The Lallantop

रिंकू को ड्रॉप होना ही था... T20 World Cup की टीम इंडिया पर ऑस्ट्रेलियन दिग्गज का बड़ा दावा

Rinku Singh वर्ल्ड कप के लिए सेलेक्ट हुए 15 प्लेयर्स की भारतीय स्क्वॉड में नहीं हैं. इस बात पर खूब चर्चा चल रही है. और अब इस चर्चा में पूर्व ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर टॉम मूडी भी शामिल हो गए हैं.

Advertisement
post-main-image
रोहित ने हाल ही में रिंकू से मुलाकात की थी (PTI)

रिंकू सिंह पर बहुत बहस चल रही है. T20 World Cup के लिए भारत की टीम आई. रिंकू अंतिम 15 में नहीं थे. और ऐसा होते ही लोगों ने तमाम बातें शुरू कर दीं. अब इन बातों में टॉम मूडी की बातें भी शामिल हो गई हैं. मूडी का मानना है कि रिंकू को टीम की जरूरत के चलते बाहर किया गया. मूडी के मुताबिक टीम का बैलेंस बनाने के लिए रिंकू की जगह एक स्पिन बोलिंग ऑल राउंडर की जरूरत थी.

Advertisement

स्टार स्पोर्ट्स पर मूडी बोले,

'रिंकू सिंह के साथ, मैं नहीं सोचता कि इससे फ़र्क पड़ेगा कि वह बचे हुए IPL में कितने रन बनाते हैं. यह भारतीय टीम के बैलेंस के बारे में था. अजित आगरकर ने जिस तरह इस पर बात की, वो एकदम स्पष्ट थे. यह बस टीम के बैलेंस की बात थी. रिंकू सिंह को सिर्फ़ इसलिए बाहर किया गया क्योंकि वो सातवें नंबर पर लचीलापन लाने के लिए अक्षर पटेल के रूप में एक एक्स्ट्रा ऑल राउंडर चाहते थे. इसमें तीन अतिरिक्त स्पिनर्स खिलाने वाली बात भी नहीं है.

उनकी टक्कर दुबे से थी. दुबे आपको ऐसे बंदे का ऑप्शन देते हैं, जो छठे ऑप्शन के रूप में मीडियम पेस बोलिंग भी कर सकता है. और आपको दो कीपर्स चाहिए ही. आप टॉप ऑर्डर से किसी को बाहर कर नहीं सकते. आप जायसवाल, रोहित, विराट किसी को बाहर नहीं कर सकते. इसलिए टीम में जगह ही नहीं है.'

Advertisement

यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप की टीम आते ही हार्दिक ने रोहित को बैठा दिया!

भारत ने वर्ल्ड कप के लिए चार स्पिनर्स को चुना है. इस बारे में मूडी बोले,

‘मैं सोचता हूं कि वो इसलिए स्पिनर्स को ले जा रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि स्पिन ही जीतेगी. और ये उन्हें इस बात का बैलेंस भी देता है कि बिना चिंता किए छह और सात स्पेशलिस्ट बोलर्स और बैटर्स उतार सकें. इसके जरिए वह स्पिन ऑलराउंडर के रूप में अक्षर पटेल को खिला सकते हैं. इनके साथ रविंद्र जडेजा और कुलदीप मिलकर मजबूत प्लेइंग इलेवन बना सकते हैं.’

Advertisement

टीम अनाउंसमेंट के बाद रोहित और चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस की थी. और इसके बाद रोहित को वानखेडे स्टेडियम में रिंकू सिंह से बात करते देखा गया था. इस पर मूडी ने रोहित की तारीफ करते हुए कहा,

‘यह रोहित शर्मा का महान नेतृत्व है. वो पक्का कर रहे हैं कि वह ईमानदार हैं, सामने से आकर प्लेयर्स के साथ बात कर रहे हैं. जब कोई टीम में शामिल होता है, उससे बात करना आसान होता है. टीम में ना चुने गए व्यक्ति के साथ बात करना हमेशा मुश्किल रहता है. खासतौर से जब हालात ऐसे हों. इसलिए, प्लेयर्स रोहित की इतनी तारीफ़ करते हैं. वह बहुत, बहुत अच्छे लीडर हैं. और उनके पास वो सारी सॉफ़्ट स्किल्स हैं, जो बातचीत में बहुत महत्वपूर्ण हैं.’

टीम इंडिया T20 World Cup में अपना पहला मैच 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ़ खेलेगी. जबकि 9 तारीख़ को उनके सामने पाकिस्तान की टीम होगी.

वीडियो: बेस्ट फ़िनिशर को नहीं मिली वर्ल्ड कप टीम में एंट्री, गुस्साए वर्ल्ड कप चैंपियन ने सबको सुना दिया

Advertisement