The Lallantop

माइकल वॉन पर किसने लगाया नस्लभेद का आरोप?

संकट में आया हेडिंग्ली का मैदान.

Advertisement
post-main-image
Michael Vaughan और Headingley का मैदान दोनों पर छाए संकट के बादल (एपी, सोशल मीडिया से साभार)
माइकल वॉन. इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान. आजकल कॉमेंट्री और ट्विटर पर चुहल करते हैं. लगातार भारतीय फ़ैन्स के मजे लेने के लिए कुख्यात वॉन अब मुश्किल में पड़ते दिख रहे हैं. पूर्व पाकिस्तानी पेसर राणा नवीद उल हसन ने उन पर बड़े आरोप लगाए हैं. नवीद का दावा है कि वॉन ने यॉर्कशर में एशियन मूल के प्लेयर्स पर नस्लभेदी कमेंट्स किए थे. उस वक्त यॉर्कशर के लिए खेल रहे नवीद का दावा है कि वह 2009 में ट्रेंट ब्रिज में अज़ीम रफीक़ के साथ खड़े थे जब वॉन ने कहा था,
'तुम जैसे लोग बहुत हो गए हैं. हमें इसके लिए कुछ करना होगा.'
बता दें कि उस वक्त यॉर्कशर में नवीद और रफीक़ के साथ कुल चार एशियाई मूल के प्लेयर थे. इससे पहले गुरुवार, 4 नवंबर को वॉन ने स्वीकार किया था कि रफ़ीक के मामले में आई यॉर्कशर की रिपोर्ट में उनका नाम है. लेकिन इसके बाद उन्होंने टेलिग्राफ के अपने कॉलम में ऐसे तमाम आरोपों से इनकार किया था. वॉन ने कहा था,
'मैं इन बातों को सिरे से खारिज़ करता हूं कि मैंने वो शब्द कहे थे. इससे मुझे गहरा आघात लगा है. यह कुछ ऐसा था जैसे किसी ने आपके सर पर ईंट से हमला कर दिया हो. मैं 30 सालों से क्रिकेट से जुड़ा हूं और मुझपर कभी भी ऐसा कोई आरोप नहीं लगा. ना क्रिकेटर के रूप में और ना ही कॉमेंटेटर के रूप में.'
वॉन के इस कॉलम के बाद क्रिकइंफो ने नवीद से बात की. नवीद ने इस बातचीत में अपने आरोपों की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि वॉन ने ऐसे कमेंट्स किए थे और अगर किसी तरह की इन्कॉयरी होती है तो वह सबूत देने के लिए तैयार हैं. बता दें कि वॉन पर यह आरोप उनके पूर्व टीममेट गैरी बैलेंस की स्वीकारोक्ति के बाद लगे हैं. यॉर्कशर द्वारा जारी किए गए एक बयान में बैलेंस ने स्वीकार किया कि वह रफीक़ के साथ बातचीत में '*की' शब्द का प्रयोग करने वाले प्लेयर हैं. इस पूरे विवाद में सबसे हालिया अपडेट यह है कि यॉर्कशर के चेयरमैन रॉजर हटन ने अपनी पोस्ट से इस्तीफा दे दिया है. जबकि यॉर्कशर के घरेलू स्टेडियम हेडिंग्ली को इंटरनेशनल और बड़े मैचों के आयोजन से सस्पेंड कर दिया गया है. इसके साथ ही टीम ने एमरल्ड, नाइकी टेटली और यॉर्कशर टी जैसे स्पॉन्सर भी गंवा दिए हैं.

Advertisement
Advertisement