The Lallantop

रिद्धिमान साहा : जिससे कनपुरियों ने पूछा, बोर्नवीटा क्यों नहीं पिया बे?

आज बड्डे है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
हाल ही में कानपुर में एक टेस्ट मैच हुआ. 22 सितंबर से 26 सितंबर. इंडिया वर्सेज़ न्यूज़ीलैंड. किस्सा सामने आया. जो आना ही था. मैच कानपुर में था. ऐसी वैसी जगह नहीं. सिद्धार्थ मोंगा ने कह सुनाया. कानपुर यानी वो शहर जहां थोड़ा तन्न-भन्न करने वाली बात कही तो कंटाप पड़ता है. जहां आज भी बेटा अपने बाप को जवाब नहीं देता. क्यूंकि पान मसाला बिना पूरा पैसा वसूले थूकना कानपुर की सहूलियत में शामिल नहीं है. कानपुर यानी लोहा सिंह का शहर. जो एक नंबर का बिजली चोर है, लेकिन दावा करता है कि हराम की नहीं खाता है. वो कानपुर जहां आदमी को तुरंत औकात में ला दिया जाता है. वो कानपुर जहां अम्पायर सीके नंदन अपना नाम खुलकर नहीं कह सकते. उसी कानपुर की पावन धरती पर अपने पांव रख रिद्धिमान साहा बैटिंग के लिए उतर रहा था. धोनी के रिटायरमेंट के बाद खाली हुई जगह के लिए एकमात्र विकल्प. रिद्धिमान साहा. कानपुर का आदमी इस कदर बीजी रहिता है कि उसे रंजी-उंजी देखने की छुट्टी नहीं रहती. कानपुर का आदमी ये सब बवाल में पड़ जाए तो ओबामा का बट्टा बईठ जाए. कानैपुर को तो मैनचेस्टर ऑफ़ ईस्ट कहिते थे. और लिहाजा एक पेवर कनपुरिये को रिद्धिमान साहा कउन है, कईसे है, नहीं मालूम रहिता है. आईपीएल भी देखे तो कईसे? या तो लेट नहीं आवेगी. लेट आई तो अम्मा का सीरियल चालू हुई जाता है. इस्क्रीन पर नाम पढ़ा तो मालूम पड़ा कौनो साहा है. पीछे से आवाज आई, "बंगाली बकलोल है." टिकट पवेलियन के बगल में ही मिला था तो खिलाड़ी आता-जाता दिख रहा था. इसी बीच साहा उतरा तो मगज में कई सवाल कौंधे. सब रोक लिए. "ई खेल लेगा बे?" कद-काठी देख के विश्वास नहीं हो रहा था कि ये 'बंगाली बकलोल' न्यूज़ीलैंड के बॉलर्स का सामना कर पायेगा. साहा उतर चुके थे. 4 मिनट पूरे ही होने वाले थे कि दूसरी गेंद पर बोल्ड हो गए. वापस लौट आये. कानपुर की जनता को सभी सवालों का जवाब मिल चुका था. "ससुर लुड़ुस निकले." कानपुर अपना फ़ैसला सुना चुका था. ये बम्बई नहीं था जहां सचिन हाय-हाय के नारे लगते. ये कानपुर था. आदमी या तो सूरमा रहिता है या फिर लुड़ुस. साहा क्या थे, बच्चा-बच्चा जान गया था. लेकिन एक बात का जवाब अभी भी ढूंढा जा रहा था. साहा लौट रहे थे. पवेलियन में घुसने वाले थे. तभी सीढ़ियों के किनारे खड़े एक हजरात पूछ बैठे, "अबे बोर्नवीटा नहीं पिए हो का कभी? थोड़ा बढ़ जाते तो ठीक रहिता." बस यही कानपुर का फ़लसफ़ा है. इत्ता सा. लम्बे होने के लिए बोर्नवीटा पीता है. नहीं कुछ समझ में आया तो अगले से ही जवाब मांग लेता है. कोई झिझक नहीं. कोई हिचक नहीं.

कानपुर से निकलना आसान नहीं है. मगर फ़िलहाल ज़रूरी है.

