इंडिया वर्सेज़ न्यूज़ीलैंड. अभी अभी टेस्ट सीरीज़ खतम हुई है. इंडियन टीम ने क्लीन स्वीप किया है. व्हाइट वाश. सूपड़ा साफ़. झाड़-पोंछ के किनारे. इंडियन टीम पाकिस्तान को हटाकर नम्बर एक टेस्ट टीम बन गयी है. चमकती हुई गदा विराट कोहली के हाथ में है. अगले पूरे एक साल इंडिया को सभी मैच इंडिया में ही खेलने हैं. 10 तो खाली टेस्ट मैच ही हैं. इस हाल में इंडिया का भविष्य आशुतोष सा उज्जवल मालूम दे रहा है. अब नंबर आया है वन-डे मैचों का. इंडियन ज़मीन पर. पहला मैच धर्मशाला में है. सामने होगी न्यूज़ीलैंड. और इस बार मामला कड़ा होगा. क्यूंकि न्यूज़ीलैंड टेस्ट में भले ही थोड़ी लुल्ल हो लेकिन वन-डे और टी-20 में एकदम वैसा परफॉर्म करती है जैसा उर्वशी-उर्वशी गाने में प्रभु देवा नाचता है. आप मुंह खोले बैठे रहेंगे और वो तांडव कर जायेंगे. और इस के लिए टीम में आये हैं कप्तान महिंदर सिंह धोनी. पिछले कुछ दिनों में अपनी फ़िल्म के प्रमोशन, उसके रिलीज़ और फिर उसकी सफ़लता के मजे लेने के बाद वो वापस उस काम के लिए आ गए हैं जिसके लिए शायद उन्होंने अवतार लिया है. इंडिया की नीली जर्सी पहन टीम को लीड करने के लिए. बीसीसीआई ने कुछ फोटुएं ट्वीट की. और कहा, "देखो, कौन आ गया है." और सच, हर इंडियन क्रिकेट फैन के लिए ये एक बहुत ही सुखद अहसास था. एम एस धोनी, काली टीशर्ट और केमोफ्लॉज पैंट में प्लेन में बैठे थे.

साथ ही अगली फ़ोटो में इंडियन कोच अनिल कुम्बले टीम स्टाफ़ के साथ एयरपोर्ट पर दिखे.

विराट कोहली फैन्स के साथ सेल्फी ले रहे थे. कोहली ने हाल ही में कहा था कि वो जितना हो सकता है उनकी ओर हाथ हिलाते लोगों को जवाब देते हैं. वो कहते हैं कि फैन्स जितना ज़्यादा खुश होंगे, वो खुद उतना ही खुश होते हैं. उदाहरण सामने है.
