खेल चुके हैं. 5 साल से आईपीएल खेल रहे हैं. वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं.'

कोच मसूद ने आगे बताया कि जब पहली बार रिंकू उनसे मिले, तब उनके घर की माली हालत ठीक नहीं थी. रिंकू के अंदर प्रतिभा भरी हुई थी. रिंकू ने आज जो हासिल किया है, उस पर सभी को बहुत गर्व है. कोच मसूद के मुताबिक आजकल के बच्चों को रिंकू से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है.

Advertisement