The Lallantop

हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का फ्लॉप शो, क्या MI मैनेजमेंट रोहित को वापस देगा कमान?

मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर हार्दिक पंड्या अब तक कमजोर साबित हुए हैं. टीम मैनेजमेंट को उनसे जो उम्मीद थी, उस पर खरे नहीं उतरे. आंकड़ों पर गौर करें, तो हार्दिक 33 मैचों में मुंबई की कप्तानी कर चुके हैं. इस दौरान MI ने 14 मैच जीते और 19 मुकाबले हारे हैं.

Advertisement
post-main-image
IPL 2026 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम अब तक एक मेैच जीती है. (फोटो-PTI)

IPL 2024 के ऑक्शन से पहले  मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के बीच हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को लेकर ट्रेड डील हुई थी. गुजरात ने 15 करोड़ रुपये में हार्दिक को मुंबई ट्रेड कर दिया. इस डील की वजह से हार्दिक की मुंबई इंडियंस में दोबारा वापसी हुई. मुंबई लौटने से पहले धाकड़ ऑलराउंडर ने अपनी कप्तानी में GT को पहले ही सीजन (2022) में खिताब जिताया था. इसके बाद, उनकी कैप्टेंसी में गुजरात टाइटंस 2023 में फिर फाइनल में पहुंचा. लेकिन, इस बार खिताबी मुकाबले में उसे CSK से हार मिली. पंड्या के फ्लॉप शो के बीच रोहित शर्मा को फिर से मुंबई का कप्तान बनाने के दावे भी शुरू हो गए हैं। 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
मुंबई के लिए हार्दिक क्यों जरूरी थे?

जब, हार्दिक की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने लगातार दो बार फाइनल में एंट्री की, तो वह सबकी नजरों में आ गए. कोई भी कप्तान हो, जब लगातार दो बार अपनी टीम को फाइनल में ले जाता है, तो उसके नेतृत्व की वाहवाही होना लाजिमी है. GT की दो सीजन से कप्तानी कर रहे हार्दिक 'टॉक ऑफ टाउन' बने हुए थे. मुंबई इंडियंस की उन पर नजर थी. मुंबई की नजर हार्दिक पर इसलिए भी थी कि टीम 2020 के बाद से कोई खिताब नहीं जीत पाई है. इस दौरान 5 बार खिताब जिता चुके रोहित की कप्तानी में टीम लगातार असफल हुई. टीम मैनेजमेंट कप्तान बदलने की सोच रहा था. 

हार्दिक की 2024 में वापसी हुई

IPL 2024 के ऑक्शन से पहले गुजरात और मुंबई के बीच हार्दिक को लेकर डील पक्की हो गई. हार्दिक ने मुंबई में इस शर्त पर वापसी की कि वह कप्तान बनेंगे. खैर, मुंबई इंडियंस का खेमा उन्हें पहले से कप्तान बनाने की सोच रहा था. ऐसे में रोहित को टीम की कप्तानी छोड़नी पड़ी. हालांकि, जब रोहित ने MI की कप्तानी छोड़ी, तो ऐसा कहा गया कि वह मुंबई छोड़कर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी का रुख करेंगे. लेकिन बाद में, रोहित ने साफ किया कि मुंबई उनकी टीम है और वह इसी टीम के लिए खेलेंगे.

Advertisement
मुंबई की किस्मत नहीं बदली

IPL 2024 में हार्दिक के कप्तान बनने के बाद ऐसी उम्मीद थी कि मुंबई बेहतर प्रदर्शन करेगी. टीम मैनेजमेंट को भरोसा था कि हार्दिक की कैप्टेंसी में टीम को लय मिल जाएगी. लेकिन, ऐसा हो न सका. IPL 2024 में मुंबई इंडियंस हार्दिक की लीडरशिप में बद से बदतर हो गई. इस सीजन टीम 14 में से 4 मैच जीत पाई. आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही. टीम के शर्मनाक प्रदर्शन से हार्दिक भी निराश हुए और उन्होंने 2025 में दमदार वापसी करने की बात कही.

2025 में प्लेऑफ में पहुंची MI

IPL 2025 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. बीते सीजन हार्दिक के वादे के मुताबिक, टीम की वापसी जबरदस्त रही. आईपीएल 2025 में मुंबई ने 14 में से 8 मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई. टीम की दमदार वापसी से लगा कि वह खिताब की दावेदार है. इस बीच हार्दिक ने कप्तानी करते हुए कुछ इम्पैक्टफुल पारियां भी खेली. 2025 के सीजन में उन्होंने 12 इनिंग्स में 224 रन बनाए. उनके अलावा, बाकी बैटर्स का प्रदर्शन भी शानदार रहा. IPL 2025  में सूर्यकुमार यादव ने 717, रोहित शर्मा ने 418, रायन रिकल्टन ने 388, तिलक वर्मा ने 343, नमन धीर ने 252 और विल जैक्स ने 233 रन बनाए.

