The Lallantop

हॉकी वर्ल्ड कप से भारतीय टीम बाहर, खिताब जीतने का सपना फिर टूटा

भारत (India) की मेंस टीम हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है. उसे सेमीफाइनल में जाने के लिए अर्जेंटीना (Argentina) को 2 गोल के अंतर से हराना था. लेकिन, ऐसा नहीं हुआ. इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को 5-3 से हराकर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया.

Advertisement
post-main-image
भारत की हॉकी टीम को अर्जेंटीना ने 5-3 से हराकर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. (फोटो- Hockey India X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • 24 अगस्त को हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल के लिए जरूरी मैच में भारत को अर्जेंटीना के खिलाफ 5-3 से हार का सामना करना पड़ा जिससे टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
  • भारत को कम से कम दो गोल के अंतर से जीतना था, लेकिन प्रारंभिक दौर में ही अर्जेंटीना ने तेज शुरुआत करते हुए 2 गोल किए और भारतीय टीम का डिफेंस कमजोर दिखा।
  • इस हार के कारण भारत का 51 वर्षों बाद हॉकी वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया और अर्जेंटीना सेमीफाइनल में पहुंच गया।

भारत की मेंस हॉकी टीम के लिए 24 अगस्त का दिन किसी बुरे सपने की तरह रहा. टीम इंडिया (Team India) को सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए अर्जेंटीना (Argentina) के खिलाफ मैच जीतना जरूरी था. लेकिन, ऐसा नहीं हो सका. वैगनर स्टेडियम में हुए मैच में भारत को हार झेलनी पड़ी. अर्जेंटीना ने इस मुकाबले में भारत को 5-3 से हराया. इस हार के चलते टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई. भारत का 51 साल बाद, हॉकी वर्ल्ड कप जीतने का सपना फिर अधूरा रह गया.

Advertisement
भारत की खराब शुरुआत

भारत को लास्ट 4 में जगह बनाने के लिए यह मैच कम से कम 2 गोल के अंतर से जीतना था. लेकिन, मैच की शुरुआत में अर्जेंटीना ने ऐसा अटैक किया कि भारतीय टीम तितर-बितर हो गई. अर्जेंटीना ने खेल शुरू होने के बाद, सिर्फ 40 सेकेंड के अंदर गोल कर दिया. अर्जेंटीना के लिए यह मैदानी गोल जोआक्वीन तोस्कानी ने दागा. इसके बाद, सातवें मिनट में निकोलस डेरा ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके अर्जेंटीना को 2-0 से आगे कर दिया.

हालांकि, सुखजीत सिंह ने 10वें मिनट में शानदार फील्ड गोल करके भारत को वापसी कराने की कोशिश की. लेकिन, टीम इंडिया इस मोमेंट को कैरी नहीं कर सकी. अर्जेंटीना के हमले के आगे, भारत का डिफेंस बिखरा नजर आया. टीम इंडिया ने लगातार पासिंग में चूक की. भारतीय खिलाड़ियों के गलत टैकल से टीम की मुश्किलें बढ़ती गईं. पहले क्वार्टर में अर्जेंटीना की टीम 2-1 से आगे रही.

Advertisement

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार हमला बोला. इस बीच भारत और अर्जेटीना गोल करने के लिए जूझते रहे. लेकिन, दोनों ही टीमें एक दूसरे की रक्षापंक्ति को भेद नहीं पाईं. दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ.

तीसरे क्वार्टर में अर्जेंटीना का दबदबा

अर्जेंटीना ने भारत के खिलाफ तीसरे क्वार्टर में जोरदार धावा बोला. 33वें मिनट में अर्जेंटीना के टोमस डोमेने ने भारत के डिफेंस को चीरते हुए मैदानी गोल दागा. फिर 45वें मिनट में उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके अर्जेंटीना को 4-1 से आगे कर दिया. इसके बाद चौथे क्वार्टर के दौरान 53वें मिनट में तोस्कानी ने फील्ड गोल करके अर्जेंटीना को 5-1 से लीड दिला दी.

दूसरे हाफ के अंतिम मिनटों में भारत की तरफ से दो गोल हुए. 58वें मिनट में सुखजीत सिंह ने मैदानी गोल किया. इसके बाद 59वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक का फायदा उठाते हुए गोल दागा. हालांकि, ये गोल भारत की जीत के लिए काफी नहीं थे. अर्जेंटीना ने इस मुकाबले में टीम इंडिया को 5-3 से हराकर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया.

Advertisement

ये भी पढ़ें: भारत के खिलाफ अफगानिस्तान ने कप्तान बदला, नवीन-राशिद की हुई वापसी

ग्रुप में सबसे नीचे रहा भारत

दूसरे राउंड में पूल E में भारत सबसे नीचे रहा. भारतीय टीम दूसरे राउंड में एक भी मैच नहीं जीत पाई. उसे पहले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ 3-1 से हार मिली थी. जबकि, दूसरे मुकाबले में अर्जेंटीना ने उसे 5-3 से शिकस्त दी. इस जीत के बाद अर्जेंटीना की टीम हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई.

टीम इंडिया का सपना टूटा

अर्जेंटीना से मिली हार के बाद, एक बार फिर भारत का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया. भारतीय टीम बीते 51 सालों से हॉकी वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई. टीम इंडिया ने 1975 में आखिरी बार हॉकी वर्ल्ड कप जीता था. तब कुआलालंपुर में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया था.

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement