The Lallantop

मेसी की इमोशनल विदाई! 1 गोल, 2 असिस्ट के साथ चैंपियन ने मैदान पर बिखेरा जादू

Messi Farewell Match : कप्तान Lionel Messi अंतिम बार अर्जेंटीना के लिए खेलने उतरे. इस दौरान उन्होंने 71वें मिनट में पेनल्टी से एक गोल किया. वहीं, दो गोल में उन्होंने असिस्ट भी किया.

Advertisement
post-main-image
मेसी ने फेयरवेल मैच में 1 गोल दागा और दो असिस्ट दिए. (Courtesy : AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपना 208वां और अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए एक गोल किया और दो असिस्ट दिए, जिससे टीम ने बेनिन के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की।
  • यह विदाई मैच एक भावुक माहौल में खेला गया क्योंकि मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल में अपने 126 गोलों के साथ अपने करियर का अंत किया, जो अर्जेंटीना के लिए सर्वाधिक है।
  • मैच के बाद स्टेडियम में मेसी को ड्रोन्स शो के जरिए विदाई दी गई, और उनका नंबर 10 जर्सी म्यूरल बनाया गया, जो उनके फुटबॉल करियर के अंत का प्रतीक है।

लियोनल मेसी. फुटबॉल का वो जादूगर, जिसके पैरों से गेंद चिपक जाए तो सामने वाली टीम के डिफेंडर्स की हवा निकल जाती है. आख‍िरी बार अर्जेंटीना की नीली-सफेद जर्सी में उतरा. मौका विदाई मैच का था. स्टेडियम में बैठे फैंस की आंखें नम थीं. लेकिन, मैदान पर इस GOAT का भौकाल एकदम टाइट था. मेसी ने अपने विदाई मैच में 1 गोल दागा और 2 धांसू असिस्ट दिए. मतलब, टीम के खाते में आए हर गोल में मेसी का ही नाम दर्ज था. जाते-जाते भी ये दिग्गज खिलाड़ी दुनिया को बता गया कि आखिर क्यों उसे सदी का सबसे महान फुटबॉलर कहा जाता है? आइए आपको विस्तार से बताते हैं कि विदाई मैच में भी मेसी ने कैसे गदर काटा?

Advertisement

ब्यूनस आयर्स का मैदान. अर्जेंटीना और बेनिन का मैच. लेकिन ये कोई आम मैच नहीं था. ये उस जादूगर का आखिरी इंटरनेशनल मैच था, जिसने सालों तक फुटबॉल की दुनिया पर राज किया है. 39 साल के लियोनल मेसी अपने 208वें और आखिरी इंटरनेशनल मैच में उतरे. माहौल पूरी तरह से जज्बाती था. लेकिन इस विदाई मैच में भी मेसी का जलवा कायम रहा. अर्जेंटीना ने इस मैच में बेनिन को 3-0 से धो दिया. इस जीत के हीरो भी लियोनल मेसी ही रहे. मेसी ने 1 गोल दागा और 2 धांसू असिस्ट दिए. यानी टीम के खाते में आए हर गोल में मेसी का ही नाम दर्ज था.

मैच में क्या हुआ?

शुरुआत से ही स्टेडियम में बैठे फैंस अपने सबसे बड़े हीरो को ट्रिब्यूट देने के लिए बेताब थे. अर्जेंटीना ने भी बेनिन पर लगातार दबाव बनाए रखा. मैच का पहला गोल निकोलस ओटामेंडी ने एक कॉर्नर किक पर दागा. लेकिन दिलचस्प बात ये है कि सेंटर-बैक ओटामेंडी का भी ये नेशनल टीम के लिए आखिरी मैच था. इसके कुछ ही मिनटों बाद युवा निको पाज ने गेंद को गोल पोस्ट के दूर वाले कोने में कर्ल करते हुए एक बेहतरीन गोल दाग दिया.

Advertisement

अब बारी थी उस पल की, जिसका हर फैन को इंतजार था. माने मेसी के गोल की. हाफ टाइम तक मेसी के खाते में गोल नहीं था. लेकिन विदाई की इस शाम में मेसी का गोल तो जैसे तय ही था. 71वें मिनट में अगस्टिन गियाय को बॉक्स के अंदर गिरा दिया गया. अर्जेंटीना को पेनल्टी मिल गई. मेसी ने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया. उन्होंने गेंद को नेट में पहुंचाकर इस ऐतिहासिक मैच को और यादगार बना दिया. ये उनके इंटरनेशनल करियर का 126वां गोल था. इस गोल के साथ ही अर्जेंटीना की 3-0 की जीत पर मुहर लग गई.

मेसी ने इस गोल के साथ ही अपने इंटरनेशनल करियर का अंत 126 गोल के साथ किया. अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा गोल दागने के मामले में वो बाकी सबसे मीलों आगे हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर गैब्रियल बतिस्तुता आते हैं. बतिस्तुता ने 56 गोल दागे हैं. तीसरे नंबर पर लाउतारो मार्टिनेज हैं, जिन्होंने अब तक 42 गोल दागे हैं. मतलब साफ है कि आने वाले लंबे समय तक कोई भी अर्जेंटीनी खिलाड़ी मेसी के इस रिकॉर्ड के आस-पास भी नहीं फटकने वाला.

Advertisement

ये भी पढ़ें : BCCI ने सिलेक्शन कमेटी में 'वेकेंसी' निकाली, जानें कौन कर सकता है अप्लाई 

ड्रोन शो के साथ दी गई विदाई

मैच से पहले और मैच के बाद, पूरा माहौल मेसी के ही नाम रहा. 8 बार के बैलन डिओर विजेता को शानदार ट्रिब्यूट दिया गया. इस दौरान मेसी कई बार भावुक नजर आए. दर्शक दीर्घा में मेसी का परिवार भी था. मेसी की तरह उनकी पत्नी भी कई बार भावुक नज़र आईं. वहीं, मैच खत्म होने के बाद सारे फैंस स्टेडियम में ही रुके रहे. वो अपने हीरो को ठीक से अलविदा कहना चाहते थे.

मैदान के बीचों-बीच मेसी की नंबर 10 जर्सी का म्युरल रखा गया. फिर एक शानदार ड्रोन शो आसमान में शुरू हुआ. ड्रोन्स ने पहले अर्जेंटीना का झंडा बनाया. फिर 'Messi, 10' लिखा. इसे देखकर पूरा स्टेडियम खुशी से झूम उठा. इसके बाद, आसमान में 'ग्रासियास लियो' (शुक्रिया लियो) और 'ग्रासियास अर्जेंटीना' लिखा गया. अंत में ड्रोन्स ने मेसी के चेहरे की शानदार साइड प्रोफाइल बनाई.

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मेसी को साथियों ने घेर लिया. इस दौरान कैमरे में कैद हुए मेसी के आंसू बता रहे थे कि ये पल उनके लिए क्या मायने रखता है? पूरा स्टेडियम लगातार 'मेसी-मेसी' के नारों से गूंज रहा था. इसी के साथ फुटबॉल के एक सुनहरे युग का भी अंत हो गया. जाते-जाते भी मेसी के लिए ये एक परफेक्ट फेयरवेल साबित हुआ. अब वो सिर्फ इंटर मियामी की जर्सी में दिखेंगे. लेकिन, कब तक? ये जवाब अभी सिर्फ मेसी के पास है.

वीडियो: पिता के निधन से टूटे Lionel Messi, संन्यास को लेकर किया बड़ा ऐलान

Advertisement