The Lallantop

कल पंजाब से हैदराबाद हारा लेकिन नुकसान मुंबई का हो गया

आखिरी ओवर में पंजाब ने कमाल कर दिया.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल 2019. 22वां मैच. सनराइज़र्स हैदराबाद और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच. पंजाब ने ये मैच 6 विकेट्स से जीत लिया. टॉस भी पंजाब ने ही जीता था और अपने होम ग्राउंड पर पहले बॉलिंग करने का फ़ैसला लिया. इसके बाद उन्होंने टाइट बॉलिंग की और हैदराबाद को रन बनाने का मौका ही नहीं दिया. हैदराबाद ने अपने तय 20 ओवर में 150 रन बनाए. इस दौरान उनके 4 विकेट्स गिरे. इस लिहाज़ से उनकी बैटिंग थोड़ी सी ढीली रही. उन्हें हाथ खोलने के बहुत मौके नहीं मिले. ऐसा हम पिछले 2-3 मैचों से देखते हुए आ भी रहे हैं. खैर, पंजाब ने बैटिंग करनी शुरू की और क्रिस गेल जल्दी ही आउट हो गए. लेकिन इस टीम का दूसरा ओपनर यानी केएल राहुल आख़िरी तक क्रीज़ पर मौजूद रहे और किंग्स इलेवन पंजाब ने 1 गेंद रहते ये मैच जीत लिया. पंजाब की जीत और हैदराबाद की हार के पीछे की वजहें देखते हैं:

1. पॉवरप्ले में पंजाब की बॉलिंग

Mujeeb-Ur-Rahman IPL 2019 KXIP vs SRH पंजाब ने पॉवरप्ले में शानदार बॉलिंग की. जैसा कि हम शनिवार से देखते आ रहे हैं कि पहले बैटिंग करने वाली टीमें अपने पॉवरप्ले में रन्स काफ़ी कम बना पा रही हैं. यही काम आज भी हुआ. राजस्थान ने अपने पिछले मैच में 6 ओवर्स में सिर्फ़ 28 रन बनाए थे. आज हैदराबाद ने 27 रन बनाए. हैदराबाद को ये स्लो शुरुआत खल गई. डेविड वॉर्नर जो कि कमाल की फॉर्म में हैं, पॉवरप्ले का ज़रा भी फ़ायदा नहीं उठा पाए. पॉवरप्ले ख़त्म होने पर वॉर्नर 17 बॉल में 9 रन बनाकर खड़े थे और विजय शंकर 13 गेंदों में सिर्फ़ 9 रन. ओपनिंग बैट्समैन बेयरस्टो को मुजीब-उर-रहमान पहले ही कैच आउट करवा चुके थे. इसी ओवर में 8 रन आये थे जो कि पॉवर प्ले का सबसे बड़ा ओवर था. ये हैदराबाद की लचर शुरुआत बताता है.

2. केएल राहुल

KL Rahul IPL 2019 KXIP vs SRH केएल राहुल. एककंट्रोवर्सी के बाद वापसी हो रही है. वर्ल्ड कप स्लॉट लाइन पर है. बहुत कुछ दिमाग में चल रहा होगा. ऐसे समय में आईपीएल में शानदार खेल रहे हैं. 5 मैचों में तीसरा 50+  स्कोर है. इससे पहले उन्होंने चेन्नई के ख़िलाफ़ पचासा मारा था. केएल राहुल ने नाबाद 71 रन बनाए. ये 53 गेंदों में बने और यही रन पंजाब की इनिंग्स की नींव बने. इस दौरान केएल राहुल ने 1 छक्का और 7 चौके मारे. केएल राहुल कहते भी हैं कि जब वो आरसीबी में थे तो प्रेशर लेने के क्रम में वो काफ़ी नीचे आते थे क्यूंकि वहां कोहली, डिविलियर्स, गेल जैसे प्लेयर्स थे. लेकिन जबसे वो पंजाब में आये हैं, उनपर खूबजिम्मेदारियां हैं और ऐसे में उन्हें खेलने में मज़ा आता है. हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत में वो थोड़े ढीले दिख रहे थे लेकिन फ़िलहाल वो खूब एन्जॉय करते हुए खेलते दिख रहे हैं. केएल रौह्ल ने मयंक अग्रवाल के साथ 114 रनों की पार्टनरशिप भी बनाई. पॉइंट्स टेबल तक अगर पहुंचेंगे तो मालूम पड़ेगा कि किंग्स इलेवन पंजाब तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. यानी नुकसान मुंबई को हुआ है जो कि टॉप 4 से हटकर पांचवे नमबर पर खिसक गई. पंजाब के 6 मैचों में 8 पॉइंट्स हो गए हैं.  सनराइज़र्स हैदराबाद अब भी टॉप 4 में है और उसके 6 मैचों में 6 पॉइंट्स हैं.
लल्लनटॉप वीडियो देखिए-

Advertisement
Advertisement