टीम इंडिया ने गॉल में पहला टेस्ट मैच 165 रनों से जीत लिया. अब 23 अगस्त से उन्हें कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर सीरीज का अंतिम मुकाबला खेलना है. इस अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया के प्लेइंग XI को लेकर एक सवाल सभी के मन में है. क्या कुलदीप यादव कोलंबो में प्लेइंग XI का हिस्सा होंगे? दरअसल, ये सवाल इसलिए क्योंकि कुलदीप यादव का गॉल में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था. लेकिन, अब इस सवाल का जवाब खुद टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने दे दिया है.
कुलदीप यादव कोलंबो में खेलेंगे या नहीं? स्पिन बॉलिंग कोच ने सब साफ कर दिया
Ind vs SL Colombo Test : श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया को सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेलना है. इस अहम मुकाबले से पहले Kuldeep Yadav के सेलेक्शन को लेकर स्पिन बॉलिंग कोच Sairaj Bahutule ने सब साफ कर दिया है.

भले ही गॉल में कुलदीप का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. लेकिन, इंडियन टीम मैनेजमेंट उन्हें नज़रअंदाज करने के पक्ष में नहीं है. स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले को भरोसा है कि कुलदीप कोलंबो में जरूर वापसी करेंगे. उनके मुताबिक, कुलदीप एक मैच विनर हैं. वो टीम इंडिया के प्लांस का अहम हिस्सा हैं. ऐसे में कोलंबो में उन्हें ड्रॉप करने का तो सवाल ही नहीं उठता.
दरअसल, गॉल टेस्ट में कुलदीप ने दोनों पारियों में कुल 25 ओवर फेंके थे. इस दौरान उन्हें पहली इनिंग्स में सिर्फ एक सफलता मिली थी. उन्होंने शुभमन गिल के हाथों कमिंदु मेंडिस को 14 रन पर कैच आउट कराया था. उस पारी में उन्होंने 14 ओवर में 65 रन दिए. वहीं, दूसरी इनिंग्स में उन्होंने 11 ओवर बॉलिंग की थी. इस दौरान उन्होंने 38 रन दिया था. लेकिन, कोई विकेट हाथ नहीं लगा था.
सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहुतुले ने कुलदीप को बैक किया. उन्होंने कहा,
वह बहुत अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं. गॉल में हालात ऐसे थे कि उन्हें एक अलग भूमिका निभानी पड़ी. मेरे लिए, वह हमेशा से मैच विनर रहे हैं. निश्चित रूप से वो टीम के प्लांस का हिस्सा हैं.
दरअसल, कुलदीप के पोजिशन को लेकर सवाल उठाने के पीछे सिर्फ उनका परफॉर्मेंस नहीं था. टीम इंडिया के बाकी दोनों स्पिनर्स मानव सुथार और रविंद्र जडेजा की तुलना में उनके आंकड़े काफी साधारण थे. इन दोनों ने मिलकर श्रीलंकाई बैटिंग लाइनअप के 20 में से 14 विकेट्स निकाले थे. वहीं, कुलदीप को सिर्फ एक सफलता मिली थी.
खास तौर पर मानव ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था. उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट्स निकाले थे. वहीं, जडेजा को 4 सफलताएं मिली थीं. पहली इनिंग्स में सुथार को जहां 4 विकेट्स मिले थे, जडेजा ने भी 3 शिकार किए थे. इन दोनों की जबरदस्त बॉलिंग का ही नतीजा था कि टीम इंडिया के 462 रन के जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 284 रनों पर सिमट गई थी.
ये भी पढ़ें : 22 साल बाद मिला इंसाफ! टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर की रेलवे की नौकरी तक चली गई थी
बहुतुले ने क्यों किया बैक?हालांकि, बहुतुले का मानना है कि कंडीशंस कुलदीप की खास तरह की बॉलिंग शैली के अनुकूल नहीं थे. उनके मुताबिक, कूकाबुरा बॉल एक बार शाइन खो देती है तो काफी सॉफ्ट हो जाती है. इसके कारण रिस्ट स्पिनर के लिए इससे मिलने वाली मदद भी काफी कम हो जाती है. यही वजह रही कि जडेजा और मानव जैसे फिंगर-स्पिनर्स को इससे काफी मदद मिली. वहीं, कुलदीप जैसे रिस्ट स्पिनर्स के लिए इसमें मदद लगभग न के बराबर थी. बहुतुले ने आगे बताया,
सभी स्पिनर्स को सॉफ्ट बॉल के साथ स्ट्रगल करना पड़ता है. लेकिन, फिंगर-स्पिनर्स के लिए कॉम्पेरिटिवली आसान होता है. रिस्ट स्पिनर के लिए इससे मदद पाना मुश्किल होता है क्योंकि बॉल के सॉफ्ट होने पर उसकी सीम नीचे बैठ जाती है.
बहुतुले ने साथ ही बताया कि पिच के स्लो होने पर कुलदीप से अपनी बॉलिंग की ट्रैजेक्टरी और स्पीड में चेंज करने को कहा गया था. उन्होंने आगे कहा ,
मुझे नहीं लगता कि सिर्फ एक मैच से यह तय होता है कि वह कैसा खेल रहे हैं. उनका खेलने का तरीका क्या है? कुलदीप ने अपनी भूमिका के हिसाब से खुद को ढालने की पूरी कोशिश की थी.
कोलंबो में 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में कुलदीप के पास अलग तरह की पिच पर खुद को साबित करने का मौका होगा. भारत ने गॉल में 165 रनों की शानदार जीत के साथ सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है. यह श्रीलंका की ज़मीन पर उनकी लगातार छठी टेस्ट जीत भी थी. लेकिन, क्लीन स्वीप ही उनके वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को जिंदा रख सकता है. इस अहम मुकाबले के बाद अब भारतीय टीम को 2 मैच न्यूजीलैंड से उनके घर पर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच अपने घर पर खेलना है.
वीडियो: कुलदीप यादव ने गौतम गंभीर को क्या चुनौती दे दी?











