इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली और वाइस कैप्टन रोहित शर्मा ने ताजा जारी ICC वनडे रैंकिंग में अपनी टॉप पोजिशन बरकरार रखी है. कोहली जहां पहले वहीं रोहित दूसरे नंबर पर हैं. बोलर्स में ऑस्ट्रेलिया सीरीज के जरिए चोट से वापसी करने वाले पेसर जसप्रीत बुमराह भी नंबर वन बोलर बने हुए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में हुआ तीसरा वनडे जीतकर भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी. इस मैच में रोहित ने सेंचुरी मारी थी जबकि कोहली ने 89 रन की पारी खेली थी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा 183 रन बनाने वाले कोहली को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया था. रोहित शर्मा 171 रन के साथ दूसरे नंबर पर रहे.
# दोनों का फायदा
कोहली (886 पॉइंट्स) और रोहित (868 पॉइंट्स) ने इस सीरीज से दो और तीन रेटिंग पॉइंट्स कमाए. इसके साथ ही उन्होंने रैंकिंग के पहले दोनों स्थानों पर अपना कब्जा और मजबूत कर लिया. पाकिस्तान के बाबर आज़म 829 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर हैं. चौथे नंबर पर साउथ अफ्रीका के फाफ डुप्लेसी जबकि पांचवे नंबर पर न्यूज़ीलैंड के रॉस टेलर हैं. सीरीज के पहले मैच में सेंचुरी मारने वाले दोनों ऑस्ट्रेलियन ओपनर, डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है. वॉर्नर जहां छठे वहीं फिंच 10वें नंबर पर हैं. न्यूज़ीलैंड के केन विलियमसन सातवें, इंग्लैंड के जो रूट आठवें और साउथ अफ्रीका के क्विंटन डि कॉक नौवें नंबर पर हैं.
बाएं हाथ के ओपनर शिखर धवन सात स्थानों के फायदे के साथ 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं. KL राहुल 21 स्थानों की छलांग लग 50वें नंबर पर हैं. सीरीज में सबसे ज्यादा, 229 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ रैंकिंग में 23वें नंबर पर हैं.
बोलर्स की बात करें तो जसप्रीत बुमराह 764 पॉइंट्स के साथ बोलर्स की लिस्ट में टॉप पर हैं. उन्हें इस सीरीज में सिर्फ एक विकेट मिला था. रैंकिंग में न्यूज़ीलैंड के ट्रेंट बोल्ट दूसरे जबकि अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान तीसरे नंबर पर हैं. टॉप फाइव में बाकी के दो बोलर साउथ अफ्रीका के कगीसो रबाडा और ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस हैं.
रोहित शर्मा सचिन, सहवाग और गांगुली को पीछे कर नंबर 1 बैट्समैन बन गए!