The Lallantop

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्या ओपन करेंगे शुभमन गिल? चेतेश्वर पुजारा ने क्या कहा?

केएल राहुल के सीरीज से बाहर होने के बाद ये सवाल खड़ा हो गया है?

Advertisement
post-main-image
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे? (फोटो – पीटीआई)
Ind vs NZ के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 25 नवंबर से शुरू होने वाली है. इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली नहीं खेल रहे है. टीम के लिए ओपन करने वाले रोहित शर्मा को भी दोनों टेस्ट मैच में आराम दिया गया है. और अब केएल राहुल भी चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसे में भारत की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इस पर खूब चर्चा हो रही है. इन्हीं सवालों का जवाब पहले टेस्ट मैच में भारत के लिए उप-कप्तानी कर रहे है चेतेश्वर पुजारा ने दिया है. उन्होंने कहा है कि शुभमन गिल टीम का हिस्सा होंगे. लेकिन वो किस पोजिशन पर खेलेंगे ये अभी बता नहीं सकते. #शुभमन गिल पर क्या बोले चेतेश्वर पुजारा? स्पोर्ट्स वेबसाइट 'स्पोर्टसकीड़ा' से बात करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने ये माना कि शुभमन गिल अपने डेब्यू के बाद से ही बढ़िया क्रिकेट खेल रहे है. उन्होंने बताया कि पुजारा न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले मैच में खेलने के लिए उत्सुक भी हैं. इसी पर अपनी बात आगे रखते हुए पुजारा ने कहा,
‘वो किस पोजिशन पर खेलेंगे, इस स्टेज पर इसका खुलासा नहीं कर सकता. वो (शुभमन गिल) एक टैलेंटेड प्लेयर हैं और निश्चित रूप से वो टीम का हिस्सा होंगे. तो उनको ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है. जब से उन्होंने डेब्यू किया है, तब से वो अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं.’
शुभमन गिल इंजरी के कारण इंग्लैंड सीरीज में नहीं खेल पाए थे. इस पर बात करते हुए पुजारा बोले,
‘ये दुर्भाग्यपूर्ण था कि वो इंग्लैंड में नहीं खेल पाए थे. लेकिन वो टैलेंटेड प्लेयर हैं और मुझे व्यक्तिगत रूप से ऐसा नहीं लगता कि मुझे उन्हें कुछ बताने की जरूरत है.’
प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान भी चेतेश्वर पुजारा से दोबारा पूछा गया कि शुभमन गिल किस नंबर पर आकर बल्लेबाजी करेंगे. इस बार उन्होंने सवाल कोच राहुल द्रविड़ पर डाल दिया. कहा,
‘राहुल भाई यहां हैं. वो सही गाइड करेंगे. मुझे लगता है कि उनको सिर्फ अपना स्वाभाविक खेल खेलना होगा. मैं वो पोजिशन नहीं बता सकता, जिस पर वो बल्लेबाजी करेंगे. लेकिन वो पूरी तरह से तैयार हैं. और मुझे यकीन है कि वो सीरीज़ में अच्छा करने की ओर देख रहे हैं.’
चेतेश्वर पुजारा भले साफ ना बता रहे हों, लेकिन इसकी काफी संभावना है कि शुभमन गिल टीम के लिए ओपन करते नजर आएं. वजह है केएल राहुल का चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो जाना. ऐसे में मयंक अग्रवाल के साथ शुभमन गिल ओपनिंग करते हुए नज़र आ सकते है.

Advertisement
Advertisement