देखो वो आ गया! वो आदमी जिसने छक्का मारा था तो गेंद नीचे ज़रूर गिरी लेकिन एक समूचा देश हवा में कुछ इंच ऊपर उठा गया. इंडिया वर्ल्ड कप जीत गया था. एमएस धोनी. टेस्ट मैच खेलना छोड़ चुका है इसलिए कुछ देर में साउथ अफ़्रीका पहुंचा. वन-डे और टी-20 खेलने के लिये. इंडिया ने टेस्ट सीरीज़ 2-1 से हारी है. हमने इतिहास में 3 ही टेस्ट मैच जीते हैं साउथ अफ़्रीका में. इसके बाद 1 फ़रवरी से वन-डे मैच शुरू होने हैं. इंडियन टीम साउथ अफ़्रीका में प्रैक्टिस कर रही है. इस बीच उनकी प्रैक्टिस के बीच से एमएस धोनी का प्रैक्टिस करते हुए विडियो आया है. विडियो में धोनी को देखते ही पिछले लगभग एक महीने में इंडिया की हुई दुर्दशा से छुटकारा मिलने का कुछ दिलासा मिलने लगा है. धोनी और कोहली एक बार फिर से मैदान पर बातें करते हुए दिखेंगे. एक बार फिर धोनी फ़ील्डिंग सेट करेंगे. एक बार फिर वो कोहली को डीआरएस लेने या नहीं लेने के लिए कहेंगे और हर बार वो सही ही साबित होंगे.
इंडिया ने साउथ अफ़्रीका में 47 मैच खेले हैं. इनमें से इंडिया ने 17 मैच जीते हैं और 26 मैच हारे हैं. 1 मैच टाई भी हुआ है और 3 मैचों में कोई भी नतीजा नहीं आ पाया. टी-20 में इंडिया की हालत काफ़ी ठीक है. इंडिया ने यहां 10 मैच खेले हैं जिसमें 6 जीते हैं, 2 हारे हैं और एक मैच टाई हुआ है.
ये भी पढ़ें:
मुंबई में एक और रन मशीन मिली है जिससे 1,045 रनों की पारी निकली है