The Lallantop

धुआं... और धमाका! कप्तान रियान पराग की ड्रेसिंग रूम वाली 'वाइब' पर BCCI का तगड़ा फाइन

रियान को एक डीमेरिट पॉइंट भी दिया गया है. इस मामले में 30 अप्रैल 2026 को सुबह नोटिस जारी किया गया था. रियान पराग ने अपनी गलती मान ली और बिना अपील किए जुर्माना स्वीकार कर लिया है.

Advertisement
post-main-image
RR के कप्तान पर प्लेयर्स कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.1 और 2.21 के तहत कार्रवाई हुई. (फोटो- PTI)

IPL 2026 में मैच के दौरान वेपिंग करते हुए दिखे राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग पर जुर्माना लगा दिया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस गलती के लिए रियान पर मैच फीस का 25% फाइन लगाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

BCCI ने रियान पराग पर लेवल 1 का ऑफेंस माना. RR के कप्तान पर प्लेयर्स कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.1 और 2.21 के तहत कार्रवाई हुई. धारा 2.21 गेम की इज्जत खराब करने वाले आचरण से जुड़ी है. मैच रेफरी अमित शर्मा ने इस मामले में फैसला सुनाया.

रियान पराग की मैच फीस का 25% फाइन लगाया गया है. उनकी इस सीजन की सैलरी 14 करोड़ रुपये है, इसलिए एक मैच की फीस करीब 1 करोड़ रुपये मानी जाती है. इस हिसाब से जुर्माना लगभग 25 लाख रुपये बनता है.

Advertisement

इसके अलावा उनको एक डीमेरिट पॉइंट भी दिया गया है. इस मामले में 30 अप्रैल 2026 को सुबह नोटिस जारी किया गया था. रियान पराग ने अपनी गलती मान ली और बिना अपील किए जुर्माना स्वीकार कर लिया है.

क्यों माना गया गंभीर आरोप?

ड्रेसिंग रूम IPL स्टेडियम का हिस्सा होते हैं. यहां स्मोकिंग और वेपिंग पूरी तरह बैन है. BCCI के नियमों के मुताबिक, खिलाड़ियों को मैदान, डगआउट और ड्रेसिंग रूम में ऐसे काम नहीं करने चाहिए जो खेल की इमेज खराब करें. हालांकि, कोड ऑफ कंडक्ट में ड्रेसिंग रूम वेपिंग के लिए कोई अलग से सजा नहीं मेंशन की गई है, इसलिए BCCI ने धारा 2.21 का इस्तेमाल किया. ये पहला ऐसा मामला था, इसलिए सजा हल्की रखी गई. BCCI ने कहा कि टीम, अधिकारियों और खिलाड़ियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई के विकल्प भी देखे जा रहे हैं ताकि IPL की प्रतिष्ठा बनी रहे. बोर्ड ने अपने बयान में बताया,

"BCCI अब ऐसी गलती करने वाली टीम, उसके अधिकारियों और खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने के लिए दूसरे विकल्पों पर भी विचार कर रहा है. बोर्ड का मकसद ये सुनिश्चित करना है कि IPL की प्रतिष्ठा बनी रहे."

Advertisement
क्या हुआ था?

28 अप्रैल 2026 को मुल्लानपुर में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ IPL का मैच नंबर 40 खेला जा रहा था. राजस्थान रॉयल्स दूसरी पारी में 223 रनों का टारगेट चेज कर रही थी. रियान पराग अपना विकेट गंवाने के थोड़ी देर बाद ड्रेसिंग रूम में बैठे थे. उसी समय वो कैमरे में वेप करते हुए कैद हो गए. उनके साथ कुछ साथी खिलाड़ी भी मौजूद थे.

ये क्लिप मैच के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. जिसके बाद चर्चा शुरू हो गई कि ड्रेसिंग रूम जैसी जगह पर ये करना सही है या नहीं. BCCI ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की.

वीडियो: आईपीएल 2026 में अभी तक रियान पराग का बल्ला नहीं चला, टीम क्या गणित लगा रही?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement