The Lallantop

भारत ने पाकिस्तान को हराया, अंडर-18 हॉकी एशिया कप से किया बाहर

टूर्नामेंट का फाइनल मैच 6 जून को खेला जाएगा. जहां भारत की टीम जापान के खिलाफ खेलेगी.

Advertisement
post-main-image
भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप से किया बाहर. (Photo-Hockey India)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारत ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
  • मैच के दौरान पाकिस्तान के डिफेंस में हुई गलतियों और आशीष पूरती की पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल ने भारत को बढ़त दिलाई।
  • भारत की जीत से टीम ने फाइनल में जगह बनाई है, जो 6 जून को जापान के खिलाफ खेला जाएगा।

अंडर-18 हॉकी एशिया कप (U18 Men Asia Cup) में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया है (India beat Pakistan). दोनों टीमों के बीच रोमांचक सेमीफाइनल मैच खेला गया. एक समय 2-3 से पिछड़ रही इंडियन हॉकी टीम ने 5-3 से यह मैच जीत लिया. इसके साथ ही भारत ने फाइनल में जगह बना ली है.

Advertisement
भारत ने हासिल की लीड

मैच के पहले हाफ से ही दोनों टीमों के बीच टक्कर दिखाई दी. दोनों टीमें मिड-फील्ड पर कंट्रोल के लिए लगातार कोशिशें कर रही थीं. पाकिस्तान ने अपने डिफेंस में गलती की, जिससे भारत के लिए 12वें मिनट पर एक मौका बना. पेनल्टी स्ट्रोक दिया गया. भारत की ओर से आशीष पूरती ने इसे गोल में बदल दिया. इंडियन टीम ने मैच में 1-0 की लीड ले ली. पहले क्वार्टर में इस गोल के अलावा कोई गोल नहीं हुआ.

पाकिस्तान का पलटवार

दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने जबरदस्त अटैक दिखाया. 16वें मिनट में ही उन्हें पेनल्टी कॉर्नर मिल गया. अहमद उजैर ने दमदार ड्रैगफ्लिक खेली, लेकिन आयूष रजक और अंश ने इसे डाइवर्ट कर दिया. 

Advertisement

27वें मिनट में अदील ने भारतीय डिफेंस को छकाकर फील्ड गोल किया, और स्कोर को 1-1 से बराबर हो गया. इसके बाद दूसरे हाफ में भारत ने फिर से लीड हासिल की. 35वें मिनट में शाहरुख अली ने दूसरा गोल दागा. लेकिन 37वें मिनट में उजैर अहमद ने गोल करके पाकिस्तान को बराबरी दिला दी. 

इस समय तक माहौल काफी इंटेंस हो गया था. दोनों टीमें अपने डिफेंस को मजबूत करने पर ध्यान दे रही थीं. इस बीच भारतीय खेमे ने एक गलती की और पाकिस्तान ने इसका फायदा उठा लिया. उजैर अहमद कुरैशी ने अपनी सटीक ड्रैगफ्लिक को गोल में बदलकर मैच में पहली बार पाकिस्तान को बढ़त दिलाई.  

यह भी पढ़ें- पूर्व क्रिकेटर बना नीरज चोपड़ा के लिए खतरा, एशियन गेम्स में देगा कड़ी टक्कर! 

Advertisement
आशीष की हैट्रिक हुई पूरी

फाइनल क्वार्टर में दोनों टीमें काफी अटैकिंग खेलीं. प्रेशर में पाकिस्तानी खिलाड़ी मुजामिल साईद से गलती हुई और उन्हें ग्रीन कार्ड मिला. भारत के खाते में एक और पेनल्टी कॉर्नर आया. 49वें मिनट में आशीष ने गोल किया और स्कोर को 3-3 से बराबर कर दिया. 

भारत को इसके बाद बैक टू बैक कई कॉर्नर मिले, लेकिन पाकिस्तान ने गोल नहीं होने दिया. आखिरकार 53वें मिनट में आशीष ने हैट्रिक लगाई, और भारत ने पहले 4-3 की लीड ले ली. कुछ देर में ये लीड 5-3 की हो गई. फाइनल हूटर बजते-बजते स्कोरलाइन यही रही. भारतीय टीम ने मैच जीत लिया, और पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.

टूर्नामेंट का फाइनल मैच 6 जून को खेला जाएगा. जहां भारत की टीम जापान के खिलाफ खेलेगी.

वीडियो: Rishabh Pant की Test Vice-Captaincy क्यों गई? Gautam Gambhir ने बताई वजह

Advertisement