भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले दूसरे वनडे मैच पर संकट के बादल छा गए हैं. सीरीज बचाने को भारत के लिए ज़रूरी ये मैच अब शायद ही हो. ऐसा इसलिए क्योंकि 'आजतक' ने अपने एक स्टिंग में फिक्सिंग का खुलासा किया है. ये न मैच फिक्सिंग है न स्पॉट फिक्सिंग. एकदम नए तरह की फिक्सिंग यानी 'पिच फिक्सिंग' को कैमरे पर रिकॉर्ड किया गया है. कैमरे में पुणे के पिच क्यूरेटर पांडुरंग सलगांवकर ने पिच की तैयारी पर गोपनीय जानकारी कैमरे के सामने उजागर की. BCCI के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने आजतक के खुलासे पर कहा कि मैच पर फैसला ICC के मैच रेफरी लेंगे. BCCI पिच क्यूरेटर पर कड़ी कार्रवाई करेगी.
पुणे वनडे से पहले हो गई फिक्सिंग, अब ये खेल 'ज़मीन' से जुड़ गया है
इस फिक्सिंग से पूरा का पूरा मैच बदल सकता है.

कैमरे पर यह बोला पिच क्यूरेटर?
रिपोर्टर ने पिच क्यूरेटर से अपने दो प्लेयरों के लिए पिच में कुछ बदलाव के लिए कहा, जिस पर पांडुरंग एक दम राज़ी हो गए. पिच क्यूरेटर ने कहा कि जो पिच हमने तैयार की है, उस पर 337 रनों तक का स्कोर हो सकता है. इसे आराम से चेज़ किया जा सकता है.
रिपोर्टर के कहने पर पांडुरंग उसे पिच दिखाने को भी राज़ी हो गए, जबकि नियम के अनुसार पिच पर कप्तान और कोच के अलावा मैच से पहले कोई नहीं जा सकता है. वहीं पिच क्यूरेटर ने कहा कि वह कुछ ही मिनटों में पिच का मिजाज़ बदल सकते हैं. उन्होंने पिच पर कील वाले जूते पहनकर जाने की भी इजाज़त दी. पिच क्यूरेटर पैसों के लिए पिच को बदलने के लिए राज़ी भी हो गए. पिच क्यूरेटर पांडुरंग सलगांवकर खुद क्रिकेट खेले हुए हैं, वह अपने ज़माने में तेज़ गेंदबाज रह चुके हैं. इसके बावजूद वो डील के लिए तैयार हो गए. इससे पहले भी पिच को लेकर पांडुरंग सलगांवकर की आलोचना हो चुकी है. कुछ समय पहले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट मैच के लिए पुणे की पिच को घटिया बताया गया था.

रिपोर्टर ने अपनी बातचीत के दौरान साफ कहा कि हम इसका इस्तेमाल बुकी के साथ करेंगे. इसके बावजूद भी उन्होंने पिच में बदलाव की बात कही. जब रिपोर्टर ने डील के लिए पैसों की बात कही तो पांडुरंग ने कहा कि वह पहले मैच देख लें, डील हो गई है. पैसों को बाद में शेयर कर सकते हैं. पांडुरंग ने बताया कि हम पांच मिनट में पिच का नेचर चेंज कर सकते हैं. उन्होंने समझाया कि अगर थोड़ी से मिट्टी गिरा देंगे, बोतल से पानी गिरा देंगे. पिच पर जूता घिस देंगे तो पिच खराब होगी, जिससे उसका नेचर आसानी से बदल जाएगा.
BCCI करेगी कार्रवाई
आजतक के खुलासे पर BCCI के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि BCCI खुलासे पर कड़ी कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि अभी उन्हें पूरे मामले का नहीं पता है, लेकिन इससे सख्ती से निपटा जाएगा. इस मुद्दे पर महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष से बात की गई है. उनसे कहा गया है कि अब पांडुरंग को मैदान पर नहीं जाने दिया जाना चाहिए.
देखिए पूरा स्टिंग













