T20 विश्वकप 2021 खत्म होते ही रवि शास्त्री (Ravi Shastri) का भारतीय टीम के साथ कोचिंग कार्यकाल खत्म हो गया. इसके बाद बड़ा सवाल ये था कि अब रवि शास्त्री के लिए आगे का रास्ता क्या है? क्या शास्त्री फिर से कॉमेंट्री पैनल में लौटेंगे या किसी अन्य टीम को कोचिंग देंगे? बीच में उनके नई IPL फ्रेंचाइजी से जुड़ने की ख़बरें भी सामने आई थीं. और अब इस मामले में एक बड़ा अपडेट है. टीम इंडिया को कोचिंग देने के बाद रवि शास्त्री अब नई जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार है. उन्हें अगले साल शुरू होने वाले LLC यानी लेजेंड्स लीग क्रिकेट का कमिश्नर नियुक्त किया गया है. जनवरी 2022 में किसी गल्फ देश में इस टूर्नामेंट का आयोजन होगा. जिसमें संन्यास ले चुके खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.
लेजेंड्स लीग क्रिकेट द्वारा जारी की गई प्रेस रिलीज के जरिए रवि शास्त्री ने कहा,
'क्रिकेट से जुड़े रहना बहुत अच्छा लगता है. यह काफी मजेदार भी होने वाला है. इन दिग्गज खिलाड़ियों के पास साबित करने के लिए कुछ बचा नहीं है. सभी अपने दौर के चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं. अब देखने वाली बात ये होगी कि वे अपनी प्रतिष्ठा के साथ न्याय करते हैं या नहीं? लेजेंड्स लीग क्रिकेट से जुड़कर काफी उत्साहित हूं. यह एक अनूठी पहल है और हमें इसका भविष्य काफी उज्ज्वल दिख रहा है.'
बता दें कि इस समय रवि शास्त्री के पास कई विकल्प हैं. ऐसी ख़बरें आ रही है कि भरत अरुण और आर श्रीधर के साथ शास्त्री नई IPL फ्रेंचाइजी से जुड़ सकते हैं, दोबारा से माइक थाम सकते हैं या फिर किसी अन्य T20 लीग में कोचिंग दे सकते हैं. पिछले हफ्ते इंडिया टुडे से बात करते हुए रवि शास्त्री ने कहा था,
'क्रिकेट से जुड़े रहना अच्छा होगा. पांच उंगलियां है. पांचों अलग दिशा में है. और हर किसी को कहीं न कहीं जाना तो है ही.'
वहीं लेजेंड्स लीग क्रिकेट की बात करें तो ये एक अनूठी पहल है, जहां फै़न्स अपने दिग्गज क्रिकेटर्स को फिर से खेलते हुए देख सकेंगे. इस लीग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर्स शामिल होंगे. टूर्नामेंट में तीन टीमें होंगी. भारत, एशिया और शेष विश्व. आने वाले दिनों में लेजेंड्स लीग क्रिकेट में हिस्सा लेने वाले तमाम दिग्गजों का नाम सामने आ जाएगा. साथ ही लीग का शेड्यूल भी जारी हो जाएगा.