The Lallantop

चौथे दिन बाहर से आए लोगों ने मैच रुकवा दिया!

काफी देर रुकने के बाद शुरू हुआ मैच.

Advertisement
post-main-image
Mohammed Siraj की शिकायत के बाद Team India से बात करते Umpires (एपी फोटो)
भारत-ऑस्ट्रेलिया सिडनी टेस्ट के चौथे दिन एक बार फिर से नस्लभेदी टिप्पणी का मामला सामने आया है. टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने चौथे दिन चाय से पहले दर्शकों के बीच से आ रहे कमेंट्स की शिकायत की. दरअसल सिराज बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे, तभी मैदान के अंदर आए दर्शकों में से किसी ने उनसे कुछ बातें कहीं. सिराज ने तुरंत इसकी शिकायत कप्तान अजिंक्य रहाणे से की और कप्तान रहाणे ने तुरंत अंपायर को इस बारे में जानकारी दी. कप्तान रहाणे और सिराज की शिकायत के बाद मैच काफी देर के लिए रुका रहा. फील्ड अंपायर इस शिकायत के बाद मैदान की उस दिशा में गए जहां से सिराज पर कमेंट्स किए जा रहे थे. सिराज की शिकायत के बाद पुलिस अधिकारी और मैच ऑफिशियल्स मैदान में दर्शकों के बीच गए और इस घटना का मुआयना किया. पुलिस अधिकारियों ने वहां खड़े कुछ लोगों से पूछताछ भी की और आखिर में मैदान के उस भाग से पहले चार लोगों के एक ग्रुप को हटाया गया. जिसके बाद कुछ और लोगों को वहां से हटा दिया गया. मैच के बीच आई लंबी रुकावट के बाद एक बार फिर से मैच को शुरू किया गया. ऐसा नहीं है कि सिडनी में जारी तीसरे टेस्ट में पहली बार ऐसी घटना हुई है. बीते दिन शाम में भी सिराज पर कुछ लोगों ने मैदान के बाहर से नस्लभेदी कमेंट्स किए थे. जिसके बाद सिराज ने तुरंत अंपायर्स को इस घटना की शिकायत दे दी थी. क्रिकेट के मैदान पर अकसर मैदान के बाहर से दर्शकों के द्वारा खिलाड़ियों पर टिप्पणी की जाती है. लेकिन जब बात हद से बाहर हो जाती है तो खिलाड़ी इसकी शिकायत करते हैं. सिडनी के मैच में चौथे दिन चाय के वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी दूसरी पारी घोषित कर भारत के सामने 407 रनों का लक्ष्य रखा है. जिसके जवाब में भारत ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट खोकर 98 रन बना लिए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement