तस्वीर में शोएब अख्तर और विराट कोहली ( फोटो क्रेडिट : AP और Shoaib Akhtar Youtube channel screengrab)
पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने T20 विश्वकप में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि भारत का ड्रेसिंग रूम दो खेमों में बंटा हुआ है. जिसमें एक खेमा विराट कोहली के साथ है और दूसरा खेमा विराट के खिलाफ. गौरतलब है कि T20 विश्वकप 2021 में भारत के लिए आखिरी बार विराट कोहली कप्तानी कर रहे हैं. ऐसे में उनसे उम्मीदें थीं कि जाते-जाते एक ICC टूर्नामेंट तो विराट की कप्तानी में जीतेंगे हीं. लेकिन हालात ऐसे बने हैं कि टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए किसी चमत्कार की ज़रूरत है. बता दें कि भारत को सबसे पहले पाकिस्तान ने दस विकेट से रौंदा. इसके बाद न्यूज़ीलैंड के खिलाफ अहम मुकाबले में भी टीम इंडिया को हार मिली. लगातार दो हार के बाद विराट कोहली एंड कंपनी की खूब आलोचना हो रही है. ऐसे में शोएब अख्तर विराट कोहली और टीम इंडिया के बचाव में उतरे. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,
'क्यों, मैं ऐसा देख पा रहा हूं कि टीम इंडिया दो हिस्सों में बंट गई है? एक कोहली के साथ है और एक उनके खिलाफ. यह बिल्कुल साफ है. टीम बंटी हुई लग रही है. मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों हो रहा है, शायद इसलिए क्योंकि बतौर कप्तान विराट का ये आखिरी T20 विश्वकप है. ऐसा हो सकता है कोहली ने गलत फैसले लिए, जो सही बात भी है. लेकिन कोहली बेस्ट क्रिकेटर हैं और खुदा का वास्ता हमें उनका सम्मान करना चाहिए.'
इसके अलावा शोएब अख्तर ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को गाली देने वालों को भी लताड़ा है. अख्तर ने कहा,
'हां, आलोचना महत्वपूर्ण है क्योंकि टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खराब खेला और खराब एटीट्यूड के साथ. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टॉस हरने के बाद हर किसी का सिर झुका हुआ था. किसी के पास कोई आइडिया ही नहीं था. भारत ने सिर्फ टॉस हारा था. मैच नहीं. सब लोग वहां मौजूद थे. और किसी के पास कोई गेम प्लान नहीं.'
भारतीय टीम की हार के बाद से सोशल मीडिया पर कुछ गुमनाम ट्रोल्स कप्तान विराट कोहली और भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों को निशाना बना रहे हैं. उन खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन का ज़िम्मेदार उनके परिवारों को भी बताया जा रहा है. जिसकी कड़ी आलोचना की जानी चाहिए. बता दें कि भारत का अगला मैच अफ़गानिस्तान के साथ है. भारत का ये तीसरा मुकाबला है. और कोहली सेना हर हाल में जीत दर्ज करने उतरेगी.