मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने एक बार फिर डोमेस्टिक क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. वह बंगाल की रणजी टीम का हिस्सा हैं. बंगाल और दिल्ली के बीच रणजी ट्रॉफी 2026-2027 का मुकाबला बंगाल के कल्याणी में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में मोहम्मद शमी ने बॉलिंग से कहर बरपाया. उनकी शानदार गेंदबाजी को दिल्ली के बैटर झेल नहीं पाए. उन्होंने अपनी पेस और स्विंग से अपोनेंट बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. शमी ने धारदार बॉलिंग करते हुए दिल्ली को पहली पारी में 240 रनों पर समेट दिया. उन्होंने 4 विकेट चटकाए. शमी ने मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करके टीम इंडिया में अपनी वापसी की उम्मीद को बरकरार रखा है.
मोहम्मद शमी की बॉलिंग का कहर बरपा, दिल्ली की पूरी टीम 240 पर समेट दी
Mohammed Shami ने रणजी ट्रॉफी मैच में दिल्ली के खिलाफ अपनी बॉलिंग से कहर बरपाया. उनकी धुआंधार गेंदबाजी के आगे दिल्ली के बैटर खुलकर नहीं खेल पाए.

मोहम्मद शमी जब दिल्ली के खिलाफ बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर उतरे, तो वह अलग रंग में नजर आए. मैच में उन्होंने अपनी पेस और स्विंग से इम्पैक्ट डाला. उनकी गेंदें खेलने में दिल्ली के बैटर्स को काफी परेशानी हुई. उन्होंने सबसे पहले दिल्ली के मिडिल ऑर्डर बैटर यश धुल को अपना शिकार बनाया. वह शमी की एक गेंद को आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में बल्ले का किनारा दे बैठे. उनका कैच विकेटकीपर अभिषेक पोरेल ने पकड़ा.
इसके बाद मोहम्मद शमी ने आयुष दोसेजा को पवेलियन की राह दिखाई. आयुष बंगाल के लिए खतरा बन रहे थे. उन्होंने सार्थक रंजन और आयुष बदोनी के साथ साझेदारी करके दिल्ली को मजबूती दी. लेकिन, वह जब 45 रनों पर थे, तब शमी ने उन्हें LBW आउट कर दिया. यह दिल्ली की टीम के लिए बड़ा झटका था.
टी टाइम तक दिल्ली का स्कोर 7 विकेट पर 164 रन था. दिविज मेहरा 12 और ऋतिक शौकीन 10 रन बनाकर खेल रहे थे. दोनों की कोशिश पारी को आगे बढ़ाने और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की थी. लेकिन, शमी ने कमबैक करते हुए लोअर ऑर्डर के बैटर्स को टिकने नहीं दिया.
उन्होंने दिविज मेहरा को 24 रनों पर बोल्ड कर दिया. यह मैच में शमी का तीसरा विकेट था. इसके बाद उन्होंने बंगाल को सबसे बड़ी सफलता दिलाई. शमी ने फिफ्टी लगाकर खेल रहे ऋतिक शौकीन को चलता किया. ऋतिक ने 56 रन बनाए. वह दिल्ली के 10वें विकेट के तौर पर आउट हुए. शमी ने 17.3 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट लिए.
ये भी पढ़ें: संजू सैमसन ने वैभव सूर्यवंशी की राह आसान कर दी! अगले मैच में मिलेगा मौका?
इस तरह मोहम्मद शमी ने मैच में धुआंधार बॉलिंग करते दिखाया कि उनमें अभी बहुत दम है. वह टीम इंडिया के लिए अभी भी शानदार गेंदबाजी कर सकते हैं. उनका इरादा टीम में वापसी करना है.
बता दें कि 36 साल के मोहम्मद शमी करीब दो साल से भारत की सीनियर टीम से बाहर हैं. उन्होंने भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च 2025 को दुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. यह मुकाबला ICC चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल था, जिसे टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीता था. इस मैच के बाद से मोहम्मद शमी को टीम से ड्रॉप कर दिया गया था. तब से वह टीम से बाहर चल रहे हैं.
वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया









