The Lallantop

रोहित को कप्तानी मिलते ही बदल गया भारत-न्यूज़ीलैंड T20I का इतिहास!

कप्तानी में भी 'हिट' हैं हिटमैन शर्मा.

Advertisement
post-main-image
पहली तस्वीर में रोहित शर्मा और टिम साउदी, दूसरी तस्वीर में मैच जिताने के बाद डेरिल मिचेल से गले लगते ऋषभ( फोटो क्रेडिट : PTI)
जयपुर में खेले गए पहले T20 मैच में टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया. और इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की T20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. जीत के हीरो सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने 40 गेंदों में 62 रन की पारी खेली. जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने 48 रन की शानदार पारी खेली. इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 164 रन बनाए. टीम की तरफ से मार्क चैपमैन ने 50 गेंदों में 63 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने छह चौके और दो छक्के भी लगाए. जबकि सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने 42 गेंदों में 70 रन ठोके. गप्टिल ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए. जवाब में टीम इंडिया ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम की तरफ से रोहित ने पांच चौके और दो छक्के की मदद से 36 गेंदों में 48 रन बनाए. इसके बाद सूर्या ने छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 62 रन की तेज तर्रार पारी खेली. बता दें कि भारत और न्यूज़ीलैंड (INDvsNZ) T20I मैच में ये पहला मौका था, जब भारत में चेज करके किसी टीम ने जीत हासिल की हो. इससे पहले पांच दफा दोनों टीमें भारत में ही भिड़ी थी. और हर बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की थी. लेकिन अब सिलसिला टूट गया है. इतना ही नहीं, भारत में बतौर कप्तान रोहित शर्मा का ये 10वां T20I मुकाबला भी था. और इस दौरान रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने नौ बार जीत हासिल की. सिर्फ एक बार बांग्लादेश के खिलाफ हार मिली थी. वैसे ये भी दिलचस्प है कि द्विपक्षीय सीरीज में भारत का पलड़ा न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भारी रहता है. लेकिन ICC टूर्नामेंट में कीवियों के आगे भारत पस्त हो जाता है. बता दें कि ICC टूर्नामेंट में आखिरी बार भारत ने न्यूज़ीलैंड को साल 2003 में हराया था. इसके बाद से कीवियों ने हमें कभी मौका नहीं दिया है. T20I विश्वकप में दोनों टीमें तीन मर्तबा आमने-सामने हुई है. और तीनों ही मौकों पर भारत को न्यूज़ीलैंड ने हराया है. लेकिन T20I विश्वकप के बाहर भारत और न्यूज़ीलैंड में 15 बार भिड़ंत हुई है. जिसमें मेन इन ब्लू ने नौ बार जीत हासिल की है. और छह बार कीवियों को जीत मिली है. बताते चलें कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरा T20I मैच 19 सितंबर को रांची में खेला जाएगा. इसके बाद 21 सितंबर को तीसरा और आखिरी T20I मैच ईडन गार्डन में खेला जाएगा.

Advertisement
Advertisement