The Lallantop

IPL2022: वर्ल्ड कप विनर कोच और प्लेयर को साइन करने के चक्कर में है लखनऊ फ्रैंचाइजी

जल्दी ही ऑफिशल हो सकती है कोचिंग टीम.

Advertisement
post-main-image
Ashish Nehra और MS Dhoni वाली टीम इंडिया को 2011 का वर्ल्ड कप Gary Kirsten की कोचिंग में ही मिला था (गेटी फाइल)
IPL2022 कुछ ही महीने दूर है. इस बार से टूर्नामेंट 10 टीमों का होगा. लखनऊ और अहमदाबाद के रूप में दो नई फ्रैंचाइजी IPL से जुड़ी हैं. ऑक्शन से पहले दोनों ही फ्रैंचाइजी अपने सपोर्ट स्टाफ की भर्ती के लिए हाथ-पांव मार रही हैं. और इसी सिलसिले में रिपोर्ट्स हैं कि RPGS-संजीव गोयनका की लखनऊ फ्रैंचाइजी ने पूर्व क्रिकेटर्स गैरी किर्सटेन और आशीष नेहरा से संपर्क साधा है. संजीव गोयनका ग्रुप ने 7090 करोड़ की सबसे ज्यादा बोली लगाकर लखनऊ फ्रैंचाइजी हासिल की थी. और वह इसके लिए अच्छे से अच्छा सपोर्ट स्टाफ तलाश रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि ग्रुप गैरी और आशीष के टच में है. लगातार बातचीत का सिलसिला जारी है. बता दें कि यह दोनों ही 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे. # फिर साथ दिख सकते हैं किर्सटेन और नेहरा टीम ने गैरी की कोचिंग में यह वर्ल्ड कप जीता था. जबकि आशीष वर्ल्ड कप विनिंग स्क्वॉड का हिस्सा थे. क्रिकबज़ के मुताबिक लखनऊ फ्रैंचाइजी ने गैरी और आशीष दोनों से बात की है. वे गैरी को हेडकोच जबकि आशीष को कंसल्टेंट बनाना चाहते हैं. दावा यहां तक है कि इस सिलसिले में फ्रैंचाइजी, गैरी और आशीष के बीच बाकायदा बातचीत हो चुकी है. हालांकि इस मामले में अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया है. रिपोर्ट के मुताबिक गोपनीयता के नियम के चलते दोनों ही दिग्गज इस मसले पर कोई कमेंट करने से बच रहे हैं. बता दें कि इंटरनेशनल टीमों के अलावा गैरी किर्सटेन ने साल 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को भी कोचिंग दी थी. टीम के बैटिंग कोच के रूप में काम करने के बाद उन्होंने हेड कोच की जिम्मेदारी भी निभाई थी. उन्होंने इस पद पर डैनिएल विटोरी को रिप्लेस किया था. इसके अलावा इस पूर्व साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ने 2011 से 2013 तक साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम को भी कोचिंग दी थी. जबकि टीम इंडिया के लिए उनका कार्यकाल 2011 वर्ल्ड कप तक था. आशीष नेहरा की बात करें तो वह 2017 तक इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव थे. साल 2017 की 1 नवंबर को न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20I मैच के साथ उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था. यह मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेला गया था.

Advertisement
Advertisement