The Lallantop

लारा ने रिकॉर्ड बनाया, हेडेन ने तोड़ा, लेकिन 6 महीने बाद लारा ने अपना ताज वापस ले लिया

अब ब्रायन लारा इस दुनिया के इकलौते आदमी हैं, जिनके नाम ये रिकॉर्ड है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
कुछ चीज़ें किसी ख़ास शख्स के लिए ही बनी होती हैं. उनपर उसी शख्स का नाम लिखा होता है. कोई और उसे क्लेम करना चाहे भी तो ज़्यादा दिन तक उसे अपने पास नहीं रख सकता. यूं तो क्रिकेट की दुनिया में हर रिकॉर्ड बनता ही टूटने के लिए है, लेकिन एकाध रिकॉर्ड ऐसा भी होता है जो किसी एक खिलाड़ी के नाम पर अटक सा जाता है. जिसपर किसी और का अधिकार अच्छा नहीं लगता. ना क्रिकेटप्रेमियों को, न खुद उस खिलाड़ी को.
ऐसा ही एक रिकॉर्ड है क्रिकेट में चार सौ रन बनाने का. यानी तिहरे शतक से भी एक पायदान ऊपर की चीज़. क्रिकेट की दुनिया में सिर्फ एक खिलाड़ी ऐसा है, जो ये कर पाया है. इसीलिए वो ख़ास है. उस खिलाड़ी का नाम है ब्रायन लारा. वेस्ट इंडीज का वो स्टाइलिश बल्लेबाज़, जिसकी बैटिंग देखने के लिए लोग ऑफिस से छुट्टियां लिया करते थे. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम पिछले 24 सालों से है. बीच में सिर्फ छह महीने किसी और ने अपना दावा किया था, जिसे लारा ने एक और आतिशी पारी खेलकर खारिज कर दिया.
ब्रायन लारा.
ब्रायन लारा.

ब्रायन लारा ने 16 अप्रैल 1994 को इंग्लैंड के खिलाफ सेंट जॉन्स में 375 रन मारे. ये तब का विश्वरिकॉर्ड था. अपने ही देशवासी गैरी सोबर्स का 365 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा था उन्होंने. अगले नौ सालों तक ये रिकॉर्ड उनके नाम शान से रहा. फिर आए मैथ्यू हेडन. उन्होंने ज़िम्बाब्वे जैसी कमज़ोर टीम के खिलाफ 380 रन कूट दिए. तारीख थी 9 अक्टूबर, 2003. अब उनके नाम दर्ज हो गया था टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड. दर्ज तो हो गया लेकिन ज़्यादा दिन बना न रह सका. लारा ने अपना नाम फिर से ऊपर कर दिया.

वही मैदान, वही विपक्ष, वही खिलाड़ी, वही रिकॉर्ड

जिस सेंट जोन्स के मैदान पर ब्रायन लारा ने पिछली बार टॉप जगह हासिल की थी, उसी मैदान पर फिर एक बार ये कारनामा कर दिखाया. चार मैचों की सीरीज का ये आखिरी टेस्ट मैच था. वेस्ट इंडीज ने पहले बैटिंग की थी. और क्या बैटिंग की थी! सिर्फ पांच विकेट खोकर 751 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया था. इन 751 रनों में अकेले लारा के 400 रन थे. लारा ने ये 400 रन बनाने के लिए 582 गेंदें खेलीं. 43 चौके और 4 छक्के मारे. न सिर्फ मैथ्यू हेडन से अपना सिंहासन वापस लिया बल्कि टेस्ट क्रिकेट में चौहरा शतक मारने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज़ बन गए. आज तक हैं. उनके बाद या उनसे पहले भी कोई ये कारनामा नहीं कर पाया है. मैथ्यू हेडन का रिकॉर्ड उनके नाम सिर्फ 6 महीने 2 दिन ही रहा.
वो फेमस स्कोर बोर्ड.
वो फेमस स्कोर बोर्ड.

12 अप्रैल, 2004 को फिर से लारा इस सल्तनत के सुलतान बन गए, और कहा,
"ये इलाका मेरा है और मैं यहां का जयकांत शिकरे."



ये भी पढ़ें:
ऑस्ट्रेलिया आराम से मैच जीत रहा था, फिर सचिन ने बोला अपन बॉलिंग करेगा

चीटिंग पर लेक्चर देने वाले स्टीव वॉ ने जब खुद ये चीटिंग की थी

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल, एक ओवर में 19 रन चाहिए थे और फिर... 6, 6, 6, 6

क्रिकेट के मैदान से आई ये तस्वीर आपका दिन बना देगी

वीडियो: मैच के दौरान चेन्नई की भीड़ ने फील्डर्स पर फेंके जूते

Advertisement
Advertisement