The Lallantop

''धोनी महान लेकिन रोहित...'' अश्विन ने रोहित शर्मा की तारीफ में बड़ी बात कह दी है!

IND vs ENG राजकोट टेस्ट मैच के दौरान अश्विन को मां की तबीयत बिगड़ने की वजह से अपने घर जाना पड़ा था. जिसको लेकर Ravichandran Ashwin ने बात की है.

Advertisement
post-main-image
रविचंद्रन अश्विन ने मुश्किल समय में मदद करने के लिए रोहित शर्मा की तारीफ की (PTI)

इंडियन स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) के लिए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज कमाल का रहा है. इस टूर्नामेंट के दौरान अश्विन ने ना सिर्फ अपना 100वां टेस्ट खेला, बल्कि 500 विकेट्स लेने की उपलब्धि भी हासिल की. हालांकि राजकोट टेस्ट मैच (IND vs ENG) के दौरान ही अश्विन को मां की तबीयत बिगड़ने की वजह से अपने घर जाना पड़ा था. अब इसको लेकर इंडियन स्पिनर ने बात की है. साथ ही उन्होंने इंडियन टीम के कैप्टन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की जमकर तारीफ की है.

Advertisement

दरअसल मैच के दौरान अश्विन के मां की तबीयत बिगड़ गई थी. उनकी मां बेहोश होकर गिर गई थीं. अश्विन के मुताबिक जब उन्हें ये खबर मिली, तब वो काफी परेशान हो गए थे. इस दौरान इंडियन कैप्टन ने उनकी काफी मदद की थी. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया,

“मैंने दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्नी प्रीति को शाम सात बजे कॉल किया और पूछा कि मां-पापा कॉल का जवाब नहीं दे रहे. इस दौरान प्रीति की आवाज कांप रही थी. प्रीति ने बताया कि मां के सिर में दर्द था और वह अचानक से बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं. मैं ये सुन परेशान हो गया और रोने लगा. मैं कुछ सोच नहीं पा रहा था. तभी राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा मेरे कमरे में आए और मुझे घर जाने के लिए कहा. मगर उस दिन शाम 6 बजे के बाद राजकोट से कोई फ्लाइट नहीं थी. ऐसे में रोहित मेरे लिए चार्टर्ड फ्लाइट की जुगाड़ में जुट गए.”

Advertisement

ये भी पढ़ें: WPL 2024: एलिस पेरी ने मुंबई के खिलाफ मैच में रचा इतिहास, RCB को दिलाया प्लेऑफ का टिकट

अश्विन ने आगे कहा,

“चेतेश्वर पुजारा को भी बहुत-बहुत धन्यवाद. अहमदाबाद में उन्हें कुछ चार्टर्ड फ्लाइट्स मिले और उन्हें राजकोट आकर मुझे पिक करने के लिए कहा. मुझे नहीं पता कैसे दो घंटे बीत गए.टीम के फिजियो कमलेश मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं. रोहित ने उससे कहा कि वह मेरे साथ चेन्नई जाएं और मेरे साथ रहें, लेकिन मैंने उसे वहीं रुकने के लिए कहा. जब मैं नीचे गया तो सिक्योरिटी और कमलेश पहले से ही वहां इंतजार कर रहे थे. हमारी यात्रा के दौरान कमलेश को रोहित शर्मा का फोन आया, उन्होंने मेरा हालचाल लिया और इस कठिन समय में मेरे साथ रहने के लिए कहा.”

Advertisement

अश्विन ने साथ ही बताया,

“रोहित को एक शानदार कप्तान  के तौर पर देख सकता हूं. मैंने कई वर्षों से कई कप्तानों के साथ खेला है, लेकिन रोहित में कुछ तो अलग है. उनका दिल साफ है, इसी वजह से वह आईपीएल में पांच ट्रॉफियां जीत पाए हैं, जो कि धोनी के बराबर हैं. हर किसी को ये उपलब्धि नहीं मिलती. मैं चाहता हूं कि रोहित को और कामयाबी मिले. ऐसे स्वार्थी समाज में दूसरे के हित के बारे में सोचने वाले व्यक्ति काफी कम मिलते हैं. इस दिन के बाद मेरे मन में उनके प्रति सम्मान और बढ़ गया है. वह बिना किसी सवाल के खिलाड़ी का समर्थन करते हैं. यह कोई आसान बात नहीं है. धोनी भी ऐसा करते हैं, लेकिन रोहित 10 कदम और आगे चलते हैं.”

बताते चलें कि अश्विन इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे. उनके नाम कुल 26 विकेट रहे.

वीडियो: 'रोहित थोड़े शर्मीले रहे हैं खुद की ज्यादा तारीफ़ नहीं कर पाते' : राहुल द्रविड़

Advertisement