पाकिस्तान एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हॉकी टीम को भारत नहीं भेजना चाहता. पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने एशियन हॉकी फेडरेशन से चैंपियनशिप को भारत के बाहर शिफ्ट करने की मांग की है. वह अपने मैच को न्यूट्रल वेन्यू पर खेलना चाहता है. पाकिस्तान ने इसके लिए भारत के साथ ‘संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति’ (Sensitive Bilateral Situation) और सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है.
पाकिस्तान ने हॉकी टीम भारत भेजने से किया इनकार, न्यूट्रल वेन्यू की मांग की
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अंतरिम अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए न्यूट्रल वेन्यू की मांग की है. इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारत कर रहा है.

पीएचएफ के अंतरिम अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने कहा कि या तो पूरा टूर्नामेंट या पाकिस्तान के सभी मुकाबलों को न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट किया जाए. वानी ने में कहा,
यह फैसला पाकिस्तान और भारत के बीच मौजूदा संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति को देखकर फैसला किया गया. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना है. हम मैदान पर भारत के साथ-साथ एफआईएच के सभी सदस्य देशों का सामना करने के लिए तैयार हैं. खेल को राजनीति से परे रखने के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध हैं.
वानी ने उम्मीद जताई है कि एशियन हॉकी फेडरेशन उनकी न्यूट्रल वेन्यू की मांग पर सकारात्मक तरीके से विचार करेगा. दरअसल, एक दिन पहले पीएचएफ ने कहा था कि उनके भारत जाने का फैसला सरकार की मंजूरी पर निर्भर है. इसके अगले ही दिन उन्होंने न्यूट्रल वेन्यू की मांग की है.
भगवंत मान का दावाआपको बता दें कि मेजबान राज्य पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया था कि पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के लिए भारत आएगा. उन्होंने सरकार की नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी का हवाला दिया था. इस पॉलिसी के मुताबिक, भारत बाइलेट्रल सीरीज में पाकिस्तान से नहीं खेलेगा. हालांकि, मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति है. हॉकी इंडिया के सचिव भोलानाथ सिंह का कहना था कि दोनों देशों की हॉकी फेडरेशन के बीच अच्छे रिश्ते हैं. पाकिस्तान अपनी टीम को भारत भेजेगा.
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के पेसर आकिब नबी वनडे टीम में शामिल, पंड्या और पंत बाहर
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब पाकिस्तान ने भारत में होने वाले टूर्नामेंट से दूरी बनाई है. 2025 में उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए ही एशिया कप से हटने का फैसला किया था. इसके बाद, बीते साल ही नवंबर में भारत में हुए जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भी हिस्सा नहीं लिया.
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक जालंधर और मोहाली में खेली जाएगी. इसमें भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और कोरिया हिस्सा लेने वाले हैं. अगर कोई भी देश टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इनकार करता है तो उसकी जगह ओमान या बांग्लादेश को मौका मिलेगा. लीग चरण के मैच जालंधर में खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में खेले जाएंगे. भारत इस टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला कल्याण बैंसला कैसे पकड़ा गया?










