6 अप्रैल 2019 की रात को हैदराबाद में एक करिश्मा हुआ. 22 साल का एक लड़का आया और सब लूट ले गया. मैच भी, दिल भी, रिकॉर्ड भी, प्लेयर ऑफ़ दी मैच अवॉर्ड भी. रात बारह बजे के बाद अचानक से दुनिया गूगल पर अल्ज़ारी जोसेफ़ सर्च करने लगी. 12 सीज़न से जो रिकॉर्ड कायम था, उसे जोसेफ़ ने तोड़ दिया है. वो भी अपने पहले ही मैच में. लिस्ट में पहले सीज़न से शिखर पर बैठे सोहेल तनवीर को जोसेफ़ ओवरटेक कर गए. सनराइज़र्स हैदराबाद की तगड़ी बैटिंग को तहस-नहस कर डाला. जब मैच ख़त्म हुआ तब उनके आंकड़े थे - 3.4 ओवर, 12 रन, 6 विकेट.अल्ज़ारी जोसेफ़. उम्र - महज़ बाइस साल. रिहाइश - एंटीगुआ, वेस्ट इंडीज पेशा - राईट आर्म फास्ट बॉलिंग लेटेस्ट उपलब्धि - आईपीएल के सबसे शानदार बॉलिंग आंकड़े अपने नाम किए.
क्या हुआ मैच में?
मुंबई इंडियंस ने हैदराबाद के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 136 रन बनाए. ये रन भी रोते-झींकते ही बने थे. अगर पोलार्ड ने आखिरी दो ओवर में 39 रन नहीं बनाए होते तो इतना स्कोर भी दूर का सपना लग रहा था. जब हैदराबाद चेज़ करने उतरी तो लग रहा था कि आसानी से चेज़ कर लेगी. लेकिन उन्हें क्या पता था उनके साथ 'जोसेफ़' होने वाला है. वो आया, उसने देखा और फिर उसने लंका लगा दी. कुछ यूं रहा सिलसिला:# जोसेफ़ ने सबसे पहला विकेट तूफानी बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर का लिया. आईपीएल के अपने पहले ओवर की पहली ही बॉल पर. ऑफ साइड की गेंद को उड़ाने के चक्कर में वॉर्नर उसे स्टंप्स पर खींच बैठे. # दूसरा विकेट था विजय शंकर का. गेंद उन पर चढ़ सी गई. शॉट खेलते ही पहले हवा में फिर हार्दिक पंड्या के हाथों में चली गई. # तीसरा नंबर लगा दीपक हूडा का. छक्का मारना चाहते थे, स्टंप्स उखड़ गए. # चौथा विकेट अगली ही बॉल पर आया. स्टार खिलाड़ी राशिद ख़ान का. राशिद चकमा खा गए और हवा में उछली गेंद को जोसेफ़ ने खुद कैच कर लिया. # पांचवां विकेट रहा कप्तान भुवनेश्वर कुमार का. भुवि गेंद मारने के चक्कर में ऑफ साइड में चले गए और जोसेफ़ ने मिडल स्टंप उड़ा दिया. # छठा, रिकॉर्ड बनाने वाला, विकेट था सिद्धार्थ कौल का. ऑफ साइड पर लेंथ बॉल, कौल के बल्ले का किनारा लेकर कीपर के हाथों में समा गई.रिकॉर्ड बन चुका था. और अभी जोसेफ़ का बॉलिंग कोटा भी पूरा नहीं हुआ था. 2 गेंदें बाकी थीं. सोहेल तनवीर के 11 साल और 12 सीज़न पुराने आंकड़े ओवटेक कर लिए गए थे. उनके फिगर्स थे - 4 ओवर, 14 रन, 6 विकेट. जोसेफ़ के हैं - 3.4 ओवर, 12 रन, 6 विकेट. टीवी पर कमेंटेटर्स चिल्ला रहे थे, "धिस इज़ फेयरीटेल". सचमुच! कोई परिकथा ही तो है ये! विकेट्स यहां देख लीजिए:












