The Lallantop

खुन्नस या एजेंडा... हार्दिक के पीछे हाथ धोकर क्यों पड़े हैं इरफ़ान पठान?

Hardik Pandya. बेचारे ने जबसे Mumbai Indians की कमान संभाली है, टीम के भाग्य ही बदल गए हैं. इन लोगों का बुरा हाल है. लगातार कई मैच हार चुके हार्दिक के पीछे एक शख्स हाथ धोकर पड़ा है.

Advertisement
post-main-image
हार्दिक को लगातार सुनाया जा रहा है (PTI File)

मुंबई इंडियंस को एक और हार मिली. लखनऊ सुपर जाएंट्स ने इन्हें चार विकेट से मात दी. इस हार के बाद इरफ़ान पठान ने X पर एक पोस्ट किया. इस पोस्ट में उन्होंने मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या को जमकर सुनाया. पठान ने लिखा,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'बीते बरस क्वॉलिफ़ाई करने वाली मुंबई इंडियंस के पास जसप्रीत बुमराह नहीं थे, लेकिन इस साल उनके पास बुमराह हैं. इसके बावजूद वो इस हालत में हैं. पूरी तरह से सिर्फ़ इसलिए क्योंकि ग्राउंड में टीम अच्छे से मैनेज नहीं की गई. उनके कप्तान हार्दिक पंड्या ने बहुत सारी ग़लतियां कीं. यह सच है.'

ये पहला वाकया नहीं है, जब पठान ने मुंबई की हार के लिए हार्दिक को जिम्मेदार ठहराया हो. 27 अप्रैल को मुंबई वालों को दिल्ली से मात मिली. इस पर इरफ़ान ने ट्वीट किया,

Advertisement

‘क्रिकेट बहुत छोटे अंतर का गेम है. दिल्ली को मुंबई के खिलाफ़ बहुत छोटे अंतर से जीत मिली. फ्रेजर मैक्गर्क के आगे बुमराह को शुरू करना चाहिए था क्योंकि उन्होंने कभी बुमराह का सामना नहीं किया था. चीजें शायद थोड़ी अलग हो सकती थीं.’

22 अप्रैल, मंडे को राजस्थान ने मुंबई को हराया. इस मैच में हार्दिक ने दस गेंदों पर दस रन बनाए. पठान ने ट्वीट किया,

'हार्दिक पंड्या की तेजी से रन बनाने की क्षमता खत्म होती जा रही है. ये बड़ी चिंता का विषय है. वानखेडे में वह अलग ही रहते हैं लेकिन जिन पिचेज़ पर बोलर्स को जरा सी भी मदद मिलती है, उनके लिए चिंता की बात हो जाती है.'

Advertisement

18 अप्रैल, गुरुवार को मुंबई ने पंजाब को नौ रन से हराया. इस मैच के दिन इरफ़ान ने हार्दिक पर एक ट्वीट नहीं किया. उन्होंने बुमराह और सूर्या को सराहा. एक टीम के रूप में मुंबई की भी तारीफ़ की. लेकिन हार्दिक के लिए उन्होंने कुछ नहीं कहा.

14 अप्रैल, मुंबई वाले चेन्नई के खिलाफ़ हारे. इस हार के बाद इरफ़ान लिखते हैं,

'हार्दिक पंड्या द्वारा आखिरी ओवर फेंकना आकाश मधवाल की क्षमताओं पर अविश्वास, और एक डेथ बोलर के रूप में हार्दिक में स्किल्स की कमी को साफ दिखाता है.'

11 अप्रैल को मुंबई जीती, इरफ़ान की X फ़ीड से पंड्या तुरंत गायब हो गए. 7 अप्रैल को मुंबई वालों ने दिल्ली को हराया. इस दिन पठान ने मैच पर कुल पांच ट्वीट किए. हार्दिक का नाम एक बार भी नहीं लिया. उन्होंने रोमारियो शेफ़र्ड को सराहा, बुमराह की तारीफ़ की. रोहित-ईशान और टिम डेविड पर भी बात की. लेकिन हार्दिक का कोई ज़िक्र नहीं आया.

1 अप्रैल, मुंबई को राजस्थान ने हराया. इरफ़ान ने बिना नाम लिए कई ट्वीट्स में हार्दिक पर निशान साधा. वह लिखते हैं,

'आप हमेशा चाहते हैं कि आपका लीडर कठिन काम करे. अगर वह ऐसा नहीं करता है तो वह अपनी टीम की रिस्पेक्ट नहीं जीत पाता है.'

इससे पहले इन्होंने लिखा था,

'अपने बेस्ट बोलर को पहले लाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है. अंततः बुमराह नई गेंद के साथ आए.'

इससे पहले वह बोले थे,

'जो लोग गेम को अच्छे से समझते हैं उन्हें पता है कि अगर आप सेट हैं, तो आपको टीम को अंत तक लेकर जाना ही है.'


27 मार्च को हैदराबाद ने मुंबई को हराया. इस दिन पठान ने एक पोस्ट में लिखा,

'हार्दिक पंड्या की कप्तानी साधारण ही रही है. ऐसी मार-कुटाई के दौरान बुमराह को बहुत देर तक बोलिंग से दूर रखना मेरी समझ से बाहर है.'

एक और पोस्ट में वह पंड्या पर हमला करते हुए लिखते हैं,

'अगर पूरी टीम 200 के स्ट्राइक रेट से खेल रही है तो कप्तान 120 के स्ट्राइक रेट से नहीं खेल सकता.'

24 मार्च को मुंबई ने सीज़न का पहला मैच खेला. इस दौरान भी इरफ़ान ने हार्दिक के खिलाफ़ पोस्ट की थी. वह लिखते हैं,

‘राशिद खान का एक ओवर बचे होने के हाल में हार्दिक से पहले टिम डेविड क्यों? मैं किसी भी दिन स्पिनर के खिलाफ़ विदेशी की जगह भारतीय बल्लेबाज चुनूंगा.’

इरफ़ान जितनी शिद्दत से हार्दिक के पीछे पड़े हैं, सोशल मीडिया पर लोग इनसे कई सवाल कर रहे हैं. कई लोगों को लगता है कि इरफ़ान कोई एजेंडा चला रहे हैं. तो कई लोगों का मानना है कि उनकी हार्दिक से कोई खुन्नस है. अब इन बातों में सच्चाई कितनी है, कोई नहीं जानता. लेकिन ट्वीट्स से इतना जरूर समझ आ रहा है कि कुछ तो गड़बड़ है.

वीडियो: हार्दिक पंड्या को प्रियॉरिटी देना बंद करे BCCI: इरफान पठान

Advertisement