भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में रनों का अंबार लगा दिया. अभिषेक लंबे समय बाद अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आए. महज दो मैचों में अभिषेक ने 121 रन ठोक दिए. इसी के साथ उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को भी ICC रैंकिंग में पीछे छोड़ दिया.
अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान का धुआं उड़ाकर पाकिस्तान के साहिबजादा को पछाड़ दिया
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में 82 रन बनाए थे. दूसरे मैच में उन्होंने 39 रन बनाए. उन्हें इन पारियों का फायदा मिला है.

भारत और अफगानिस्तान के बीच दो टी20 मैचों के बाद इस फॉर्मेट की रैंकिंग अपडेट हुई है. अभिषेक शर्मा ने पहले टी20 में 82 और दूसरे टी20 में 39 रन बनाए. इन पारियों के कारण उन्हें ताजा T20 रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है. अभिषेक तीसरे स्थान से छलांग लगाकर अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं. उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को रिप्लेस किया, जो कि दूसरे स्थान पर थे. वहीं ईशान किशन अपने पहले स्थान पर काबिज हैं.
ताजा रैंकिंग में भारतीय वाइस कैप्टन तिलक वर्मा को नुकसान हुआ है. वह अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले सातवें स्थान पर थे. हालांकि अब वह आठवें स्थान पर खिसक गए हैं. टी20 रैंकिंग के टॉप 10 में तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं.
गेंदबाजों की बात करें तो यहां स्थिति थोड़ी अलग है. यहां टॉप पांच में केवल एक ही भारतीय है. वरुण चक्रवर्ती को दो स्थानों का फायदा हुआ है. वह सातवें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं लंबे समय बाद वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है. भारतीय पेसर सात स्थान की छलांग लगाकर अब टॉप 10 में एंट्री मार चुका है. बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दो टी20 मैचों में दो विकेट लिए थे. वह पांच महीने बाद टी20 सीरीज खेल रहे हैं. उन्होंने अपना पिछला टी20 मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. इसके बाद वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए उन्हें टी20 फॉर्मेट से दूर रखा गया.
यह भी पढ़ें- डोपिंग के लिए पहली बार एक भारतीय कोच पर आजीवन बैन लगा
भारतीय टीम भी रैंकिंग में टॉप स्थान पर है. टीम के 269 अंक है. दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के 268 अंक हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज क्लीन स्वीप करते हुए भारत अपना पहला स्थान और मजबूत कर सकता है.
वीडियो: पहले गाने से माहौल बनाने के बाद 'रामायण' अब क्या बड़ा खेल खेलने वाली है?











