सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर Anjali Arora बड़ी मुसीबत में फंसती नज़र आ रही हैं. पिछले दिनों कानपुर के एक इवेंट से नाराज़ होकर निकलना उन्हें काफी महंगा पड़ गया है. ऑर्गनाइजर्स का आरोप है कि अंजली ने 45 मिनट परफॉर्म करने के पैसे लिए थे. मगर वो 12 मिनट बाद ही वहां से चली गईं. गुस्से में आयोजकों ने उन्हें 1.2 करोड़ का नोटिस भेज दिया है.
गुस्सा होकर अंजली अरोड़ा ने 12 मिनट में स्टेज छोड़ा, अब भरना पड़ेगा 1.2 करोड़ का हर्जाना!
ऑर्गनाइज़र्स का कहना है कि अंजली अरोड़ा के अचानक स्टेज छोड़ने से उन्हें 20 लाख का नुकसान हुआ है. अब ऐसे होगी उसकी भरपाई?

ऑर्गनाइजर्स का पक्ष रखने वाले एडवोकेट करीम अहमद सिद्दीकी के अनुसार, 15 अक्टूबर को कानपुर में नगाड़ा नाइट्स ऑर्गनाइज़ किया गया था. इसमें अंजली अरोड़ा को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया. इसके लिए 3 लाख रुपए की फीस तय हुई. इसमें से 2.75 लाख पहले ही अलग-अलग बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दिए गए थे. यही नहीं, अंजली और उनकी टीम के चार लोगों के खाने-पीने, रहने और फ्लाइट टिकट्स का खर्च भी इवेंट वालों ने ही उठाया. इन सबमें लगभग एक लाख रुपए का खर्च आया.
एडवोकेट के मुताबिक, 15 अक्टूबर को अंजली शाम 4 बजे कानपुर एयरपोर्ट पहुंच चुकी थीं. मगर फिर वो बाकी बचे पैसे देने तक बाहर न आने की ज़िद करने लगीं. जब उन्हें पूरे पैसे दिए गए, उसके बाद ही वो एयरपोर्ट से निकलीं. रिपोर्ट के मुताबिक, अंजली को रात 9 से 9:45 बजे तक परफॉर्म करना था. लेकिन वो मंच पर पहुंचीं ही 9:45 पर. वहां करीब 12 मिनट तक डांस करने के बाद उनकी आयोजकों से कहा-सुनी हो गई. दरअसल, DJ ने तब मंच पर 'कच्चा बादाम' गाना प्ले कर दिया था. अंजली के वायरल होने में सबसे बड़ा योगदान इसी गाने का है. लेकिन स्टेज पर इसे प्ले किए जाने से वो भड़क गईं, जिसका वीडियो पिछले दिनों इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ था. ऑर्गनाइजर्स के साथ बहस के बाद अंजली उस इवेंट से चली गईं.
हालांकि अंजली ने 19 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर तीन वीडियो पोस्ट कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि वो 'कच्चा बादाम' गाना बजने से नाराज़ नहीं थीं. उन्हें तो इससे पहचान मिली है. असल में वो इसलिए भड़की थीं क्योंकि लोग उनकी पर्सनल लाइफ़ में दखल दे रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि होटल में उनके कमरे की घंटी बार-बार बजाई जा रही थी. साथ ही कई लोग फोटो खिंचवाने के बहाने वहां तक पहुंच गए थे. इन सबसे वो अन्कम्फर्टेबल हो गईं. जबकि आयोजक अमन निगम का दावा है कि होटल में अंजली के टीम मेंबर्स के अलावा दो बाउंसर्स भी थे.
जो भी हो, आयोजकों का कहना है कि अंजली के मंच छोड़ने से स्पॉन्सर्स काफी नाराज़ हो गए. इस कारण उन्होंने पूरी पेमेंट नहीं की और ऑर्गनाइजर्स को लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हो गया. दावा है कि इस विवाद के कारण आयोजकों की इमेज को तो ठेस पहुंची ही, साथ ही उन्हें काफी स्ट्रेस का सामना भी करना पड़ा. इसलिए उन्होंने अंजली को 1.20 करोड़ का कानूनी नोटिस भेजा है. एक करोड़ उन्हें सामाजिक और मानसिक ठेस पहुंचाने के लिए. वहीं 20 लाख रुपए इवेंट को हुए नुकसान के बदले मांगे गए हैं. आयोजकों की शर्त है कि अंजली न केवल इस नुकसान की भरपाई करें, बल्कि पब्लिकली माफ़ी भी मांगें. उनके ऐसा न करने पर पुलिस में FIR करवाई जाएगी. और अगर किन्हीं वजहों से पुलिस ने केस दर्ज़ नहीं किया, तो आयोजकों ने कोर्ट जाने की धमकी दी है. खबर लिखे जाने तक अंजली ने इस मसले पर कोई कमेंट नहीं किया है.
वीडियो: सोशल लिस्ट: अंजलि अरोड़ा और HC वर्मा की अलग फोटो साथ में क्यों हो रही हैं वायरल?