ये भी पढ़ें: राशिद खान ने भारत की नागरिकता तो ठुकराई, लेकिन इस देश को भी मना कर दिया

Advertisement

आईपीएल 2025 में जहां मुंबई के बैटर्स ने धमाल मचाया, वहीं दूसरी तरफ बॉलर्स ने बॉलिंग में कमाल किया. ट्रेंट बोल्ट 22 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे. जसप्रीत बुमराह ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए 18 विकेट झटके. इस मामले में हार्दिक पंड्या तीसरे नंबर पर रहे. उन्होंने 14 विकेट लिए.

एलिमिनेटर में GT  को हराया

30 मई 2025 को एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई का सामना गुजरात से हुआ. इस मुकाबले में मुंबई का टोटल डोमिनेंस दिखा. मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 228 रन बनाए. 229 रनों का टारगेट चेज करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम 6 विकेट पर 208 रन बना पाई. इस तरह मुंबई ने यह मुकाबला 20 रनों से जीतकर दूसरे क्वालिफायर का टिकट कटाया.

पंजाब ने फेरा पानी

1 जून 2025 को मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच दूसरा क्वालिफायर अहमदाबाद में हुआ. मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 203 रन बनाए. 204 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी पंजाब की टीम ने 6 गेंदें बाकी रहते 5 विकेट से दूसरा क्वालिफायर जीत लिया.पंजाब ने फाइनल में एंट्री की और मुंबई इंडियंस की टीम बाहर हो गई. इस तरह IPL 2025 में मुंबई इंडियंस का ट्रॉफी जीतने का सपना चकनाचूर हो गया. यह हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था.

IPL 2026 में लय नहीं पकड़ पाई MI

IPL 2026 की  बात की जाए, तो हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अभी तक निराशाजनक रहा है. उनकी कैप्टेंसी में इस सीजन मुंबई जीत की लय नहीं पकड़ पाई. मौजूदा टूर्नामेंट में कई बार उनकी लचर कप्तानी देखने को मिली. IPL 2026 में मुंबई का हाल बेहाल है. वह 5 मैचों में सिर्फ एक मुकाबला जीत पाई है. इस सीजन में मुंबई इंडियंस 2 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है.

आईपीएल 2026 में हार्दिक की कप्तानी में कई पैच देखने को मिले हैं. वह स्टार बॉलर जसप्रीत बुमराह का सही ढंग से इस्तेमाल करने में नाकाम रहे. वह बुमराह से अलग-अलग फेज में बॉलिंग करवा रहे हैं. जिसके चलते जसप्रीत बुमराह IPL 2026 में अब तक विकेट नहीं ले पाए हैं. आईपीएल के इतिहास में यह पहली बार है, जब बुमराह 5 मैचों में विकेटलेस रहे हैं.

हाल ही में पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर सवाल उठाए.पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई को मिली हार के मनोज ने कहा, ‘हार्दिक की बॉलिंग रोटेशन और फील्ड सेट करने की स्ट्रेटजी टीम के काम नहीं आई. पांच बार की चैंपियन मुंबई से इस तरह के दिशाहीन प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी. इसका सीधा असर हार्दिक के कप्तानी के अनुभव की कमी या प्रेशर न झेल पाने के रूप में दिख रहा है.’

 कैप्टन के तौर पर नाकाम हार्दिक

मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर हार्दिक पंड्या अब तक कमजोर साबित हुए हैं. टीम मैनेजमेंट को उनसे जो उम्मीद थी, उस पर खरे नहीं उतरे. आंकड़ों पर गौर करें, तो हार्दिक 33 मैचों में मुंबई की कप्तानी कर चुके हैं. इस दौरान MI ने 14 मैच जीते और 19 मुकाबले हारे हैं. इन आंकड़ों से पता चलता है कि हार्दिक अपनी रणनीति बेहतर ढंग से लागू नहीं कर पाए.

अब रोहित क्यों जरूरी हैं?

हार्दिक की नाकामी के बाद क्या रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी देनी चाहिए? इस पर चर्चा हो रही है. क्योंकि रोहित टीम को 5 ट्रॉफी जिता चुके हैं. इसके अलावा उनके पास इंटरनेशल क्रिकेट से लेकर लीग क्रिकेट में कप्तानी करने का बहुत लंबा अनुभव है. कप्तानी के एक्सपीरिएंस के मामले में हार्दिक, रोहित के आगे कहीं नहीं टिकते. अगर मुंबई इंडियंस टीम मैनेजमेंट रोहित को दोबारा कप्तान बनाता है, तो यह टीम के लिए फायदेमंद होगा. रोहित वो प्लेयर हैं जो मुंबई को अभी जीत की पटरी पर ला सकते हैं. हिटमैन में प्रेशर हैंडल करने की खूबी है. इसके अलावा, वह गेंदबाजों को बेहतर ढंग से रोटेट करते हैं. अगर हिटमैन कप्तान बनते हैं, तो उनका अनुभव मुंबई इंडियंस के काम आएगा. 

वीडियो: रोहित शर्मा और संजू सैमसन का कौन-सा पुराना वीडियो वायरल हो रहा?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement