The Lallantop

बुमराह अगर क्रिकेट की जगह कंचे खेलता तो अंटी साधने में उसका कोई जोड़ नहीं होता

दिल्ली के ख़िलाफ़ ये रन-आउट इस बात का सबसे बड़ा सबूत है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल 2019. मुंबई इंडियन्स वर्सेज़ डेल्ही कैपिटल्स. मुंबई ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने का फ़ैसला लिया. आईपीएल में ऐसा बहुत ही कम देखने को मिलता है जब टॉस जीत कर कोई टीम पहले बैटिंग करे. ये वैसा ही एक मौका था और दिन के अंत में मुंबई ने अपने इस फ़ैसले को एकदम सही साबित किया. मुंबई ये मैच 40 रनों से जीत गई. डेल्ही कैपिटल्स मात्र 128 रन ही बना सकी. सिर्फ़ शिखर धवन ही 30 रनों का आंकड़ा पार कर सके. राहुल चाहर ने 3 विकेट्स निकाले. लेकिन यहां बात है मैच के अंत की. डेल्ही की बैटिंग थी और 18वां ओवर चल रहा था. गेंद जसप्रीत बुमराह के हाथ में थी. जसप्रीत ने बहुत ही कम रन दिए थे और हमेशा की तरह मुंबई का साथ दे रहे थे. पहली गेंद उन्होंने अक्षर पटेल को फ़ेंकी. पटेल ने गेंद को टैप भर किया और क्रीज़ से बाहर निकल पड़े. लेकिन एक ही पल में उन्हें इस बात का एहसास हुआ कि बॉल काफ़ी पास में है और वो दौड़े तो बुमराह खुद उन्हें आउट कर सकते हैं. उन्होंने रन लेने का मन बदल दिया. लेकिन तब तक नॉन स्ट्राइकिंग एंड पर खड़े कीमो पॉल काफ़ी बाहर आ चुके थे और आधी पिच पार कर के खड़े थे. वापस जाने की सोची लेकिन तब तक बुमराह ने गेंद उठा ली थी. विकेट्स पर कोई भी नहीं खड़ा था. उन्हें समझ में आ गया था कि या तो डायरेक्ट हिट लगेगी और वो आउट होंगे. या फिर वो बच जायेंगे. उन्होंने दौड़ना बंद कर दिया. बुमराह ने एक जगह खड़े होकर अंटी लगाई और गेंद फ़ेंक के मारी. लकड़ी में लगी नारंगी लाइटें जल उठीं. डेल्ही कैपिटल्स का 7वां विकेट 107 रनों पर गिर चुका था.

Advertisement
Advertisement