टीम इंडिया के लिए टेस्ट खेलना अब सिर्फ़ ड्रीम नहीं होगा. प्लेयर्स इसमें खेलकर पहले से ज्यादा पैसे भी कमा सकते हैं. जी हां, भारत ने धर्मशाला में जैसे ही इंग्लैंड को पारी और 64 रन से हराया. BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने इसकी घोषणा कर दी.
रोहित ने इंग्लैंड को पीटा तो जय शाह ने इंसेंटिव में 'लुटा' दिए लाखों!
Team India ने इंग्लैंड को पांच मैच की टेस्ट सीरीज़ में 4-1 से हरा दिया है. धर्मशाला में हुआ पांचवां मैच तो पूरे तीन दिन भी नहीं चला. और इसके खत्म होते ही Jay Shah ने टीम के लिए इंसेंटिव की घोषणा कर दी.

जय शाह ने X पर लिखा,
‘मुझे सीनियर मेंस के लिए 'टेस्ट क्रिकेट इंसेंटिव स्कीम' की शुरुआत की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जिसका उद्देश्य हमारे सम्मानित एथलीट्स को फ़िनांशल ग्रोथ और स्टैबिलिटी देना है.
2022-23 सीज़न से शुरू होकर, 'टेस्ट क्रिकेट इंसेंटिव स्कीम' टेस्ट मैचेज़ के लिए 15 लाख रुपये की मौजूदा मैच फीस से अलग एक अतिरिक्त इनाम संरचना के रूप में काम करेगी.’
इस पोस्ट में उन्होंने इस स्ट्रक्चर को समझाया भी है. मान लीजिए, भारतीय टीम एक सीज़न में नौ टेस्ट खेलती है. अगर आपने चार से कम टेस्ट खेले, तो आपको अलग से कुछ नहीं मिलेगा. अगर आपने पांच से छह टेस्ट खेले, तो आपको हर मैच का तीस लाख मिलेगा. अगर आप प्लेइंग इलेवन में नहीं हैं तो हर मैच का पंद्रह लाख घर ले जाएंगे.
जबकि, अगर आप सात या इससे ज्यादा टेस्ट खेलते हैं, तो आपको हर टेस्ट का 45 लाख मिलेगा. अगर आप टीम में रहते हुए प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रहते, तो आपको हर टेस्ट का 22.5 लाख मिलेगा. अब अगर बात भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ की करें तो बैज़बॉल खेलने भारत आए इंग्लैंड वालों ने पहला टेस्ट अपने नाम कर लिया था.
यह भी पढ़ें: 'इसी के तो पैसे' अपनी टीम को बचाने आए कुक को वॉ ने अच्छे से सुना दिया
लेकिन इसके बाद टीम रोहित ने गज़ब का पलटवार किया. टीम इंडिया ने बचे हुए चारों मैच फ़ुल पावर में जीते. इंग्लैंड एक दफ़ा भी गेम में नहीं दिखा. धर्मशाला में हुए सीरीज़ के आखिरी मैच को तो भारत ने तीसरे दिन के दूसरे सेशन में ही निपटा दिया. इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था. ओपनर्स ने थोड़ी देर तक संघर्ष किया, लेकिन इंग्लिश मिडल ऑर्डर एक बार फिर फेल रहा.
इंग्लैंड वाले 218 रन पर ही सिमट गए. भारत के लिए कुलदीप यादव ने पांच, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट निकाले. इसके बाद आई भारत की बैटिंग. टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर ने इस मैच में इंग्लैंड के बोलर्स को जमकर धुना. भारत ने पहली पारी में 477 रन बनाए. टीम के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने सेंचुरी मारी. जबकि यशस्वी, सरफ़राज़ और डेब्यू कर रहे देवदत्त पडिक्कल ने पचासे जड़े.
इंग्लैंड अपनी दूसरी पारी में और बुरा खेला. इस बार अंग्रेज 195 रन पर ही सिमट गए. जो रूट ने सबसे ज्यादा, 84 रन की पारी खेली. भारत के लिए इस बार अश्विन ने पांच विकेट लिए.
वीडियो: रोहित-शुभमन की बैज़बॉल में कुटाई देख अपनी ही टीम पर क्या बोले अंग्रेज!











