विश्व क्रिकेट के महानतम कप्तानों में से एक रिकी पॉन्टिंग ने विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है. पॉन्टिंग ने कहा कि जब विराट कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ी, तो उन्हें बहुत हैरानी हुई. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग ने IPL 2021 के पहले फेज में कोहली के साथ हुई बातचीत का भी जिक्र किया. जहां भारत के पूर्व कप्तान ने पॉन्टिंग से व्हाइट बॉल कैप्टेंसी छोड़ने की बात कही थी. बता दें कि विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी. इससे पहले उन्होंने T20I टीम की भी कप्तानी छोड़ी थी. जबकि BCCI ने उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया था. ICC को दिए गए हालिया इंटरव्यू में रिकी पॉन्टिंग ने कहा,
'हां, मैं विराट कोहली के इस फैसले से काफी हैरान हुआ. इसकी वजह ये थी कि IPL 2021 के पहले हाफ में कोहली से मेरी बातचीत हुई थी. और तब कोहली व्हाइट बॉल कैप्टेंसी छोड़ने पर विचार कर रहे थे. ताकि टेस्ट फॉर्मेट में लंबे समय तक कप्तानी जारी रख सके. उन्हें यह काम पसंद था और वह इसका पूरा आनंद लेते थे. वाकई में विराट कोहली की कप्तानी में इंडियन टेस्ट टीम ने काफी कामयाबी हासिल की. इसलिए जब कोहली ने कप्तानी छोड़ी तो मुझे हैरानी हुई. अगर आपको विराट कोहली का टेस्ट के प्रति जुनून पता करना है तो उन्हें बस घंटे भर खेलते हुए देख लीजिये. आपको पता चल जाएगा कि कोहली टेस्ट में टीम इंडिया को कितना बेस्ट बनाना चाहते हैं. और जिताना चाहते हैं.'
बता दें कि विराट कोहली भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कामयाब टेस्ट कप्तान हैं. उन्होंने सबसे ज्यादा 68 मैच में टीम इंडिया की अगुवाई की. जिसमें 40 में टीम को जीत मिली. 17 में हार मिली और 11 मुकाबले ड्रॉ रहे. पॉन्टिंग ने कोहली की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए आगे कहा,
'विराट से पहले की भारतीय टीम को ओवरसीज की तुलना में घर में ज्यादा टेस्ट जीतने से मतलब था. विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने विदेशों में जीतने पर ज्यादा जोर दिया. और वह इसमें कामयाब भी हुए. ये एक ऐसी चीज है जिसपर खुद कोहली और इंडियन टीम गौरवान्वित महसूस कर सकती है. दूसरी बात ये कि विराट के कप्तान बनने के बाद BCCI ने ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलने पर ध्यान दिया. मुझे लगता है कि ये विराट कोहली की तरफ से आया होगा कि हमें घर और विदेशों में टेस्ट मैच जीतने हैं.'
इतना ही नहीं, रिकी पॉन्टिंग ने विराट कोहली को खुद से बेहतर भी बताया. पॉन्टिंग का मानना है कि उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने जो प्रयास किया. कोहली की अगुवाई में भारत के प्रयास उससे भी ज्यादा बेहतर थे. पोंटिंग ने कहा,
'हमारी तुलना में भारत की उपलब्धियां अधिक चौंकाने वाली थी. जब मैंने कप्तानी संभाली तो मुझे एक ऐसी टीम मिली थी, जो लंबे समय से विश्व क्रिकेट पर राज कर रही थी. यदि आप विराट से पहले की टीम इंडिया को देखो तो वे अपने घर में बहुत मैच जीतते थे. लेकिन विदेशों में ज्यादा मैच नहीं जीत पाते थे. कोहली की कप्तानी में टीम बेहतर हुई और विदेशों में अधिक मैच जीते.'
बता दें कि विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने 28 बार सभी 20 विकेट लेने का कारनामा किया. जिसमें 13 मुकाबले विदेशों में खेले गए थे. उन 28 टेस्ट में भारत को 23 में जीत मिली. यही वजह है कि कोहली को गेंदबाजों का भी कप्तान कहा गया. विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका, वेस्टइंडीज़ और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती.