The Lallantop

लीड्स टेस्ट में पाकिस्तान की फजीहत! रॉबिन्सन-टंग के आगे पूरी टीम ने किया सरेंडर

Pak vs Eng Leeds Test : पाकिस्तानी टीम को हेडिंग्ले में शर्मनाक हार झेलना पड़ा. इंग्लैंड ने एकतरफा अंदाज में पाकिस्तान को पारी और 103 रनों से रौंद दिया. इस दौरान इंग्लिश पेसर Ollie Robinson और Josh Tongue ने 8-8 विकेट झटके. दोनों ने पहली इनिंग्स में 5 और दूसरी इनिंग्स में 3 विकेट चटकाए.

Advertisement
post-main-image
ओली रॉबिन्सन ने लीड्स टेस्ट में पाकिस्तान के 8 विकेट झटके. (फोटो-AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रनों से हराकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है, मैच तीसरे दिन समाप्त हो गया।
  • पाकिस्तानी टीम के नियमित कप्तान बाबर आजम के अभाव में सलमान अली आगा की कप्तानी में बल्लेबाज इंग्लिश गेंदबाजों के सामने कमजोर साबित हुए, जिससे टीम का स्कोर दोनों पारियों में कम रहा।
  • अगला मैच 27 अगस्त को लॉर्ड्स में होगा जहां पाकिस्तान की टीम बाबर आजम की वापसी के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी, जबकि इंग्लैंड जीत का बढ़ावा लेकर उतरेगा।

लीड्स टेस्ट में पाकिस्तानी टीम चारों खाने चित हो गई. 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रनों से रौंद दिया. मुकाबला इस कदर एकतरफा रहा कि तीसरे दिन ही खत्म हो गया. पहली इनिंग्स में इंग्लिश पेस अटैक के सामने किसी तरह 171 तक पहुंचने वाली पाकिस्तानी टीम, दूसरी इनिंग्स में 135 रन पर ही सिमट गई. इस जीत के साथ जो रूट की अगुवाई वाली टीम ने सीरीज में 1-0 की लीड हासिल कर ली. अब दोनों टीम 27 अगस्त को लॉर्ड्स में आमने-सामने होंगी.

Advertisement
पहले दिन ही पिछड़ गई थी पाकिस्तानी टीम

हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान की मुश्किलें पहले दिन ही शुरू हो गई थीं. रेगुलर कप्तान बाबर आजम की गैरमौजूदगी में टीम की कमान पहली बार T20I कप्तान सलमान अली आगा संभाल रहे थे. लेकिन, उनकी अगुवाई में टीम का प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा. पहली पारी में टीम ने महज 171 रन बनाए. इस दौरान अब्दुल्लाह शफीक इकलौते बैटर रहे, जिन्होंने हाफ सेंचुरी लगाई. उन्होंने 61 रनों की पारी खेली. बाकी कोई भी बैटर इंग्लिश पेस अटैक का सामना भी नहीं कर सका.

पहली इनिंग्स में इंग्लिश पेसर ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने 5-5 विकेट झटके. इसके कारण मुकाबले के पहले ही दिन मेजबान टीम हावी हो गई. रही सही कसर इंग्लिश बैटर्स ने पूरी कर दी. पाकिस्तान के 171 रन के जवाब में इंग्लि‍श टीम ने 409 रन बनाए. यानी इंग्लिश टीम ने पहली पारी में ही 238 रनों की लीड हासिल कर ली.

Advertisement

ये भी पढ़ें : सात्विक-चिराग भी हारे! घर पर मेडल जीतने का सपना टूटा

इंग्लैंड की तरफ से कप्तान जो रूट समेत 4 बैटर्स ने पचासा जड़ा. इनमें वाइस कैप्टन हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स और डैन लॉरेंस शामिल थे. ब्रूक ने सबसे ज़्यादा 91 रन बनाए. वहीं, कॉक्स ने 73 और कप्तान रूट ने 66 रनों की पारी खेली. इंग्लिश बैटर डैन लॉरेंस ने 51 रन जोड़कर पाकिस्तानी टीम की मुश्किलों में और इजाफा कर दिया. पाकिस्तान की तरफ से अली उस्मान ने फाइफर लिया. लेकिन, तब तक इंग्लिश टीम की लीड काफी हो चुकी थी.

इंग्लिश पेस अटैक के सामने टेके घुटने

पहली इनिंग्स में 238 रनों से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान को दूसरी इनिंग्स में अपने बैटर्स से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी. लेकिन, दूसरी इनिंग्स में हाल उससे भी बुरा हुआ. पहली इनिंग्स में 48.1 ओवर तक इंग्लिश पेस अटैक के आगे जूझने वाले पाकिस्तानी बैटर्स दूसरी इनिंग्स में 37.3 ओवर में ही सिमट गए. इस दौरान किसी तरह टीम का स्कोर 135 रनों तक पहुंचा.

Advertisement

अनुभवी बैटर मोहम्मद रिजवान एकमात्र प्लेयर थे, जिन्होंने दूसरी इनिंग्स में इंग्लिश पेस अटैक को कुछ समय तक परेशान किया. लेकिन, वो भी सिर्फ 41 रन ही जोड़ सके. इस दौरान जोश टंग, ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर तीनों ने 3-3 विकेट चटकाए. टंग और रॉबिन्सन ने मैच में बराबर 8 विकेट निकाले. लेकिन, किफायती बॉलिंग के कारण रॉबिन्सन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

अब 27 अगस्त को जब पाकिस्तानी टीम लॉर्ड्स में उतरेगी तो उन्हें उम्मीद होगी कि कप्तान बाबर आजम वापसी कर लेंगे. हालांकि, टीम के बाकी बैटर्स के प्रदर्शन को देखकर यही लगा कि भले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनश‍िप के पॉइंट्स टेबल पर दोनों टीमें 7वें और 8वें नंबर पर हों. दोनों के बीच रेड बॉल क्रिकेट की क्वालिटी में जमीन-आसमान का अंतर है. 

वीडियो: Hockey World Cup में पाकिस्तान ने कैसे बेइज्जती करा ली?

Advertisement