The Lallantop

243 रन बनाकर भी क्यों हार गई मुंबई इंडियंस? हार्दिक पंड्या की ये गलती तो नहीं बनी हार का कारण!

IPL 2026 : MI vs SRH में इस सीजन सबसे बड़ा टोटल बनाने के बावजूद मुंबई इंडियंस ये मुकाबला हार गई. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 8 गेंद रहते मैच अपने नाम कर लिया.

Advertisement
post-main-image
हार्दिक पंड्या ने मैच के दौरान टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था. (फोटो-AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 में वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 243 रन बनाकर रिकॉर्ड बनाया, लेकिन अंतिम 8 गेंदों में हार का सामना करना पड़ा।
  • कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जबकि पिछले 21 मैचों में वानखेड़े में कप्तान गेंदबाजी चुनते आ रहे थे, जिससे विरोधी टीम को लाभ मिला।
  • इस हार के बाद मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सबसे नीचे आ गई है और टीम को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए रणनीति और सुधार करना आवश्यक हो गया है।

मुंबई इंडियंस (MI) के लिए IPL 2026 किसी बुरे सपने जैसा साबित हो रहा है. 29 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में वो हुआ, जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. मुंबई ने अपनी पारी में 243 रनों का पहाड़ खड़ा किया. ये इस सीजन उनका सबसे बड़ा स्कोर था. लेकिन, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बल्लेबाजों ने इस पहाड़ को भी बौना साबित कर दिया. उन्होंने 8 गेंद रहते ही जीत हासिल कर ली. 

Advertisement

इस हार के बाद मुंबई इंडियंस अब पॉइंट्स टेबल में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ सबसे नीचे की लड़ाई लड़ रही है. 8 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ MI का खेल अब पूरी तरह बिगड़ चुका है. हालांकि, इस हार के पीछे कहीं कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) का ब्लंडर तो नहीं?

टॉस के दौरान हो गई गलती?

दरअसल, मैच की शुरुआत में ही कप्तान हार्दिक पंड्या ने सबको चौंका दिया. वानखेड़े के मैदान पर पिछले 21 मैचों से हर कप्तान टॉस जीतकर गेंदबाजी चुन रहा था, क्योंकि यहां ओस दूसरी पारी में बैटिंग को आसान बना देती है. लेकिन, हार्दिक ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया.

Advertisement

मैच के बाद जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा,

मुझे नहीं लगता कि ओस ने कोई बड़ी भूमिका निभाई. बस SRH ने बेहतरीन शॉट्स खेले. हमने कुछ खराब गेंदें फेंकी और उन्हें शानदार शुरुआत मिल गई.

फील्डिंग ने डुबोई लुटिया

244 रनों का बचाव करने उतरी MI की शुरुआत बेहद खराब रही. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले के 6 ओवरों में ही 92 रन ठोक दिए. इस दौरान मुंबई की किस्मत ने भी साथ नहीं दिया. नमन धीर ने दो कैच छोड़े, विल जैक्स ने एक मुश्किल मौका गंवाया और ट्रेविस हेड के बल्ले का एक किनारा तो टीम ने रिव्यू ही नहीं किया, वरना वो तभी आउट हो जाते.

Advertisement

हार्दिक ने इस पर मायूसी जताते हुए कहा,

यह पूरा सीजन ही ऐसा रहा है. जब आप मौके पकड़ते हैं, तभी मोमेंटम बदलता है. अगर आप चांस छोड़ेंगे, तो हार ही मिलेगी.

ये भी पढ़ें : रिकल्टन ने MI के लिए वो करनामा किया, जो रोहित और जयसूर्या भी नहीं कर सके थे!

जसप्रीत बुमराह को क्या हुआ है?

मुंबई की गेंदबाजी इस सीजन में उनकी सबसे कमजोर कड़ी रही है. हालत यह थी कि टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने 4 ओवरों में 54 रन लुटा दिए. यह उनके टी20 करियर का चौथा सबसे महंगा स्पेल रहा. वहीं, इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए शार्दुल ठाकुर का कप्तान ने इस्तेमाल तक नहीं किया.

क्या मुंबई इंडियंस मान चुकी है हार?
मुंबई ने इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 22 खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा है. हालांकि, जीत का कॉम्बिनेशन उन्हें अभी तक नहीं मिला. टीम की हालत देखकर हार्दिक भी थोड़े लाचार नजर आए. उन्होंने कहा,

इस सीजन हमारे पास बहुत ज्यादा विकल्प नहीं बचे हैं. हमें देखना होगा कि हम क्या अलग कर सकते हैं? मैं अपने बॉलर्स को दोष नहीं दूंगा, लेकिन एक यूनिट के तौर पर हम वो नहीं कर पाए, जिसके लिए मुंबई इंडियंस जानी जाती है.

फिलहाल इस हार के बाद टीम का मनोबल भी काफी डाउन नज़र आ रहा है. ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि क्या अब टीम इन्हें पीछे छोड़कर प्लेऑफ की दौड़ लगाएगी या इस सीजन उन्होंने पहले ही हार मान ली है?

वीडियो: RCB ने दिल्ली को एक तरफ़ा हार दी, दोबारा ट्रॉफी जीतने के कितने करीब है?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement