The Lallantop

रोहित शर्मा ने कोहली के किस बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है?

रोहित ने रिकॉर्ड की बरसात कर दी..

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली और रोहित शर्मा ( फोटो क्रेडिट : PTI/AP)
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का शानदार प्रदर्शन जारी है. रोहित ने लगातार दूसरे T20I मैच में में पचासा जड़ दिया है. और पचासा लगाते ही हिटमैन रोहित शर्मा ने विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है. T20I में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर करने के मामले में रोहित ने कोहली को पीछे छोड़ दिया है. विराट कोहली ने 87 T20I पारियों में अब तक 29 बार 50 प्लस स्कोर किया है. जबकि रोहित शर्मा ने 111 T20I पारियों में कुल 30 बार फिफ्टी प्लस स्कोर कर लिया है. जिसमें 26 अर्धशतक और चार शतक भी शामिल हैं. बता दें कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ तीसरे T20I मैच में रोहित ने 31 गेंदों में 56 रन की पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए. इतना ही नहीं, छक्कों के मामले में भी रोहित ने एक स्पेशल क्लब में एंट्री मारी है. दरअसल, हिटमैन ऐसे सिर्फ दूसरे बल्लेबाज़ बने हैं. जिन्होंने T20I क्रिकेट में 150 छक्के लगाए हैं. उनसे पहले न्यूज़ीलैंड के ही ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने 150 छक्के मारने का कारनामा किया था. जानकारी के लिए बता दें कि रोहित दुनिया के एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं. जिन्होंने टेस्ट में 50 प्लस, वनडे में 100 प्लस और T20I में 150 प्लस छक्के लगाए हैं.  इसके अलावा बतौर कप्तान रोहित का ये न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चौथा T20I अर्धशतक भी रह. इस मामले में रोहित के साथ केन विलियमसन संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज हैं. बतौर कप्तान विलियमसन ने भी पाकिस्तान के खिलाफ T20I में चार बार फिफ्टी प्लस स्कोर किया है. भारत और न्यूज़ीलैंड मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम के लिए बल्लेबाज़ी की शुरुआत रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन ने की. दोनों खिलाड़ियों के बीच 69 रन की साझेदारी हुई. रोहित शर्मा के 56 और दीपक चाहर के 8 गेंद में 21 रन की पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 20 ओवर्स में 184 रन बनाए. मैदान पर 185 रन का लक्ष्य लेकर उतरी न्यूज़ीलैंड को शुरुआत में ही झटके लगने शुरु हो गए. अक्षर पटेल ने लगातार अंतराल पर न्यूज़ीलैंड की शुरुआती तीन विकेट निकाल दिए. इसके बाद मार्टिन गुप्टिल 51 और टिम साइफर्ट 17 के बीच छोटी साझेदारी ज़रूर हुई लेकिन वो भी जल्दी ही टूट गई. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन भी बनाए. 17.2 ओवर में टीम 111 रन पर ऑल-आउट हो गई.

Advertisement
Advertisement