The Lallantop

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं दिखेंगे कोहली समेत ये पांच स्टार्स!

कोहली के बाद अब रोहित भी नहीं खेलेंगे कानपुर टेस्ट!

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली और टीम इंडिया के खिलाड़ी जश्न मनाते हुए ( फोटो क्रेडिट : PTI)
टीम इंडिया के टेस्ट उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में टीम की कप्तानी करते हुए दिखेंगे. कप्तान विराट कोहली पहले टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे. और उनकी अनुपस्थिति में रहाणे टीम की अगुवाई करेंगे. जबकि रोहित शर्मा भी पहले टेस्ट मैच में आराम कर सकते हैं. इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में कोहली और रोहित शर्मा टीम इंडिया से जुड़ेंगे. बता दें कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 25 नवंबर से कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद 3 दिसंबर से दूसरा टेस्ट वानखेड़े स्टेडियम में होना है. गौरतलब है कि T20 विश्वकप के बाद कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है. खुद कप्तान कोहली ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज और पहले टेस्ट मैच में ना खेलने का फैसला किया है. रोहित शर्मा को स्थाई रूप से भारतीय T20 टीम का कप्तान बनाया गया है. इसलिए वह T20 सीरीज में टीम इंडिया की अगुवाई करेंगे. रही बात अजिंक्य रहाणे की. तो हमेशा की तरह कोहली की अनुपस्थिति में वह टेस्ट टीम को लीड करेंगे. इससे पहले खबर ये आ रही थी कि रोहित शर्मा पहले टेस्ट में कप्तानी करेंगे. और दूसरे टेस्ट में उन्हें आराम देने का प्रस्ताव था. बता दें कि अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारत ने बढ़िया प्रदर्शन किया है. ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया ने ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती. इससे पहले साल 2017 में धर्मशाला टेस्ट में भी रहाणे ने अपनी कप्तानी में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दिलाई थी. अब तक रहाणे ने पांच टेस्ट मैचों में भारत को लीड किया है. चार में जीत मिली है और एक टेस्ट ड्रॉ हुआ है. फिलहाल, अजिंक्य रहाणे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं. टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान नहीं हुआ है. लेकिन खबर है कि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं. जबकि पहले टेस्ट में रोहित के ना रहने की स्थिति में केएल राहुल के साथ शुभमन गिल या मयंक अग्रवाल पारी की शुरुआत कर सकते हैं. इसके अलावा ऋषभ पंत को भी आराम दिया जाएगा. और उनकी जगह टेस्ट सीरीज में ऋद्धिमान साहा विकेटकीपिंग करेंगे.

Advertisement
Advertisement