मोहम्मद कैफ ने सिराज की यही फोटो ट्वीट की है. तीसरे टेस्ट से पहले सिराज राष्ट्रगान के वक्त रो दिए थे.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैच की सीरीज़ का तीसरा मैच शुरू हो चुका है. सिडनी में. पहले दिन बारिश की वजह से 55 ओवर का ही खेल हो सका, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर 166 रन बनाए. मैच की शुरुआत में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत मिली, जब मोहम्मद सिराज ने ख़तरनाक डेविड वॉर्नर को सिर्फ पांच रन के निजी स्कोर पर पैवेलियन वापस भेज दिया. हालांकि सिराज ये विकेट लेने से पहले ही किसी और वजह से चर्चा में आ चुके थे.
राष्ट्रगान में रो पड़े सिराज
दरअसल मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी राष्ट्रगान के लिए मैदान पर जुटे थे. इसी दौरान जब भारत का राष्ट्रगान गाया जाने लगा तो सिराज भावुक हो गए. वो आंसू पोंछते दिखे. सिराज ने इसी सीरीज़ के दूसरे मैच से अपना टेस्ट डेब्यू किया था. देश के लिए टेस्ट मैच खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी बात होती है. इसी वजह से सिराज अपने दूसरे टेस्ट मैच से पहले भावुक हो गए. इसी टूर के दौरान ही सिराज के पिता का निधन हो गया था. टीम इंडिया ने उन्हें वापस घर जाने का विकल्प दिया था, लेकिन सिराज ने टीम के साथ रुकने का फैसला किया था. मैच के बाद उन्होंने कहा –
“नेशनल एंथम के टाइम पर डैड की याद आ गई थी. तो इसीलिए. डैड चाहते थे कि टेस्ट क्रिकेट खेले मेरा बेटा. आज वो रहते तो देख पाते.”
सिराज के इस मूमेंट पर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लिखा –
“मैं बस यही चाहता हूं कि कुछ लोग हमेशा इस तस्वीर को याद रखें. वो #sirajmohammed है और उसके लिए राष्ट्रगान इतना मायने रखता है.”
वसीम जाफर ने ट्वीट किया –
“चाहे कम दर्शक हों या कोई दर्शक न हों, भारत के लिए खेलने से बड़ा मोटिवेशन कुछ नहीं होता. जैसा कि एक महान खिलाड़ी ने कहा था – आप दर्शकों के लिए नहीं खेलते, आप देश के लिए खेलते हैं.”
BCCI ने भी सिराज की इस तस्वीर को रीट्वीट किया.
इरफान पठान ने भी लिखा कि राष्ट्रगान हर भारतीय को भावुक कर देता है.
अपने पहले टेस्ट में सिराज ने पांच विकेट निकाले थे. पहला टेस्ट शिकार मार्नस लाबुशेन के रूप में किया था. दूसरे मैच में अब तक उन्होंने एक विकेट लिया है. वो भी दिग्गज डेविड वॉर्नर का.