आईपीएल 2019. एक मज़ेदार गेम. ऐसा गेम जिसमें वो टीमें खेल रही थीं जिन्होंने अब तक एक भी मैच जीता नहीं था. दोनों टीमें 3-3 मैच खेल चुकी थीं. अपने चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मैच जीत लिया. यानी राजस्थान ने फ़ाइनली पॉइंट्स टेबल में बोहनी कर ली है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अभी भी एक भी मैच नहीं जीत पाई है. इस मैच में राजस्थान ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग करने का फ़ैसला लिया. और ये श्रेयस गोपाल ने पूरी तरह से सही साबित किया. आरसीबी 20 ओवर में मात्र 158 रन बना पाई और राजस्थान ने ये मैच 7 विकेट से जीत लिया.
मैच राजस्थान के खाते में क्यूं आया और बैंगलोर एक बार फिर क्यूं हारी, देखते हैं:
1. गोपाल. श्रेयस गोपाल

आपकी टीम में एक बॉलर है. उसने विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और हेटमायर के विकेट लिए हैं. उसका क्या करेंगे? उसे सोने में तौलेंगे. राजस्थान रॉयल्स में एक स्पिनर है श्रेयस गोपाल. इन्होंने आज कोहली, डिविलियर्स और हेटमायर के विकेट लिए. आरसीबी के 3 सबसे भयानक बैट्समैन. कोहली को रॉन्ग वन पर श्रेयस ने जो बोल्ड मारा है, यकीन है कि इस विकेट को वो ज़िन्दगी भर याद रखेंगे. कोहली 25 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए. 2015 के आईपीएल के बाद ये पहली बार है जब कोहली ने 7 इनिंग्स में एक भी बार 50 या उससे ऊपर का स्कोर नहीं बनाया है. खैर, कोहली के अलावा श्रेयस ने अपनी ही बॉल पर डिविलियर्स का कैच लिया. वो 9 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हुए. इस एक चोट ने आरसीबी को पूरी तरह से बैकफ़ुट पर भेज दिया था. बैंगलोर की बैटिंग इन्हीं दो बैट्समेन ने इर्द गिर्द घूमती है. इसके बाद श्रेयस गोपाल की आख़िरी चोट हुई उनके तीसरे विकेट के रूप में. हेटमायर विकेट के पीछे आउट हुए. 9 गेंद में मात्र 1 रन बनाया. यहां आरसीबी के 3 विकेट 73 रन पर गिर चुके थे. इसके बाद उनके लिए रन बनाना और भी मुश्किल हो गया और वो 160 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके. मैन ऑफ़ द मैच श्रेयस गोपाल ही रहे. उन्होंने 4 ओवर में 1 मेडेन के साथ 12 रन दिए और 3 विकेट लिए.
2. स्मिथ और त्रिपाठी की पार्टनरशिप

राजस्थान रॉयल्स जब बैटिंग करने के इए उतरी होगी, बेहद आराम वाले मोड में उतरी होगी. उसे मालूम था कि 8 रन पर ओवर से भी कम रेट से रन बनाने थे. ऐसे में अजिंक्य रहाणे और जॉस बटलर ने बड़े आराम से पॉवरप्ले निपटाया और ओपनिंग पार्टनरशिप 60 तक ले गए. राजस्थान रॉयल्स आधा मैच तो यहीं जीत गई थी. इसके बाद तीसरे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ और राहुल त्रिपाठी ने अच्छी पार्टनरशिप की. दोनों ने मिलकर 38 गेंदों में 50 रन की पार्टनरशिप बनाई. इसने राजस्थान को जीत की तरफ़ धकेल दिया और ये सुनिश्चित किया कि राजस्थान ये मैच हार नहीं सकती. क्यूंकि इतने आसान मैच को ऐसी हालत में सिर्फ़ डेल्ही कैपिटल्स ही हार सकती है, जैसा कि हमने कल देखा था. राहुल त्रिपाठी ने 23 गेंदों में 34 रन बनाए और एक अच्छी इनिंग्स खेली. इस मैच में कुछ बातें जिनपर गौर किया जाना चाहिए. 1. राजस्थान रॉयल्स ने वरुण ऐरॉन को क्यूं खिलाया? क्या वो अच्छे बल्लेबाज़ हैं? जवाब है - नहीं. फिर वो बॉलर की हैसियत से खेल रहे होंगे. अगर ऐसा है तो उनसे मात्र 1 ही ओवर क्यूं फिंकवाया गया? वो भी तीसरे बॉलिंग चेंज के रूप में? अपने एकमात्र ओवर में वरुण ने 16 रन दिए. 2. श्रेयस गोपाल ने एक ही मैच में विराट कोहली और एबी डिविलियर्स का विकेट पहली बार नहीं लिया है. ऐसा उन्होंने अप्रैल 2018 में बैंगलोर में भी किया था. वो मैच भी राजस्थान रॉयल्स ने ही जीता था. संजू सैमसन ने मैच में 92 रन बनाये थे.