Advertisement
रिद्धिमान साहा. इन्डियन क्रिकेट में मैच फ़िक्सिंग स्कैंडल के बाद कप्तानी संभालने के अलावा इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी शायद ही इससे पहले किसी ने ली हो. विकेटों के पीछे खड़े रहने में धोनी के उत्तराधिकारी होने की ज़िम्मेदारी. कानपुर के बाद टीम इंडिया सीधे कलकत्ता पहुंची. ईडेन गार्डन्स में दो बंगाली प्लेयर्स साहा और शमी के खेलने के बावजूद सबसे ज़्यादा शोर उठा जब दादा मैदान में पहुंचे. शायद ये अधिकार दादा ने अपने हिस्से में करवा लिया है. हमेशा-हमेशा के लिए. साहा के लिए लोगों के मन में अभी भी मन में संशय था. लेकिन कुछ मुट्ठी भर लोग (ईडेन की कैपेसिटी के हिसाब से) जो आये थे, उन्होंने अपने प्रदेश के विकेटकीपर को टीम को संभालते हुए देखा. पहले विकेट के आगे फिर पीछे भी. धोनी का नाम शायद इतना बड़ा है कि साहा अपने बोर्नविटा के बिना बढ़े कद को लेकर उनकी परछाईं के नीचे दबे रहते हैं. जबकि वो उतनी ही सटीक कीपिंग कर रहे हैं, जितनी एक कीपर से अपेक्षा की जाती है. धोनी आम इंसान नहीं हैं, मशीन हैं, हम सभी जानते हैं. कानपुर की बातें और यादें अभी भी ज़ेहन में होंगी. जब साहा बैटिंग करने उतरे थे. इंडिया पिछले 3 विकेट 13 रन में खो चुकी थी. नयी गेंद आने वाली थी. साहा आ चुके थे. ऐसे में दिमाग वाली इनिंग्स की दरकार होती है. नयी गेंद आने के ठीक पहले, साहा ने छक्का जड़ा. और यहीं बहुत कुछ तय हो चुका था. इंडिया को 220-230 का स्कोर नहीं चाहिए था. कम से कम 350. पहली इनिंग्स में उस पिच पर उससे कम स्कोर बहुत ख़राब परफॉरमेंस दिखाता. विकेट्स बचाने थे. साथ ही रन भी बनाने थे. नयी गेंद कुछ गड़बड़ भी कर सकती थी. साहा ने उल्टा अटैक करना शुरू किया. जीतन पटेल की एक लम्बी फेंकी गेंद को लॉफ्ट कर दिया. कानपुर में बोल्ट की डिलीवरी के सामने वो पकड़े गए थे. एलबीडब्लू हुए. यहां वो परेशान नहीं हुए. उन्हें लाइन से हटकर ऑफ साइड में खेलना पसंद है. बोल्ट को वैसे ही मारा. 22 गेंद में 14 रन बनाये. दिन ख़त्म. SAHA 3 अगली सुबह अश्विन को ग़लत अम्पायरिंग डिसीज़न के चलते खो देने के बाद भी साहा ने एक एंड पकड़ के रखा. नयी बॉल से अच्छा खेला. बाउंड्री के चक्कर में पड़े बिना, रनिंग पर ध्यान दिया. कई जगह एक के दो किये. बंगाली टीम-मेट मोहम्मद शमी के साथ अच्छी स्ट्राइक रोटेट की. इसी दौरान चोट लगी. ठीक उसी जगह जहां सेंट लूशिया में लगी थी. सूजे हुए हाथ के साथ. मगर बावजूद इस चोट के, उनका बल्ला लगातार गेंदों पर चोट कर रहा था. इनिंग्स के अंत तक ये हाल हो चुका था कि शमी के साथ साहा ने न्यूज़ीलैंड को फ्रस्ट्रेट कर दिया था. उसने शुरुआती ओवर्स रोक के खेले और जब फ़ील्ड ऊपर आ गयी तो चौके मारने शुरू किये. और सबसे बेहतरीन शॉट था इनसाइड आउट खेला गया लॉफ्टेड शॉट जिसने साहा की फ़िफ्टी पूरी की. उस वक़्त भी उसे मालूम था कि उसका काम अभी खतम नहीं हुआ था. उसने न हेलमेट निकाला न बल्ला उठाया. बस एक थम्ब्स अप, ड्रेसिंग रूम की तरफ़. SAHA 6 ये इंडियन टीम के लिए एक बेहद अच्छा संकेत है. अब एक ऐसा बैट्समैन आया है, जो जितना बैट्समैन है, उतना ही विकेटकीपर भी है. टी-20 के बाद से टीमें ऐसे बैट्समैन तलाशने लगी है जो विकेट कीपिंग भी कर ले. मगर साहा इस मामले में एक अपवाद हैं. एक सुखद अपवाद. एक सिक्योरिटी का एहसास देने वाले अपवाद.

Advertisement
Advertisement