The Lallantop

वर्ल्ड कप से पहले रोहित शर्मा की ये तस्वीर कोई नहीं देखना चाहेगा

प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोटिल होते दिखे.

Advertisement
post-main-image
प्रैक्टिस सत्र के दौरान रोहित शर्मा को चोट लग गई है.
आईपीएल चल रहा है. बमचक कट रहा है. बेंगलोर का तो पत्ता ही कटता नज़र आ रहा है. मुंबई इंडियंस के लिए भी बुरी खबर आ रही है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट मुताबिक टीम के कप्तान रोहित शर्मा को चोट लग गई है. 10 अप्रैल को मुंबई और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच खेला जाना है. इसी मैच की तैयारी करते हुए रोहित मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस सत्र के दौरान चोटिल हो गए हैं. प्रैक्टिस के दौरान उन्हें दाईं जांघ में चोट लगी है. चोट के बाद रोहित मैदान में ही गिर गए थे. जिसके बाद टीम के फिजियो नितिन पटेल आए और उन्हें वापस ड्रेसिंग रूम में ले गए. नितिन पटेल भारतीय टीम के लिए फिजियो भी रह चुके हैं. रोहित की चोट कितनी गंभीर है. वह कब तक मैदान में लौट जाएंगे इसको लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल जानकारी मुंबई इंडियंस या बीसीसीआई ने नहीं दी है. बीसीसीआई 15 अप्रैल को वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों को चुनेगी. ऐसे में उससे ठीक पहले रोहित की यह चोट सिलेक्शन कमिटी के सरदर्द हो सकती है. उम्मीद करें कि रोहित शर्मा कि चोट ज्यादा गंभीर न हो और वह जल्द ही मैदान में लौट सकें. Rohit Sharma इससे पहले मुंबई इंडियंस के तेज़ बॉलर जसप्रीत बुमराह भी चोटिल हो गए थे लेकिन उन्होंने जल्द ही रिकवरी कर ली. उन्होंने आईपीएल का एक भी मैच नहीं मिस किया. इस एक चोट के बाद सनराइजर्स के खिलाफ खेलते हुए बुमराह की दाईं आंख के ऊपर काले धब्बे का निशान देखा गया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुमराह को यह चोट फील्डिंग प्रैक्टिस के दौरान आया था. कैच की प्रैक्टिस करते हुए गेंद उनके हाथों के बीच से निकल कर आंख पर लग गई थी लेकिन इस चोट का उन पर कोई गंभीर असर नहीं हुआ था और वह मैच खेले थे. पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस पांचवें स्थान पर है. मुंबई अब तक पांच मैच खेल चुकी है  जिसमें 3 में उसे जीत मिली है. कप्तान रोहित शर्मा ने इस सीजन में अब तक 5 मैच खेलकर सिर्फ 118 रन बना सके हैं. रोहित ने 23.6 की औसत से रन बनाए हैं.
वीडियो- विराट कोहली की टीम RCB ने हार के मामले में 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है

Advertisement
Advertisement